June 20, 2026

पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 119 वी जयंती की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं-

Spread the love

👉 *पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 119 वी जयंती की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं*

 

 

✒️ *कोरोना एलर्ट:उत्‍तर प्रदेश में फ‍िर बढ़ने लगी कोरोना संक्रम‍ितों की संख्‍या, लखनऊ में सर्वाधिक 47 मरीज*

उत्तर प्रदेश में कोरोना से संक्रमित 21 नए रोगी मिले। सहारनपुर में चार, लखनऊ, प्रयागराज, गौतम बुद्ध नगर व गाजियाबाद में तीन-तीन, आगरा में दो और हमीरपुर, मेरठ व अमरोहा में एक-एक नया रोगी मिला है। वहीं 15 मरीज स्वस्थ हुए हैं। नए मिले मरीजों के मुकाबले कम रोगी स्वस्थ होने के कारण सक्रिय केस लगातार बढ़ रहे हैं। अब सक्रिय केस बढ़कर 216 हो गए हैं। बीते तीन दिसंबर को 93 सक्रिय केस थे। 19 दिनों में दो गुणा से अधिक बढ़ोतरी हुई है। यूपी में बीते 17 दिसंबर को कोरोना के ओमिक्रोन वैरिएंट से संक्रमित दो मरीज गाजियाबाद में मिल चुके हैं। ऐसे में यहां पर सतर्कता के सभी जरूरी उपाय किए जा रहे हैं। अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि बीते 24 घंटे में 1.84 लाख लोगों की कोरोना जांच की गई। अब तक कुल 9.10 करोड़ लोगों की कोरोना जांच कराई जा चुकी है। अब पाजिटिविटी रेट 0.01 प्रतिशत। अब तक कुल 17.10 लाख लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं और इसमें से 16.87 लाख रोगी ठीक हो चुके हैं। रिकवरी रेट 98.6 प्रतिशत है। प्रदेश में इस समय सबसे ज्यादा 47 कोरोना रोगी लखनऊ में हैं। दूसरे नंबर पर 30 मरीज गौतम बुद्ध नगर में हैं। तीसरे नंबर पर गाजियाबाद में 25 रोगी हैं। इस समय 36 जिलों में कोरोना के मरीज हैं और 39 जिले कोरोना के संक्रमण से मुक्त हैं।

✒️ *ओमिक्रॉन एलर्ट:दिल्ली हवाई अड्डे पर जांच में हर पांच में से एक मरीज ओमिक्रॉन संक्रमित, राजधानी हॉटस्पॉट बनने की ओर*

कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। इंस्टीट्यूट ऑफ जीनोमिक एंड इंटीग्रेटिव बायोलॉजी(आईजीआईबी) का कहना है कि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर परीक्षण करने वाले प्रत्येक पांच यात्रियों में से एक मामला ओमिक्रॉन का मिल रहा है।मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, एक वरिष्ठ वैज्ञानिक ने कहा कि आईजीआईबी में हर दिन 15 से 20 नमूनों का अनुक्रम किया जा रहा था। दिल्ली में दो दिसंबर को तंजानिया से लौटे 37 वर्षीय व्यक्ति में ओमिक्रॉन का पहला मामला सामने आया था। पिछले 20 दिनों में यह संख्या 57 हो गई है। पिछले 24 घंटों में इस वैरिएंट के तीन नए मामलों की पुष्टि हुई है। जो डेल्टा वैरिएंट की तुलना में तीन गुना अधिक संक्रामक है।

✒️ *ओमिक्रोन एलर्ट:भारत के 15 राज्‍यों में में ओमिक्रोन वैरिएंट के सामने आए 236 मामले, केंद्र ने उपलब्‍ध करवाई 147 करोड़ से अधिक खुराक*

भारत में कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रोन के अब तक कुल 236 मामले सामने आ चुके हैं। अब तक देश के 15 राज्‍यों में इसके मामले सामने आ चुके हैं। इसके सबसे अधिक मामले दिल्‍ली में सामने आए हैं। इसके बाद महाराष्‍ट्र का नंबर है।हरियाणा में भी इस वैरिएंट का मामला अब सामने आ चुका है। तमिलनाडु में इसके मामलों की संख्‍या बढ़कर 34 हो गई है। इस वैरिएंट से उपजे हालातों का जायजा लेने के लिए आज पीएम मोदी एक समीक्षा बैठक भी करने वाले हैं। केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के मुताबिक भारत में 60 फीसद से अधिक योग्य आबादी को अभी पूरी तरह से टीका लगाया गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि “और नए कारनामे कर रहे हैं! बधाई भारत। हमारे स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की सार्वजनिक भागीदारी और समर्पित प्रयासों से समर्थित, 60% से अधिक योग्य आबादी को अब पूरी तरह से टीका लगाया गया है।” केंद्र ने कोरोना रोधी टीके की राज्‍यों और केंद्र शासित प्रदेशों को करीब 147.48 करोड़ से अधिक खुराक उपलब्‍ध करवाई हैं।

