✒️ *वैक्सीन की बूस्टर खुराक लेने के बाद हुए ओमिक्रॉन संक्रमित, तीन केस मिले*
ओमिक्रॉन से बचाव के लिए वैक्सीन की बूस्टर यानी अतिरिक्त खुराक को अहम विकल्प माना जा रहा है लेकिन दिल्ली में ऐसे भी मामले अब सामने लगे हैं जिन्हें तीसरी खुराक लेने के बाद भी कोरोना संक्रमण हुआ है। ऐसे मरीजों के सैंपल की जीनोम सीक्वेंसिंग में ओमिक्रॉन संक्रमण की पुष्टि भी हुई है। यह तीनों मरीज इनदिनों लोकनायक अस्पताल में भर्ती हैं। पिछले सप्ताह एकसाथ मिले 12 मरीजों में यह भी शामिल थे।पिछले सप्ताह इन तीनों मरीजों में ओमिक्रॉन संक्रमण की पहचान हुई है। फिलहाल यह सभी ओमिक्रॉन वार्ड में भर्ती हैं लेकिन इनमें से किसी में भी संक्रमण के लक्षण नहीं है।’ यह जानकारी देते हुए अस्पताल के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने बताया, ‘देश में अभी तक बूस्टर खुराक की स्वीकृति नहीं मिली है। यह लोग हाल ही में विदेश यात्रा पर गए थे और वहां इन्होंने वैक्सीन की अतिरिक्त खुराक ली थी। दिल्ली आने के बाद एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग में जब कोरोना संक्रमण की पहचान हुई तो इन्हें यहां भर्ती कराया गया।’ हालांकि इन्होंने किस वैक्सीन की बूस्टर यानी अतिरिक्त खुराक ली थी? इसके बारे में जानकारी अब तक सामने नहीं आ पाई है।दरअसल ओमिक्रॉन के मामले बढ़ने के बाद कई देशों ने बूस्टर खुराक की मंजूरी दे दी है। जर्मनी जैसे देशों में तो अब बच्चों को भी संक्रमण से बचाने के लिए वैक्सीन लगाई जा रही है। भारत सरकार ने भी अब तक वैक्सीन के बूस्टर खुराक को हरी झंडी नहीं दी है। हाल ही में नीति आयोग के सदस्य डॉ. वीके पॉल ने प्रेस कान्फ्रेंस में कहा था कि सबसे पहले भारत में सभी लोगों को पूरी तरह वैक्सीनेट करना सरकार की प्राथमिकता है।
लोकनायक अस्पताल के अनुसार अब तक यहां 50 से ज्यादा कोरोना संक्रमित मरीजों को भर्ती किया जा चुका है जिनमें कुल 22 लोग ओमिक्रॉन संक्रमित मिले हैं। इनमें से 10 मरीजों को छुट्टी मिल चुकी है और 12 ओमिक्रॉन संक्रमित मरीजों का इलाज अभी चल रहा है।जानकारी मिली है कि इन 22 में से करीब 14 मरीज ऐसे भी भी हैं जिन्होंने वैक्सीन की दोनों खुराक काफी समय पहले ली हैं। वहीं तीन मरीज तीसरी खुराक लेने के बाद भी संक्रमित हुए हैं। हालांकि पांच मरीजों का टीकाकरण पूरा नहीं।
✒️ *ओमिक्रॉन एलर्ट: भारत में ओमिक्रॉन के अबतक 174 संक्रमित,डब्ल्यूएचओ प्रमुख की चेतावनी*
भारत में पांच राज्यों में ओमिक्रॉन के 19 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद देश में अब तक 174 लोग ओमिक्रॉन संक्रमण का शिकार हो चुके हैं।दिल्ली में ओमिक्रॉन के आठ नए मामले सामने आए। वहीं कनार्टक में पाचं तो केरल में भी चार नए मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा राजस्थान व गुजरात में एक-एम ओमिक्रॉन संक्रमित की पुष्टि हुई। सोमवार को इन पांच राज्यों में सामने आए 19 मामलों के बाद देश भर में 174 लोग ओमिक्रॉन से संक्रमित हो चुके हैं।ओमिक्रॉन वैरिएंट धीरे-धीरे खतरनाक होता जा रहा है।अमेरिका में इस संक्रमण से पहली मौत दर्ज की गई है। इससे पहले ब्रिटेन में भी ओमिक्रॉन से एक मौत हो चुकी है। इसके बाद दुनिया में अब तक कोरोना के इस नए वैरिएंट से मरने वालों की संख्या दो हो गई है।
✒️ *ओमिक्रॉन एलर्ट:अमेरिका में ओमिक्रॉन से पहली मौत,कई राज्यों में फैला संक्रमण, महज एक सप्ताह में तीन से 73 फीसदी हो गए संक्रमित*
कोरोना का नया वैरिएंट दुनियाभर में तेजी से फैल रहा है। अमेरिका में तो यह कोहराम मचाने लगा है। सोमवार को यहां इस नए वैरिएंट से पहली मौत की पुष्टि हुई तो 73 फीसदी कोरोना के मरीज ओमिक्रॉन से भी संक्रमित पाए गए। खतरे वाली बात यह है कि यह आंकड़ा महज एक सप्ताह के अंदर ही इतनी तेजी से बढ़ा है। सप्ताह भर पहले यहां तीन फीसदी कोरोना के मरीज ओमिक्रॉन से संक्रमित हो रहे थे। सेंटर फॉर डिसीज कंट्रोल ऐंड प्रिवेंशन(सीडीसी) ने बताया कि अमेरिका में एक सप्ताह में ही ओमिक्रॉन के मामले में छह गुना बढ़ोतरी हुई है।
✒️ *कोरोना : ब्रिटेन में रिकॉर्ड 91743 नए मामले दर्ज,प्रधानमंत्री जानॅसन बोले- हमें सख्त लॉकडाउन से संकोच*
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा कि कैबिनेट हर घंटे कोविड-19 के आंकड़ों की निगरानी कर रही है क्योंकि देश में कोरोना वायरस संक्रमण का एक और रिकॉर्ड स्तर 91,743 दर्ज किया गया है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि सरकार कोरोना के मामलों में जारी उछाल के बीच क्रिसमस से पहले सख्त लॉकडाउन जैसे उपायों को अपनाने में संकोच नहीं करेगी।ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने सोमवार को कहा कि कैबिनेट हर घंटे कोविड-19 के आंकड़ों की निगरानी कर रही है क्योंकि देश में रोजाना कोरोना वायरस संक्रमण का एक और रिकॉर्ड स्तर 91,743 दर्ज किया गया है।एक लंबी कैबिनेट बैठक के बाद पीएम जॉनसन ने संवाददाताओं से कहा कि सरकार कोरोना वायरस के मामलों में जारी उछाल के बीच क्रिसमस से पहले सख्त लॉकडाउन जैसे उपायों को अपनाने में संकोच नहीं करेगी।उन्होंने घोषणा की कि आगे की कार्रवाई करने से पहले ओमिक्रॉन वैरिएंट के संबंध में कुछ चीजें स्पष्ट होनी चाहिए। दुर्भाग्य से मुझे लोगों से कहना होगा कि हमें जनता की रक्षा के लिए, सार्वजनिक स्वास्थ्य और हमारे राष्ट्रीय स्वास्थ्य ढांचे की रक्षा के लिए आगे की कार्रवाई करने के सभी विकल्पों और संभावनाओं को ध्यान रखना होगा।
✒️ *अमेरिका : एलन मस्क 11 अरब डॉलर का टैक्स देकर बनाएंगे इतिहास, रीयल-टाइम अरबपतियों में अव्वल*
टेस्ला कंपनी के संस्थापक अरबपति एलन मस्क ने कहा कि वे इस साल 11 अरब डॉलर (85,000 करोड़ रुपये) से ज्यादा का टैक्स भुगतान करेंगे। इतना टैक्स का भुगतान अभी तक किसी भी अमेरिकन ने नहीं किया है।स्पेस एक्स और टेस्ला कंपनी के संस्थापक अरबपति एलन मस्क ने सोमवार को कहा कि वे इस साल 11 अरब डॉलर (85,000 करोड़ रुपये) से ज्यादा का टैक्स भुगतान करेंगे। मस्क का यह बयान अमेरिकी सीनेटर एलिजाबेथ वारेन के बाद आया है जो लंबे समय से अमीरों पर उनकी कुल संपत्ति पर कर लगाने की वकालत करते रहे हैं।इतना टैक्स का भुगतान अभी तक किसी भी अमेरिकन ने नहीं किया।अगर मस्क ने इतना भुगतान किया तो यह टैक्स रकम अमेरिकी कोष सेवा में रिकॉर्ड भुगतान होगी। इतना टैक्स का भुगतान अभी तक किसी भी अमेरिकन ने नहीं किया है। मस्क ने भी इसी साल दिसंबर में कहा था कि वो जितना टैक्स का भुगतान करेंगे उतना अभी अमेरिका के इतिहास में किसी ने भी नहीं किया है।बता दें कि मस्क फोर्ब्स की रीयल-टाइम अरबपतियों की सूची के मुताबिक सोमवार तक 244.2 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस को पीछे छोड़ते हुए पहले स्थान पर हैं। 13 दिसंबर को टाइम पत्रिका ने उन्हें परसन ऑफ द ईयर 2021 के रूप में नामित किया है।