 

✒️ *चौधरी चरण सिंह, जिनकी याद में मनाया जाता है किसान दिवस*

चौधरी चरण सिंह की कर्मभूमि रहा है मेरठ,यहां के मेरठ कालेज से उन्होंने एलएलबी के बाद में यहीं वकालत भी की।चौधरी चरण सिंह का पश्चिमी कचहरी रोड, स्थित उल्फत राय क्वार्टर 237 नंबर में उनका निवास हुआ करता था। छोटे से मकान में रह कर उन्होंने वकालत की शुरुआत की थी, तीन-चार साल वह यहां रहे। बाद में उन्होंने यह मकान अपने मुंशी शिवचरण दास को दे दिया था। महत्वपूर्ण बात यह है कि इस मकान में बिजली का बिल आज भी चौधरी चरण सिंह के नाम से आता है।चौधरी साहब का कार्यालय नीचे था और ऊपर वह परिवार के साथ रहते थे।पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह ने इकोनामिक नाइट मेयर आफ इंडिया समेत कई महत्वपूर्ण पुस्तकें लिखीं। चौधरी साहब का मानना था कि ऐसे उद्योग सृजित होने चाहिए, जिनमें श्रम की मांग ज्यादा हो, जिससे अधिक लोगों को रोजगार मिल सके।महाभारत से जुड़ी कथाएं लोक शैली में गाते थे और सुनने के भी शौकीन थे। 1977 में पतला इंटर कालेज होली समारोह हुआ था। उसमें उन्होंने लोक गीत गाए और सुने थे।किसानों के मसीहा कहे जाने चौधरी चरण सिंह की आज जयंती है। इस मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री को पूरा देश नमन कर रहा है। चौधरी साहब का जन्म 23 दिसंबर 1902 को यूपी के हापुड़ में हुआ था। चौधरी चरण सिंह ने हमेशा ही किसानों के हित के लिए संघर्ष किया और कई महत्‍वपूर्ण फैसले लिए। उन्‍होंने जुलाई 1979 से जनवरी 1980 तक देश के प्रधानमंत्री के तौर पर कार्यकाल के दौरान किसानों के उत्‍थान और विकास के लिए अनेक अहम नीतियां बनाईं। बाद में उनके यह प्रयास सफल भी हुए और किसानों के हालातों में काफी सुधार भी दिखा। उनकी कई योजनाओं को आज भी याद किया जाता है।

 

✒️ *वेस्‍ट यूपी में चौधरी चरण सिंह को जयंती पर किया जा रहा शत शत नमन*

मेरठ,बागपत और आसपास के जिलों में आज किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह की जयंती मनाई जा रही है। मुजफ्फरनगर के मोरना में चौधरी चरण सिंह की जयंती पर सामाजिक संगठनों व राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों ने किया शत-शत नमन। मेरठ में भी चौधरी साहब को नमन किया। कई स्‍थानों पर हवन का आयोजन भी रखा गया है। वही बागपत में लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील सिंह के नेतृत्व में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का जन्मदिन मनाया जायेगा।जयंती के मौके पर बड़ी संख्‍या में लोग हवन आदि के आयोजन में भाग लेंगे।

 

✒️ *अच्छी खबर:दिल्ली से आई योगी आदित्यनाथ के लिए अच्छी खबर, यूपी चुनाव में मोर्चा संभालेंगी मुस्लिम महिलाएं*

उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2022 में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच (एमआरएम) से जुड़ी महिलाएं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पक्ष में सीधे मोर्चा संभालेंगी। मुस्लिम समाज के लोगों को मुख्य धारा में लाने के केंद्र में नरेन्द्र मोदी व राज्य में आदित्यनाथ सरकार द्वारा बिना पक्षपात के सबके विकास वाली योजनाओं का जिक्र करते हुए उनसे भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की जाएगी।हरियाणा भवन में एमआरएम के मार्गदर्शक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार की अध्यक्षता में महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में उत्तर प्रदेश समेत अगले वर्ष सात राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर व्यापक रणनीति बनी। उत्तर प्रदेश के मतदाताओं में अल्पसंख्यक समाज की हिस्सेदारी तकरीबन 20 प्रतिशत है। एमआरएम पदाधिकारियों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति मुस्लिम महिलाओं का स्नेह जगजाहिर है। पिछले विधानसभा चुनाव 2017 में महिलाओं ने पुरुषों के मुकाबले चार प्रतिशत अधिक मतदान किया था। उसमें भी मुस्लिम महिलाएं आगे थीं।