✒️ *मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माफिया की कमर तोड़ी, इसलिए अखिलेश यादव के लिए अनुपयोगी : स्वतंत्र देव*
भारतीय जनता पार्टी की जनविश्वास यात्राएं उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरीं जहां जगह-जगह पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। झांसी से निकली यात्रा के साथ चल रहे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सोमवार को ललितपुर में जनसभा में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुंडे, माफिया के लिए ही अनुपयोगी हैं। प्रदेश की 24 करोड़ जनता के लिए वे अनुपयोगी हैं। मुख्यमंत्री ने मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद जैसे माफिया की कमर तोड़ दी, इसलिए वह अखिलेश यादव के लिए अनुपयोगी हैं।
✒️ *अलीगढ़ का नाम रोशन करेंगी बीसी सखी नेहा, प्रयागराज में पीएम के हाथों मिलेगा सम्मान*
प्रयागराज की धरती पर आज आयोजित होने वाली रैली में अलीगढ़ निवासी बीसी सखी (बैंकिंग करेस्पान्डेंट) नेहा कुलश्रेष्ठ को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों सम्मान मिलेगा। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन में बेहतर कार्य के लिए उनका चयन हुआ है। बीसी सखी की जिम्मेदारी संभालते हुए उन्होंने साढ़े चार माह में 27 लाख का लेनदेन किया। प्रयागराज में होने वाले कार्यक्रम में नेहा समेत अलीगढ़ की 552 महिलाएं शामिल होंगी।नेहा कुलश्रेष्ठ अतरौली तहसील के बिजौली ब्लाक निवासी बड़ेसरा गांव की निवासी हैं। अगस्त से इन्होंने काम की शुरुआत की थी। महिलाओं को ले जाने व उनके खाने पीने की जिम्मेदारी राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के उपायुक्त भालचंद्र त्रिपाठी ने बताया कि प्रयागराज जाने वाली स्वयं सहायता समूह की महिलाओं में सामुदायिक शौचालय की केयर, बीसी सखी, समूह सखी, कृषि व पुष्टाहार वितरण करने वाली महिलाएं शामिल हैं। बुधवार को यह सभी सखियां पीएम के कार्यक्रम में शामिल होंगी। सखियों की रवानगी से पहले कोरोना जांच कराई गई है। अलग-अलग ब्लाकों से यह महिलाएं शामिल हैं।
✒️ *रिफाइंड पाम तेल: सरकार ने आयात शुल्क घटाकर 12.5 प्रतिशत किया, आज से नई दर प्रभावी*
केंद्र सरकार ने घरेलू आपूर्ति बढ़ाने और खाना पकाने के तेल की खुदरा कीमतों को कम करने के प्रयासों के तहत रिफाइंड पाम तेल पर मूल सीमा शुल्क को 17.5 प्रतिशत से घटाकर 12.5 प्रतिशत कर दिया। संशोधित मूल सीमा शुल्क (बीसीडी) मार्च 2022 के अंत तक प्रभावी रहेगा।व्यापारी लाइसेंस के बगैर दिसंबर 2022 तक कर सकेंगे रिफाइंड पाम तेल का आयात सरकार ने कहा कि व्यापारियों को दिसंबर 2022 तक बिना लाइसेंस के रिफाइंड पाम तेल के आयात की अनुमति दी जाएगी। इस कदम का मकसद घरेलू आपूर्ति को बढ़ाना और खाना पकाने में उपयोग होने वाले तेल की कीमतों में कमी लाना है।केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) ने एक अधिसूचना जारी की है, जिसमें कहा गया है कि 31 मार्च, 2022 तक रिफाइंड पाम तेल और उसके अंशों पर बीसीडी को 17.5 प्रतिशत से घटाकर 12.5 प्रतिशत कर दिया गया है। नई दर मंगलवार से प्रभावी हो गई हैसॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एसईए) के कार्यकारी निदेशक बीवी मेहता के अनुसार, शुल्क में कमी के साथ, रिफाइंड पाम तेल और पामोलिन दोनों पर प्रभावी कर 19.25 प्रतिशत से कम होकर 13.75 प्रतिशत हो जाएगी, जिसमें सामाजिक कल्याण उपकर भी शामिल हैं।उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के पास उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को मूंगफली तेल का औसत खुदरा भाव 181.48 रुपये प्रति किलो, सरसों का तेल 187.43 रुपये प्रति किलो, वनस्पति 138.5 रुपये प्रति किलो, सोयाबीन तेल 150.78 रुपये प्रति किलो, सूरजमुखी तेल 163.18 रुपये प्रति किलो और पाम तेल 129.94 रुपये प्रति किलोग्राम रहा।
✒️ *आयकर: सैलेरी भले ढाई लाख से कम हो, पर जरूर भरिये रिटर्न होंगे लाभ, अब तक 3.83 करोड़ रिटर्न*
आयकर रिटर्न भरने की अंतिम तारीख 31 दिसंबर नजदीक आ रही है। अब तक 3.83 करोड़ रिटर्न दाखिल किए जा चुके हैं। इस बीच, रिटर्न को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं। नई नौकरी या कारोबार शुरू करने वालों के मन में सवाल है कि उनकी सालाना आय 2.50 लाख रुपये से कम है तो भी क्या उन्हें रिटर्न भरना जरूरी है।
✒️ *रोलर डर्बी में उत्तर प्रदेश की टीम बनी नेशनल चैंपियन, 15 खिलाड़ियों में से चार खिलाड़ी अलीगढ़*
पंजाब के मोहाली में आयोजित हुई 59 वीं राष्ट्रीय रोलर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता की रोलर डर्बी इवेंट में पहली बार उत्तर प्रदेश की जूनियर महिला टीम ने गोल्ड मेडल जीत कर इतिहास रच दिया है। इस टीम में चार खिलाड़ी अलीगढ़ की हैं और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की छात्राएं हैं। प्रतियोगिता भारतीय रोलर स्केटिंग महासंघ के द्वारा आयोजित कराई गई थी। मोहाली के धेलपुर रिंक पर हुए फाइनल मुकाबले में यूपी की टीम ने महाराष्ट्र को हरा दिया। इससे पहले पिछले वर्ष चंडीगढ़ में आयोजित हुई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम ने कांस्य पदक जीता था। 15 सदस्यीय टीम में तंजीला खान (कैप्टन), वैष्नवी शर्मा (वाइस कैप्टन), गीतिका शर्मा, जुनैरिया अंबर, नूरीन अली निजामी, कशिश, प्रांचल शर्मा, प्राची शर्मा, कुहू राठौर, सुहानी, लवन्या, तनुश्री, अदिति और अदविका शामिल हैं। इसमें तंजीला खान, गीतिका शर्मा, जुनैरिया अंबर और नूरीन अली निजामी अलीगढ़ की हैं। टीम के कोच जहीर, संदीप भटनागर और शुभम राठौर, आरएसएफआई के अलीगढ़ के कोअर्डिनेटर आजम मीर ने विजेता टीम को बधाई दी है।
✒️ *देशभर में 85 लाख से अधिक कार्डधारी दो-दो जगहों से ले रहे राशन*