 

✒️ *उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 : इगलास में चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस, भारी वाहनों नहीं होगा प्रवेश*

23 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के जन्मदिवस समारोह को लेकर कस्बा में सुरक्षा की दृष्टि से चप्पे-चप्पे पर पुलिस फौस तैनात रहेगी। बाहर से भी पुलिस बल की मांग की गई है। वहीं, बाहर से आने वाले भारी वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा।वाहनों को लिए रूट डायवर्ट किया गया है। पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के साथ ही खुफिया विभाग भी कार्यक्रम में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखे हुए है।अखिलेश यादव सैफई हवाई पट्टी से व जयंत चौधरी पालम एयरपोर्ट से उड़न खटोले से मंडी रोड स्थित तैयार किए गए हेलीपैड पर मध्यान करीब 12 बजे पहुंचेंगे। यहां करीब 2:30 बजे तक रैली में रुकेंगे। वीआईपी कार्यक्रम को लेकर भारी मात्रा में पुलिस फोर्स तैनात रहेगा। बुधवार को एसपी शुभम पटेल ने एसडीएम अनिल कुमार कटियार व सीओ अशोक कुमार सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष जगपाल सिंह व जिलाध्यक्ष कालीचरन सिंह से कार्यक्रम की जानकारी ली।

 

✒️ *उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में योगी आदित्‍यनाथ को टक्‍कर देंगे चिराग पासवान, सभी सीटों पर उतारेंगे अपने उम्‍मीदवार*

लोजपा (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में अकेले सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। यह निर्णय चिराग ने नई दिल्ली में यूपी के पार्टी अध्यक्ष मणिशंकर पाण्डेय और वहां प्रदेश पदाधिकारियों एवं सभी जिलाध्यक्षों के साथ बैठक में सर्वसम्मति से लिया। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता चंदन सिंह ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में पार्टी का संगठनात्मक ढांचा काफी मजबूत है। वहां पिछले विधानसभा में पार्टी के आधा दर्जन विधायक थे। पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत एवं आम लोगों का पार्टी के प्रति झुकाव को देखते हुए चिराग पासवान लगातार उत्तर प्रदेश का दौरा करते रहे हैं।

 

✒️ *कांग्रेस का वादा- यूपी में सरकार बनी तो किसानों के कर्ज माफ होंगे:कांग्रेस*

कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश चुनाव को देखते हुए किसानों के लिए बड़ा एलान किया है। आज राष्ट्रीय किसान दिवस के अवसर पर पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से किसानों के कर्ज माफी का वादा किया। पार्टी की तरफ से कहा गया, ‘छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनते ही किसानों का कर्जा माफ़ किया गया था। उत्तर प्रदेश में भी कांग्रेस की सरकार बनते ही किसान भाईयों का पूरा कर्जा माफ़ होगा।’

 

✒️ *शेयर बाजार की तेज शुरुआत, सेंसेक्स 320 अंक उछलकर खुला, निफ्टी में भी बढ़त*

गुरुवार को शेयर बाजार ने तेज शुरुआत की और बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 320.59 अंक बढ़त के साथ 57,251.15 के स्तर पर खुला, वहीं एनएसई के निफ्टी ने 111.35 अंक की उछाल के साथ 17,066.80 के स्तर पर कारोबार शुरु किया। बीते कारोबारी दिन बुधवार को लगातार दूसरे दिन शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 611 अंक बढ़कर 56,930 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 16,955 के स्तर पर कारोबार बंद किया था।

 

✒️ *उत्तर प्रदेश के 12 लाख पेंशनरों को योगी आद‍ित्‍यनाथ सरकार का तोहफा, 31 प्रतिशत महंगाई राहत देने का शासनादेश जारी*