केंद्र सरकार द्वारा प्रवासी कामगारों की सुविधा के लिए प्रारंभ की गई वन नेशन, वन राशनकार्ड योजना ने ऐसे लाभार्थियों की भी पोल खोल दी है जो एक साथ दो-दो जगहों से राशन ले रहे हैं। नेशनल इंर्फोमेटिक्स सेंटर (एनआइसी) की इसी सप्ताह जारी रिपोर्ट में सामने आया है कि देशभर में 85 लाख से अधिक कार्डधारी सुविधा का दुरुपयोग कर रहे हैं। बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, झारखंड और उत्तर प्रदेश में भी ऐसे लोगों की संख्या लाखों में है।देश की राजधानी दिल्ली में भी लगभग साढ़े पांच लाख लाभार्थी ऐसा कर रहे हैं। एनआइसी की रिपोर्ट आने पर दिल्ली सरकार ने तो इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से इस संबंध में रिपोर्ट भी तलब कर ली है। जानकारी के मुताबिक वन नेशन, वन राशनकार्ड योजना के स्टेटस को लेकर एनआइसी ने राज्यवार रिपोर्ट जारी की है। इसमें किस राज्य में कितने लोग दो जगह राशन का लाभ प्राप्त कर रहे हैं, उनका पूरा आंकड़ा दिया गया है। पूरे देश में राज्य के भीतर इस सुविधा का दुरुपयोग करने वाले 28 लाख 38 हजार 126 कार्डधारी हैं। वहीं, 56 लाख 81 हजार 884 कार्डधारी ऐसे हैं जो राज्य के बाहर दूसरे राज्यों से भी राशन ले रहे हैं।
✒️ *शेयर बाजार हरे निशान पर खुला, सेंसेक्स में आया 500 से ज्यादा अंकों का उछाल*
सोमवार को भारी गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन बढ़त के साथ हरे निशान पर खुला। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 498 अंक की बढ़त के साथ खुला, जबकि एनएसई के निफ्टी ने 158 अंकों की तेजी के साथ कारोबार की शुरुआत की। फिलहाल सेंसेक्स 520.78 अंक की तेजी के साथ 56,342.79 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं दूसरी ओर निफ्टी सूचकांक भी 153.90 अंक की उछाल के साथ 16, 768.10 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स सोमवार को 1,190 अंकों की बड़ी गिरावट के साथ 56 हजार से नीचे आ गया था, जबकि निफ्टी को भी 371 अंकों का नुकसान हुआ था।
✒️ *अलीगढ़ की जन विश्वास यात्रा पर दिल्ली व लखनऊ की रही नजर,लेते रहे जानकारी*
भाजपा की जन विश्वास यात्रा में एक रथ के अतिरिक्त आठ इनोवा एवं दो जाइलो गाड़ियां चल रही हैं। हरियाणा नंबर की ये सभी गाड़ियां भाजपा के रंग में हैं। इनोवा एवं जाइलो में 60 लोगों की टीम चल रही है, जो यात्रा में अंत तक रहेंगे। टीम के सदस्य पल-पल की खबरों से संगठन के दिल्ली एवं लखनऊ के पदाधिकारियों को अवगत करा रहे हैं। जनता से भी फीडबैक ले रहे हैं।टीम में शामिल पवन कुमार रावत एवं अमित वर्मा ने बताया कि यात्रा के साथ 60 लोग चल रहे हैं। सभी लोग यात्रा समाप्ति तक रहेंगे। तीन-तीन लोगों की टीम बनाई गई है। एक टीम के जिम्मे सोशल मीडिया लाइव दिखाना है। दिल्ली एवं लखनऊ फोटोग्राफ भेजे जा रहे हैं। इसी तरह भोजन, आवास और वाहन आदि के लिए टीम है। एक टीम रिजर्व है। किसी की तबियत खराब होने पर एक्टिव हो जाएगी। भोजन और आवास से जुड़ी टीम के सदस्य रात्रि विश्राम स्थल का मुआयना करते हैं। टीम में शामिल सदस्यों का कहना है कि यात्रा से संबंधित जानकारी दिल्ली एवं लखनऊ को दी जाती है। सेंट्रल की टीम की यात्रा पर विशेष नजर है। फीडबैक भी लेती है। यह भी पूछा जाता है कि यात्रा में कितने लोग आ रहे हैं। किसी तरह की दिक्कत तो नहीं है। जनता से बातचीत कर भी फिडबैक देते हैं।
✒️ *उत्तर प्रदेश के शहर हो या गांव 24 घंटे बिजली देने की तैयारी में योगी सरकार,तैयारी पूरी*
उत्तर प्रदेश में 24 घंटे बिजली के लिए योगी सरकार ने अनुपूरक बजट में 1000 करोड़ आवंटित करने के बाद इस फैसले को धरातल पर उतारने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। ऊर्जा विभाग ने इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना के साथ 24 घंटे बिजली सप्लाई का प्रस्ताव मुख्यमंत्री को भेज दिया है।उम्मीद की जा रही है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुशासन दिवस (अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती) 25 दिसंबर से इसके लिए हरी झंडी दे सकते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 24 घंटे बिजली सप्लाई का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। आजादी के बाद राज्य के इतिहास में पहली बार ऐसा होगा जब कोई सरकार पूरे प्रदेश में 24 घंटे अनवरत निर्बाध बिजली देगी। सरकार की इस नई घोषणा का सबसे अधिक लाभ ग्रामीण उपभोक्ताओं को मिलेगा। नई व्यवस्था में गांवों को भी 24 घंटे बिजली मिलेगी। यानी गांवों को सीधे छह घंटे अधिक बिजली मिलने लगेगी। अभी 21.30 घंटे बिजली पा रहे तहसील क्षेत्र के उपभोक्ता और 20 घंटे बिजली पा रहे बुंदेलखंड क्षेत्र के उपभोक्ताओं को भी सरकार के इस फैसले का लाभ मिलेगा। प्रदेश सरकार ने जिला, मंडल मुख्यालय, महानगर तथा औद्योगिक क्षेत्रों को 24 घंटे बिजली सप्लाई का इंतजाम पहले से ही कर रखा है।
✒️ *उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 : जन विश्वास यात्रा में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री डाक्टर दिनेश शर्मा, कार्यकर्ताओं में भरा जोश*
जन विश्वास यात्रा में शामिल हुए एमएसएमई मंत्री चौधरी उदयभान सिंह ने कहा कि हर तरफ भाजपा की जय जयकार है। हर तरफ भव्य स्वागत हो रहा है। उदय भान सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ने जनता के लिए इतना काम किया है कि जनता कभी भाजपा को भूलने वाली नहीं है। भाजपा ने देश को समृद्ध और सशक्त बनाने का काम किया है गरीब, मजदूर, किसान, नौजवान सभी के लिए पार्टी ने काम किया है, जिससे हर वर्ग भाजपा के साथ है। जन विश्वास यात्रा का खैर रोड पर भव्य स्वागत किया गया। जगह जगह फूल मालाओं को लेकर भाजपा कार्यकर्ता खड़े रहे। यात्रा निकलते ही फूलों की बारिश शुरु कर दी।डिप्टी सीएम ने प्रदेश सरकार पर केंद्र सरकार बखान करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा को फिर से सत्ता में लाने का मन बना लिया है। उन्होंने पिछली सरकारों को भी आड़े हाथों लिया, उन्होंने योगी सरकार के साढ़े चार साल के कार्यकाल में किए गए कामों की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा जनता ने अपना विश्वास भाजपा में दिखाया है।
✒️ *उत्तर प्रदेश में छह महीने के लिए बढ़ा एस्मा, छह महीने तक हड़ताल प्रतिबंध की अधिसूचना जारी*
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने सरकारी कर्मचारियों की अगले छह महीने तक प्रदेश में किसी भी प्रकार की हड़ताल पर रोक लगा दी है। सरकार ने सोमवार से एसेंशियल सर्विसेज मेंटेनेंस एक्ट लागू कर दिया है।उत्तर प्रदेश के सरकारी कर्मचारी अब कम से कम अगले छह महीने तक हड़ताल पर नहीं जा सकेंगे। शासन में अपर मुख्य सचिव कार्मिक डा. देवेश कुमार चतुर्वेदी एसेंसिशयल सर्विसेज मेंटनेंस एक्ट (एस्मा) की अधिसूचना जारी कर दी है। उत्तर प्रदेश के राज्य कार्य-कलापों से संबंधित किसी लोक सेवा, निगमों और स्थानीय प्राधिकरणों में हड़ताल पर छह महीने तक प्रतिबंध लगाया जा रहा है। इसके बाद भी अगर कोई हड़ताल करता है तो उसके खिलाफ विधिक व्यवस्था के तहत कार्रवाई की जाएगी।यदि किसी सरकारी कर्मचारियों की ओर से इस एक्ट का उल्लंघन किया जाता है तो सरकार की ओर से उन हड़तालियों को बिना वारंट के गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। इस दौरान अति आवश्यक कर्मचारियों को सरकार के निर्देशों का पालन करना होगा। आदेशों का उल्लंघन करने पर उनके खिलाफ भी बेहद सख्त कार्रवाई की जाएगी।प्रदेश में बीती मई में ही सरकार ने छह महीने के लिए हड़ताल पर प्रतिबंध लगाया था। योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रदेश में बढ़ते कोरोना संक्रमण के दौरान सरकारी विभाग के कर्मचारियों की ओर से लगातार की जा रही हड़तालों को देखते हुए एम्सा एक्ट लागू किया था। अब इसको छह महीने के लिए बढ़ा दिया है।
✒️ *खुशखबरी:योगी सरकार हर श्रमिक को दो किस्तों में देगी 2000 रुपये भरण-पोषण भत्ता, जनवरी में पहली किस्त*
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार असंगठित क्षेत्र के पंजीकृत मजदूरों को 1000-1000 रुपये की दो किस्तों में भरण पोषण भत्ता देगी। श्रम विभाग ने इस बारे में शासनादेश जारी कर दिया है।भत्ते की यह राशि असंगठित क्षेत्र के उन सभी मजदूरों को मिलेगी जो 31 दिसंबर तक उत्तर प्रदेश असंगठित कर्मकार सामाजिक सुरक्षा बोर्ड में पंजीकृत होंगे। दो माह के लिए मजदूरों को भत्ते की पहली किस्त के तौर पर एक हजार रुपये जनवरी में देने की तैयारी की जा रही है। यह राशि उत्तर प्रदेश असंगठित कर्मकार सामाजिक सुरक्षा बोर्ड के माध्यम से दी जाएगी।उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के दौरान पेश किये गए चालू वित्तीय वर्ष के दूसरे अनुपूरक बजट में असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को 2000 रुपये भरण-पोषण भत्ता देने के लिए 4000 करोड़ रुपये की व्यवस्था की है। उत्तर प्रदेश असंगठित कर्मकार सामाजिक सुरक्षा बोर्ड में अब तक लगभग 2.5 करोड़ मजदूर पंजीकृत हो चुके हैं। मजदूरों के बैंक खातों में यह रकम सीधे भेजी जाएगी।
✒️ *ओमिक्रोन का असर: बाजार में बिकवाली के दो दिनों में निवेशकों को 11.45 लाख करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान*
वैश्विक बिकवाली के बीच घरेलू शेयर बाजार में लगातार गिरावट के कारण निवेशकों को दो दिनों में 11,45,267.43 करोड़ रुपये का भारी नुकसान हुआ है। सेंसेक्स आज 1,189.73 अंक की गिरावट के साथ 55,822.01 पर बंद हुआ। दिन के दौरान यह 1,879.06 अंक गिरकर 55,132.68 पर चला गया। शुक्रवार को बेंचमार्क 889.40 अंक की गिरावट के साथ 57,011.74 पर बंद हुआ था। बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण दो दिनों में 11,45,267.43 करोड़ रुपये गिरकर 2,52,57,581.05 करोड़ रुपये हो गया।
✒️ *ओमिक्रोन एलर्ट:ओमिक्रोन ने पकड़ी रफ्तार, राज्यसभा में स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने बताया- देश में कुल 161 मामले, सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में*
भारत में ओमिक्रोन के मामले बढ़कर 161 हो गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने राज्यसभा में इस बारे में जानकारी दी है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि ओमिक्रोन को लेकर रोजाना विशेषज्ञों के साथ नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना की पहली और दूसरी लहर के अनुभव को देखते हुए हम महत्वपूर्ण दवाइयों के बफर स्टॉक की व्यवस्था कर रहे हैं जिससे ओमिक्रोन फैलने पर हमें समस्याओं का सामना ना करना पड़े।महाराष्ट्र 54,दिल्ली 28,तेलंगाना में 20,राजस्थान में 17,कर्नाटक में 14,केरल में 11,गुजरात में 11,उत्तर प्रदेश में 2,आंध्र प्रदेश में 1,तमिलनाडु में 1,बंगाल में 1,चंडीगढ़ में 1 है।
स्वास्थ्य मंत्री ने आगे बताया कि सभी राज्योंऔर केंद्र शासित प्रदेशों के पास पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध है। उन्होंने काह कि अभी 17 करोड़ डोज उपलब्ध हैं। आज भारत की क्षमता प्रति महीना 31 करोड़ डोज बनाने की है। उन्होंने कहा कि अगले 2 महीनों में यह बढ़कर 45 करोड़ डोज प्रति महीना हो जाएगी।
✒️ *ओमिक्रोनएलर्ट:गुजरात में लगा नाइट कर्फ्यू, मुंबई में क्रिसमस एवं नए साल के जश्न को लेकर अलर्ट*
भारत में ओमिक्रोन को लेकर फैली दहशत के बीच कोरोना संक्रमण के सक्रिय मामलों में लगातार गिरावट जारी है। पिछले एक दिन में 16 सौ से ज्यादा सक्रिय मामले घटे हैं और वर्तमान में इनकी संख्या 82,267 रह गई है जो 572 दिन में सबसे कम और कुल मामलों का 0.24 प्रतिशत है।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से आज सुबह आठ बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान साढ़े छह हजार नए मरीज मिले हैं और 132 लोगों की जान गई है। मृतकों में अकेले 96 केरल से हैं, जबकि महाराष्ट्र और बंगाल में नौ-नौ मौतें हुई हैं। केरल के आंकड़े इसलिए अधिक हैं क्योंकि राज्य सरकार पहले हुई मौतों को पिछले कुछ दिनों से नए आंकड़ों के साथ मिलाकर जारी कर रही है।गुजरात ने ओमीक्रोन के बढ़ते मामलों के बीच सोमवार को राज्य के 8 प्रमुख शहरों में 31 दिसंबर तक नाइट कर्फ्यू फिर से लगा दिया। अहमदाबाद, राजकोट, सूरत, वडोदरा, जामनगर, भावनगर, गांधीनगर और जूनागढ़ में साल के अंत तक यानी 31 दिसंबर 2021 की रात तक नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। नाइट कर्फ्यू का समय रात 1 बजे से सुबह 5 बजे तक रहेगा।
✒️ *शीतकालीन सत्र 2021: लोकसभा में पास हुआ वोटर कार्ड को आधार से जोड़ने वाला बिल, कल तक स्थगित हुआ सदन*