राज्य सरकार अपने 12 लाख पेंशनरों/पारिवारिक पेंशनरों को बीती पहली जुलाई से महंगाई राहत (डीआर) की तीन प्रतिशत की एक और किस्त देगी। वित्त विभाग ने पेंशनरों/पारिवारिक पेंशनरों को एक जुलाई से 31 प्रतिशत की दर से महंगाई राहत देने का शासनादेश जारी कर दिया है। उन्हें अभी तक 28 फीसद की दर से महंगाई राहत का भुगतान किया जा रहा था।यह आदेश शिक्षा/प्राविधिक शिक्षा विभाग के तहत राज्य निधि से सहायताप्राप्त शिक्षण संस्थाओं के ऐसे पेंशनरों पर भी लागू होगा जिन्हें सरकारी पेंशनरों के समान पेंशन/पारिवारिक पेंशन स्वीकृत है। पेंशन पर अतिरिक्त राहत आदि के भुगतान के लिए महालेखाकार के प्राधिकार पत्र की जरूरत नहीं है। पेंशन भुगतान अधिकारी इस शासनादेश के आधार पर ही महंगाई राहत का भुगतान कर देंगे।यह आदेश हाईकोर्ट के न्यायाधीशों, स्थानीय निकायों व सार्वजनिक उपक्रमों आदि के सेवकों पर लागू नहीं होगा। उनके बारे में संबंधित विभाग अलग से आदेश जारी करेंगे। अखिल भारतीय सेवाओं के पेंशनरों/पारिवारिक पेंशनरों के लिए अलग से आदेश जारी किया जा रहा है।

 

✒️ *अखिलेश यादव की कोरोना जांच रिपोर्ट आई निगेटिव*

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। अखिलेश यादव ने अपनी जांच उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई में बुधवार को करावाई। उन्होंने कोरोना की जांच पत्नी डिंपल यादव के पॉजिटिव आने के बाद करवाई।अखिलेश यादव 20 दिसंबर की रात में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे से होते हुए सैफई पहुंचे थे। 21 दिसंबर को वो सैफई से मैनपुरी के लिए रवाना हुए। वहां उन्होंने समाजवादी विजय रथ यात्रा में भाग लिया था। बुधवार को अखिलेश यादव ने सैफई में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इसके बाद इटावा में एक निजी कार्यक्रम में शामिल हुए।

 

✒️ *इंडियन शूटिंग में बड़ा बदलाव, बदला चैंपियन का पैमाना*

देशभर के निशानेबाजों के लिए इंडियन शूटिंग में बड़ा बदलाव कर दिया गया है। 10 मीटर राइफल व 10 मीटर एयर पिस्टल समेत शूटिंग का कोई भी इवेंट हो, शूटर्स के लिए चैंपियन बनने का पैमाना ही बदल दिया गया है। अब टाप-8 चुनने के बाद सीधे फाइनल नहीं बल्कि दो सेमीफाइनल पूल पार करने के बाद फाइनल होगा। नए वर्ष में होने वाले प्रेसीडेंट कप और 2024 में होने वाले ओलिंपिक खेलों में भी इसी बदले पैमाने के आधार पर पदक विजेता चयनित होंगे।नेशनल राइफल एसोसिएशन आफ इंडिया (एनआरएआइ) ने पूरे देश में अब टाप-8 चुनने के बाद फाइनल कराने की जगह अब दो सेमीफाइनल के बाद फाइनल के जरिए विजेता चुनने की व्यवस्था लागू कर दी है। आठ शूटर्स को चार-चार के दो पूल में रखा जाएगा। इसके जरिए प्रथम तीन स्थान के विजेता तय होंगे। इससे पहले टाप-8 चुनने के बाद सीधे फाइनल राउंड खेला जाता था। इसमें एक-एक खराब शाट वाला शूटर डिसक्वालीफाई होता जाता था। अंकों के आधार पर टाप-3 स्कोरर स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक विजेता घोषित किए जाते थे। अंतरराष्ट्रीय शूटिंग रेफरी वेदप्रकाश शर्मा ने बताया कि दोनों ग्रुप में टाप स्कोर करने वाले दो-दो शूटर्स मेडल इवेंट यानी फाइनल में हिस्सा लेंगे। शून्य से शुरुआत होगी। 10-10 शाट्स मिलेंगे। पहले बेस्ट शाट पर चार अंक, दूसरे बेस्ट शाट पर तीन अंक और तीसरे बेस्ट शाट पर दो व सबसे खराब शाट पर एक अंक मिलेगा। 10 शाट के बाद अंकों के आधार पर चौथे नंबर वाला शूटर बाहर हो जाएगा। अब बचे तीन शूटर्स पांच-पांच शाट्स के साथ अागे बढ़ेंगे। सबसे कम अंक वाले का कांस्य पदक तय हो जाएगा। अब दो शूटर्स में फिर शून्य से मुकाबला होगा पांच-पांच शाट खेलने पर जिसके बेहतर अंक होंगे वाे स्वर्ण विजेता व उससे कम वाले को रजत पदक विजेता घोषित किया जाएगा।