लोकसभा में ‘चुनाव कानून’ (संशोधन) विधेयक 2021 पारित हो गया है। इस विधेयक में आधार को मतदाता सूची से जोड़ने का प्रावधान है। चुनाव कानून (संशोधन) विधेयक 2021 मतदाता सूची डेटा (वोटर कार्ड) को आधार से जोड़ने की अनुमति देता है। इसी के साथ सदन मंगलवार तक के लिए स्थगित हो गया। वहीं, राज्यसभा के 12 सदस्यों के निलंबन के मुद्दे और लखीमपुर खीरी कांड में गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष संसद के दोनों सदनों में जोरदार हंगामा किया। संसद की कर्यवाही शुरू होते ही राज्यसभा और फिर लोकसभा की कार्यवाही को कई बार स्थगित करना पड़ा। हंगामे के बीच मोदी सरकार ने लोकसभा में वोटर आइडी को आधार से जोड़ने का विधेयक पेश किया। विपक्ष ने इस बिल को स्टैंडिंग कमेटी के पास भेजने की मांग की है। लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने चुनाव कानून (संशोधन) विधेयक 2021 बिल को स्टैंडिंग कमेटी के पास भेजने की मांग की है। इसमें बहुत सारी कानूनी कमियां हैं। यह सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ है और जो हमारी निजता का उल्लंघन करता है। इससे लाखों लोगों के चुनावी अधिकार छिन सकते हैं।
✒️ *जन विश्वास यात्रा में विपक्षियों पर जमकर बरसे उप मुख्यमंत्री डॉक्टर दिनेश शर्मा*
डिप्टी सीएम ने प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार का बखान करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा को फिर से सत्ता में लाने का मन बना लिया है।योगी हैं तो उपयोगी है बाक़ी सब अनउपयोगी हैं ।जनता ने उन्हें दूसरी बार मुख्यमंत्री बनाने का मन बना लिया है। उन्होंने पिछली सरकारों को आड़े हाथों लेते हुए कहा इसी अलीगढ़ में हफ़्तों कर्फ़्यू लगता था। पूरे प्रदेश में दंगे होते थे। अब योगी सरकार में कर्फ़्यू क्या होता है लोग यह जानते ही नहीं । एक भी दंगा योगी सरकार ने होने नहीं दिया। जिन अपराधियों से जनता भयभीत रहती थी। अब अपराधी भयभीत रहता है। आज गरीब को मुफ़्त राशन , मुफ़्त इलाज, बच्चों की मुफ़्त पढ़ाई, मुफ़्त गैस कनेक्शन, मुफ़्त बिजली कनेक्शन, किसानों को 6000 रुपए सालाना सम्मान निधि। आज प्रदेश देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थ व्यवस्था बन चुका है। उन्होंने योगी सरकार के साढ़े चार साल के कार्यकाल में किए गए कामों की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा जनता ने अपना विश्वास भाजपा में दिखाया है।उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा दिल्ली गेट चौराहे के निकट है रोड पर इंदिरा नगर के पास यात्रा में शामिल हुए । इसके बाद बारहद्वारी रेलवे रोड , मीनाक्षी पुल , रामघाट , कल्याण मार्ग पर सी चौराहा होते हुए हरदुआगंज में स्वागत भाषण दिया यहां पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया इसके बाद अतरौली के 12 नंबर नरौरा में भी स्वागत भाषण , छर्रा विधानसभा क्षेत्र में स्वागत हुआ। जन विश्वास यात्रा का खैर रोड पर भव्य स्वागत किया गया। जगह जगह फूल मालाओं को लेकर भाजपा कार्यकर्ता खड़े रहे। यात्रा निकलते ही फूलों की बारिश शुरु कर दी गयी। आतिशबाजी भी की गयी। जन विश्वास यात्रा में शामिल हुए एमएसएमई मंत्री चौधरी उदयभान सिंह ने कहा कि हर तरफ भाजपा की जय जयकार है। हर तरफ भव्य स्वागत हो रहा है। उदय भान सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ने जनता के लिए इतना काम किया है कि जनता कभी भाजपा को भूलने वाली नहीं है। भाजपा ने देश को समृद्ध और सशक्त बनाने का काम किया है गरीब, मजदूर, किसान, नौजवान सभी के लिए पार्टी ने काम किया है, जिससे हर वर्ग भाजपा के साथ है। यात्रा में प्रदेश सरकार में मंत्री संदीप सिंह, सांसद राजवीर सिंहतथा अन्य प्रमुख नेता उपस्थित थे।
✒️ *उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ की बैठक*
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा सोमवार को धनीपुर हवाई अड्डे पहुंचे। जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी, बीजेपी जिलाध्यक्ष, विधायकगण एवं पार्टी पदाधिकारियों जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। उपमुख्यमंत्री ने हवाई अड्डे पर गार्ड ऑफ ऑनर ग्रहण किया। धनीपुर हवाई अड्डे पर अधिकारियों के साथ विचार विमर्श किया गया।प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा जनहितार्थ विभिन्न प्रकार की योजनाएं संचालित की जा रहीं हैं। हर गाँव में बिजली, शौचालय, आवास, किसानों को निधि, श्रमिकों को 1000 रुपए, रेहड़ी पटरी वालों को 10000, मुफ्त राशन वितरण जैसे कार्य प्रदेश सरकार द्वारा किये जा रहे हैं। जनपद अलीगढ़ में भी करोड़ों के विकास कार्य किये गए हैं। उपमुख्यमंत्री डॉ. ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुआ है। स्कूल कालेज में रोजगार परक शिक्षा प्लेसमेंट की व्यवस्था की गई है। उपमुख्यमंत्री ने राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय के निर्माण व विभागीय कार्यो की अधिकारियों के साथ समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में सुधार करते हुए बिना किसी दबाव, सिफारिश में नहीं बल्कि विद्यार्थियों के हित में, अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता के अनुसार योग्य शिक्षक उपलब्ध कराए हैं।
✒️ *अलीगढ़ में जन विश्वास यात्रा में भाजपाइयों में दिखा उत्साह, गूंजा वंदेमातरम*
भाजपा की जन विश्वास यात्रा मैं भाजपाइयों का जबरदस्त उत्साह है। खैर बाईपास से लेकर रामघाट कल्याण मार्ग तक पूरे शहर कमल और भगवा से पाट दिया गया है। अभी उपमुख्यमंत्री डॉक्टर दिनेश शर्मा कलावती पैलेस नहीं पहुंचे हैं मगर भाजपाइयों का उत्साह देखते ही बनता है भारत माता वंदे मातरम के जय घोष के साथ भाजपाई बैंड पर जमकर की रख रहे हैं मोदी के जय घोष और नारों के साथ तमाम ऐसे गीत बनाए गए हैं जिस पर भाजपाई झूम रहे हैं। डिप्टी सीएम डा दिनेश शर्मा देहलीगेट चौराहे के निकट जन विश्वास यात्रा में शामिल हुए।
✒️ *जन विश्वास यात्रा के स्वागत के लिए एक कैंप महावीरगंज मंडल में देहली गेट पर लगाया गया*
आज जन विश्वास यात्रा के स्वागत के लिए एक कैंप महावीरगंज मंडल में देहली गेट राधा की सराह राधा चौक पर लगाया गया ।जन विश्वास यात्रा आने पर भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय सह संयोजक सुशील मित्तल ने मोती की माला एवं पटका पहनाकर यात्रा में आए,अतिथियों का स्वागत किया । सुशील मित्तल एवं भाजपा महावीरगंज मंडल अध्यक्ष संजय शर्मा ने फूलों से स्वागत किया । साथ में मंडल महामंत्री संजय माहोर डॉ गौरी आर्य, उपाध्यक्ष सतीश माहोर, बिल्लू पाराशर, महेश सक्सेना, आदित्य सोनकर ,हर्ष वार्ष्णेय ,मनोज वार्ष्णेय, मंडल मंत्री लोकेश मधोक ,अलका चौधरी, मयूर गोठवाल ,गौरव तिवारी, देवीलाल योगेश ,माहोर मंडल संपर्क प्रमुख विशाल वार्ष्णेय ,शगुन वार्ष्णेय, संजीव कोल ,संजीव चाबी, चंद्र मोहन सक्सैना, रवि माहौर ,मनोज चौहान, प्रमोद गुप्ता, हरी बाबू गुप्ता आदि लोग मौजूद रहे।
✒️ *करणी सेना अलीगढ़ ने किया जन- विश्वास यात्रा का जोशीला स्वागत*
करणी सेना अलीगढ़ के पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष ठा0 ज्ञानेन्द्र सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा द्वारा निकाली जा रही जन- विश्वास यात्रा का अलीगढ़ आगमन पर बिहारी पुरम कॉलोनी मेलरोज़ बाईपास पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित करणी सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष इं0 वी0पी0सिंह व जिलाध्यक्ष ठा0 ज्ञानेन्द्र सिंह चौहान ने भाजपा जनप्रतिनिधियों का माला पहनाकर स्वागत किया। स्वागत उपरांत भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत ने करणी सेना के सभी पदाधिकारियों व करणी सैनिकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर के0के चौहान, कुलदीप राघव, प्रणय शर्मा, राजेंद्र मोहन शर्मा, हिमांशु पंडित,जितेन्द्र राघव,ओ0पी0 लोधी, विवेक अग्रवाल, विनायक अग्रवाल, अजय चौहान, विपुल गौर, आशीष चौहान, छोटू चौहान,संजय चौधरी, नितिन चौधरी, राजेश दिवाकर, तरुण कुमार,मनोज कुमार, कमल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में करणी सेना और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित थे।
✒️ *अमन गुप्ता के नेतृत्व में भाजपाइयों ने रैली के साथ किया भ्रमण*
सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश में चल रही जन विश्वास रैली का मथुरा से होकर अलीगढ़ आगमन हुआ जिसमें महानगर अध्यक्ष भाजयुमो अमन गुप्ता के नेतृत्व में सम्पूर्ण महानगर तथा सभी मंडलों के पदाधिकारियों ने कलावती पैलेस से सम्पूर्ण महानगर में रैली के साथ भ्रमण किया तथा देहली गेट चौराहे पर महानगर अध्यक्ष के नेतृत्व में उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा का स्वागत युवा मोर्चा महानगर के सभी पदाधिकारियों ने किया जिसके बाद बारहद्वारी महानगर कार्यालय पर महानगर युवामोर्चा ने रैली का स्वागत किया। इसी श्रृंखला में महानगर महामंत्री प्रतीक चौहान, अन्नूराणा, महानगर उपाध्यक्ष पीयूष सिंघल, अमित गोस्वामी, विक्रम राठौर, प्रतीक शर्मा,आदर्श राज सिंह,मीनेश पंडित, अजय राज,धर्मेंद गुप्ता, विष्णु शर्मा महानगर मंत्री हर्षद हिन्दू,नितिन सिंह, संदीप दुबे, विजय उपाधाय,मानसिंह फोझदार ,सुमित,सिद्धार्थ,महानगर प्रवक्ता ऋषभ भेनवाल,मंडल अध्यक्ष यश गोयल,शिवम् शर्मा,शंकर सिंघल,करन माहौर,विवेक शर्मा,विशाल वाल्मीकि आदि मौजूद रहे।
✒️ *विष्णु भैया के नेतृत्व में भाजपाइयों ने जन विश्वास यात्रा का किया फूलों से स्वागत*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ में मथुरा से जन विश्वास यात्रा का शुभारंभ किया जन विश्वास यात्रा अलीगढ़ महानगर से होकर निकली जिसका जगह-जगह भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने बहुत धूमधाम से फूल बरसा गर पगड़ी पहनाकर उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा का स्वागत किया।विष्णु भैया के नेतृत्व में महेश्वरी मांटेसरी स्कूल पर जय गंजमंडल भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों ने भी स्वागत किया फूल बरसा कर मंडल अध्यक्ष जय गंज देवेंद्र सैनी, मंडल महामंत्री शिवकुमार मंडल, महामंत्री नितिन सुपारी, महानगर मंत्री मंजू सैनी, रूबी ,आसिफ खान ,उपाध्यक्ष जय गंज मंडल, महिला मोर्चा फूल बरसा कर स्वागत किया।
✒️ *अलीगढ़ जांबाज पूर्व सैनिक सेवा समिति द्वारा बीजेपी की जन विश्वास यात्रा का स्वागत किया*
आज जांबाज पूर्व सेवा समिति अलीगढ़ उत्तर प्रदेश द्वारा बीजेपी की जन विश्वास यात्रा का स्वागत और सम्मान मस्कट होंडा के सामने जीटी रोड पर किया गया। जिसमें जिला अध्यक्ष सूबेदार मेजर भृगुवीर सिंह, कैप्टन आर.पी पचौरी, सूबेदार सुधीश तोमर ,हवलदार ब्रजराज सिंह तोमर, हवलदार प्रेमपाल सिंह, हवदार सतवीर सिंह, हवलदार हमवीर सिंह, हवलदार मनु वर्मा उपस्थित रहे। जिसमें डॉ विवेक सारस्वत महानगर अध्यक्ष द्वारा सभी पूर्व सैनिकों का हार्दिक अभिनंदन किया गया।
✒️ *अलीगढ़ जाम में फंसा डिप्टी सीएम का काफिला*
उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा दिल्ली गेट चौराहे के निकट है रोड पर इंदिरा नगर के पास यात्रा में शामिल हुए हालांकि उनका काफिला जाम में फस गया। सुरक्षा व्यवस्था में लगे कर्मियों ने जाम से निकालने की कोशिश की वाहनों की लंबी कतार लगी रही करीब 5 मिनट बाद उनकी गाड़ी में और फिर वह यात्रा में शामिल होने के लिए आगे बढ़ गए।डॉक्टर दिनेश शर्मा है रोड से विश्वास यात्रा में शामिल होंगे। इसके बाद बारहद्वारी रेलवे रोड मीनाक्षी पुल रामघाट कल्याण मार्ग पर सी चौराहा होते हुए हरदुआगंज चले जाएंगे हरदुआगंज में स्वागत भाषण यहां पर भी बड़ी संख्या में भाजपा का स्वागत के लिए तैयार हैं। इसके बाद अतरौली के 12 नंबर नरौरा में भी स्वागत भाषण देंगे छर्रा विधानसभा क्षेत्र में स्वागत की तैयारी है। डॉ दिनेश शर्मा दोपहर 3:00 बजे फिर धनीपुर हवाई पट्टी से आगरा के लिए रवाना हो जाएंगे इसके बाद यह यात्रा एमएलसी डॉ मानवेंद्र प्रताप सिंह आगे की ओर लेकर चलेंगे।
✒️ *उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 : योगी उपयोगी नहीं अनउपयोगी हैं : अरविंद गिरी*
आगामी 23 दिसबर को सपा व रालोद द्वारा संयुक्त रुप से पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का जन्मदिवस किसान दिवस के रुप में मनाया जा रहा है। विशाल रैली को रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव संबोधित करेंगे।सपा के युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरी ने कार्यक्रम स्थल का मुआयना किया और दाेनों पार्टी के कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम के संबंध में चर्चा की। कार्यकर्ताओं ने उनका स्वाफा बांधकर स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में रोजगार, छात्रवृति, परीक्षा कुछ नहीं है, किसान परेशान है, अपराध बढ़ रहे हैं जंगल राज कायम है। आज प्रदेश 10 साल पीछे चला गया है। योगी उपयोगी नहीं अनउपयोगी हैं। पूर्व विधायक त्रिलोकीराम दिवाकर ने कहा कि आज जनता में होश है जोश है और हमारे साथ है। ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष जगपाल सिंह ने कहा कि इगलास की रैली एतिहासिक होगी। जिलाध्यक्ष कालीचरन सिंह ने सभी कार्यकर्ता से क्षेत्र में भ्रमण करने का आव्हान किया। इस मौके पर राजकुमार सागबान, नाबब सिंह छौंकर, सुरेंद्र सिंह, जिपं सदस्य अमित ठेनुआं, जिलाध्यक्ष युवजन सभा रंजीत चौधरी, महेंद्र माहौर, यशवीर चौधरी, सागर चौधरी, हरीश चौधरी, संजय शर्मा, रवि सैनी, अर्जुन सिंह, सलमान शाहिद, रामकुमार सिंह, जगदीश माहौर आदि थे
✒️ *अलीगढ़ कोर्ट ने तीन बच्चों की मां को जलाकर मारने में पति, सास-ससुर को सुनाई आजीवन कारावास की सजा*
अलीगढ़ कोतवाली क्षेत्र के भुजपुरा में तीन नाबालिग बच्चों की मां को ससुराल में मिट्टी का तेल छिड़ककर मारने के मामले में न्यायालय ने पति, सास व ससुर को आजीवन कारावास की सजा सुनायी है। साथ ही मृत महिला के भाई समेत अन्य संबंधियों की गवाही टूटने के चलते न्यायालय ने तल्ख टिप्पणी करते हुए नाबालिग बच्चों की देखरेख की व्यवस्था कराने की जिम्मेदारी जिलाधिकारी को सौपी है।फैसला एडीजे-17 मनोज कुमार सिद्धू की अदालत से सुनाया गया है। अभियोजन पक्ष के अधिवक्ता एडीजीसी सुधांशु अग्रवाल ने बताया कि पांच मार्च 2019 को शाहजमाल के इस्माइल द्वारा कोतवाली में तहरीर दी गई, जिसमें कहा गया कि उसकी बेटी हसमत की शादी 2011 में भुजपुरा के शफीक संग हुई। शादी के बाद दंपती पर तीन बच्चों में दो बेटे व एक बेटी हैं। पिछले दस माह से इनमें दहेज को लेकर विवाद चल रहा था। पांच मार्च की शाम सात बजे उसे मिट्टी का तेल छिड़कर जलाया गया है। हसमत को इलाज के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। इस तहरीर पर पुलिस ने पति शफीक, सास नूरन व ससुर जमील पर मुकदमा दर्ज किया गया। दौरान के दौरान महिला की मौत हो गई तो मुकदमे में हत्या की धाराएं बढ़ाकर आरोपियों को जेल भेजा और चार्जशीट दायर की गई। न्यायालय में सत्र परीक्षण के दौरान मामले में वादी पक्ष के गवाहों में से मृतक महिला के भाई व अन्य सगे संबंधी गवाही से टूट गए, जबकि मोहल्ले के दो गवाहों ने गवाही दी। साथ में न्यायालय में मृत महिला का मृत्यु पूर्व बयान भी रखा गया। इस पर न्यायालय ने मृत्यु पूर्व बयान को आधार मानकर कहा कि महिला को मारने के उद्देश्य से जलाया गया, जिससे उसकी मौत हुई। इस आधार पर आरोपियों को उम्रकैद व 60-60 हजार रुपये जुर्माने से दंडित किया गया है।
✒️ *डीएम ने कलक्ट्रेट में मातृत्व कक्ष का फीता काटकर किया लोकार्पण*
जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे. ने कलेक्ट्रेट में विभिन्न प्रकार की समस्याओं, शिकायतों के निस्तारण एवं निराकरण के लिए आने वाली महिलाओं को एक नई सौगात देते हुए मातृत्व कक्ष का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट जनपद का सचिवालय होता है। यहां हर रोज महिलाओं को किसी न किसी कार्य के लिए आना ही होता है। कलेक्ट्रेट आने वाली माताओं के सामने अपने बच्चों को दूध पिलाने की एक बड़ी समस्या रहती है। उन्होंने कहा कि मातृत्व कक्ष के खुल जाने पर माताएं अपने शिशुओं को बिना किसी असहजता से दूध पिलाने के साथ ही बच्चों की केयर भी अच्छे से कर सकतीं हैं।जिला मजिस्ट्रेट सेल्वा कुमारी जे. जो कि स्वयं एक महिला आईएएस अधिकारी हैं,ने मातृत्व को सम्मान देते हुए कलेक्ट्रेट में मातृत्व कक्ष का फीता काटकर उद्घाटन किया।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अंकित खंडेलवाल, अपर जिलाधिकारी नगर राकेश कुमार पटेल, एसडीएम गभाना भावना विमल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
✒️ *बाइकों की आपसी भिड़ंत में एक की मौत एक गंभीर घायल*
थाना बन्नादेवी क्षेत्र के मोहल्ला बरौला जाफराबाद निवासी अर्जुन सिंह (28 वर्षीय) पुत्र प्रमोद कुमार अपने साथी सोनू को अपने साथ बाइक पर बिठाकर अपनी ससुराल छर्रा जा रहा था। इसी दौरान अतरौली छर्रा रोड पर टेबतू के पास अर्जुन की बाइक सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। घटना में अर्जुन की कुछ देर तड़प आने के बाद मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि सोनू घायल हो गया। घटना होते ही दूसरी बाइक सवार मौके से बाइक लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया भाई घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी दीप्ति
व दो बेटों को रोते बिलखते छोड़ गया है। मृतक पांच बहनों में इकलौता भाई था।
✒️ *इगलास क्षेत्र में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत*
थान इगलास क्षेत्र के मथुरा रोड महुआ निवासी योगेश सिंह (40 वर्षीय) पुत्र योगेंद्र सिंह रोजाना की तरह रविवार की शाम कमरे के अंदर चारपाई पर सो रहा था तभी अचानक योगेंद्र की हालत बिगड़ने लगी, और भाई जोर-जोर से चीखने लगा। चीखने की आवाज सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे और योगेंद्र की बिगड़ती हालत को देख निजी वाहन से आनन-फानन में उपचार के लिए जिला मलखान सिंह अस्पताल लेकर आए जहां वह अचेत अवस्था में हो गया उसके बाद डॉक्टरों ने जब योगेश को देखा तो वह मृत था। मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया मृतक अपने पीछे पत्नी निर्मला दो बेटी एक बेटा को रोते बिलखते को छोड़ गया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
✒️ *ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत*
जनपद एटा के गांव गुहटिया कला,लुहारी खेड़ा निवासी रिजवान (23वर्षीय )पुत्र जहीर शनिवार को रोजगार की तलाश में अलीगढ़ आया था रविवार शाम को जब उसे काम नहीं मिला तो वह तालसपुर के पास रेलवे ट्रैक पर बैठ गया और कान में मोबाइल की लीड लगाकर गाने सुनने लगा। इसी दौरान पीछे से आ रही ट्रेन की चपेट में आकर उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना देकर स्थानीय राहगीर और ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया वहीं मृतक की जेब से मिले मोबाइल और आधार कार्ड से उसकी पहचान करते हुए उसके परिजनों को सूचना दे दी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए।
✒️ *सड़क किनारे मिला युवक का शव नहीं हुई शिनाख्त*
खैर कोतवाली क्षेत्र के गांव चौधाना भट्टा के निकट सोमवार की शाम एक युवक का शव सड़क किनारे पढ़ा हुआ देख काफी संख्या में राहगीर एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की जेब से मिले कागजों के आधार पर मृतक की शिनाख्त करने का प्रयास किया लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी पुलिस ने आसपास के लोगों से मृतक के शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो सकी पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से मृतक के शव को अलीगढ़ पोस्टमार्टम की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस मृतक युवक की शिनाख्त में जुटी हुई है।
✒️ *गैस गीजर फटने से नवयुवक गंभीर झुलसा*
खैर कोतवाली क्षेत्र के गांव लक्ष्मणगढ़ी में सोमवार की सुबह अंशुल पुत्र योगेंद्र सिंह अपने घर पर बाथरूम में गीजर चलाकर नहा रहा था इसी दौरान गीजर फट गया और आग लग गई गीजर में से निकली गैस और आग की लपटों की चपेट में आने से अंशुल बुरी तरह झुलस गया की पुकार की आवाज सुनकर परिजन दौड़ कर बाथरूम की तरफ दौड़े और झुलसे अंशुल को आनन-फानन में जवाहरलाल नेहरू मेडिकल लेकर पहुंचे जहां अंशुल का उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार 15 दिन पूर्व ही गीजर लगवाया था और आज गीजर फटने से यह हादसा हो गया।
✒️ *अंत्योदय परिवारों के लिए खुशखबरी, राशन कार्ड दिखाओ ओर गोल्डन कार्ड बनवाओ*
आयुष्मान योजना में शामिल किए गए अंत्योदय परिवारों को गोल्डन कार्ड बनवाने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। जल्द ही उनका गोल्डन कार्ड राशन की दुकान पर ही बन जाएगा। उन्हें अन्य लाभार्थियों की तरह प्रधानमंत्री का डिजीटल पत्र या परिवार रजिस्टर की नकल की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। केवल राशन कार्ड दिखाकर वे अपना गोल्डन कार्ड बनवा सकेंगे। आयुष्मान योजना में शामिल अन्य लाभार्थी भी अपना गोल्डन कार्ड यहां बनवा सकेंगे। इसके लिए जनसेवा केंद्र संचालकों को राशन की दुकानों पर शिविर लगाकर गोल्डन कार्ड बनाने के दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
25 सितंबर 2018 से शुरू हुई आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में सर्वप्रथम आर्थिक व सामाजिक गणना-2011 की सूची में शामिल 01 लाख 48 हजार 436 ग्रामीण व 84 हजार 77 शहरी परिवारों को चयनित किया गया। इसके बाद आयुष्मान भारत-मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 9818 गरीबों को योजना में शामिल किया। इससे कुल दो लाख 42 हजार 331 परिवार योजना के दायरे में आ गए। कुछ माह 24 हजार 594 अंत्योदय राशन कार्ड धारक योजना में शामिल कर लिए गए। जिले में कुल करीब 12 लाख गोल्डन कार्ड बनाए जाने हैं, जिसके सापेक्ष मात्र ढाई लाख ही गोल्डन कार्ड बने हैं।
✒️ *जिला अस्पताल में अचानक पहुंची डीएम, गंदगी देख जताई नाराजगी, अपने सामने लगवाई झाडू*
जिला मजिस्ट्रेट सेल्वा कुमारी जे. ने आज मलखान सिंह जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं सीएमएस को निर्देशित किया कि चिकित्सालय में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को आवश्यकता अनुसार चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। डीएम अपनी कार से उतर सीधे ब्लड बैंक के पास बने सभागार में पहुंचीं। डीएम ने सभागार में गंदगी का आलम देख काफी नाराजगी व्यक्त की। डीएम के पहुंचने के ठीक बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. आनन्द कुमार उपाध्याय भी पहुंच गए। डीएम ने अपने सामने ही सफाई कर्मचारी से झाड़ू लगवाई और दिव्यांगजनों को बैठने के समुचित इंतजाम करने के निर्देश दिए।
✒️ *स्पाइडरमैन- नो वे होम’ की दुनियाभर में ताबड़तोड़ कमाई, ओपनिंग वीकेंड में 4000 करोड़ के साथ बनी तीसरी सबसे बड़ी फिल्म*
सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट की फिल्म स्पाइडरमैन- नो वे होम ने अपनी ताबड़तोड़ कमाई से दुनियाभर में सनसनी मचा दी है। फिल्म ने 500 मिलियन डॉलर से अधिक ग्रॉस कलेक्शन दुनियाभर में किया है, वहीं भारतीय बॉक्स ऑफिस पर भी गदर मचाते हुए स्पाइडरमैन नो वे होम ने अक्षय कुमार की फिल्म सूर्यवंशी का एक रिकॉर्ड तोड़ दिया है।सूर्यवंशी रिलीज के पांचवें दिन 100 करोड़ क्लब में पहुंची थी, जबकि स्पाइडरमैन नो वे होम ने रिलीज के चौथे दिन यह कारनामा कर दिखाया है। गुरुवार 16 दिसम्बर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म ने रविवार को 100 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया।भारत में अंग्रेजी के साथ हिंदी, तमिल और तेलुगु में रिलीज हुई स्पाइडरमैन नो वे होम ने 32.67 करोड़ की धमाकेदार ओपनिंग ली थी। हालांकि, शुक्रवार को पुष्पा रिलीज होने के बाद फिल्म के कलेक्शंस गिरे और 20.37 करोड़ ही जमा किये। मगर, वीकेंड के बाकी दिनों में स्पाइडरमैन ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ते हुए शनिवार को 26.10 करोड़ का कलेक्शन किया।फिल्म ने महज तीन दिनों में 79.14 करोड़ का नेट कलेक्शन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर कर लिया। जबकि ग्रॉस कलेक्शन तीन दिनों में ही 100.84 करोड़ हो गया था। रविवार को स्पाइडरमैन ने एक बार फिर उछाल ली और 29.23 करोड़ का नेट कलेक्शन किया और इसके साथ 4 दिनों (ओपनिंग वीकेंड) का नेट कलेक्शन 108.37 करोड़ हो गया। शुरू के चार दिनों में स्पाइडरमैन की रफ्तार सूर्यवंशी से बेहतर रही है। पैनडेमिक के दौर में स्पाइडरमैन नो वे होम सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली फिल्म बन गयी है। ओपनिंग वीकेंड में फिल्म ने 138.55 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया है।
✒️ *बाइक को अनियंत्रित टाटा मैक्स ने रौंदा, बाइक सवार दोनों युवक हुए घायल*
थाना रोरावर क्षेत्र के शाहपुर कुतुब निवासी सतीश पुत्र हरिकिशन अपने मामा के बेटे तेजवीर पुत्र दीनदयाल निवासी सोनई राया मथुरा को छोड़ने के लिए बाइक पर जा रहा था, जैसे ही वह कस्बा इगलास मैं प्रवेश हुए तभी पीछे से आ रही अनियंत्रित टाटा मैक्स ने बाइक को टक्कर मार दी जिसमें बाइक सवार दोनों युवक लहूलुहान हो गए। इसके साथ ही बेहोश हो गए घटना देखी स्थानीय राहगीर काफी संख्या में एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया। इस बीच राहगीरों ने बाइक से पीछा कर टाटा मैक्स चालक को टाटा मैक्स सहित पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने घायलों के परिजनों को सूचना दे दी सूचना मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। वहीं घायलों की तहरीर के आधार पर पुलिस मैक्स चालक के खिलाफ कार्रवाई करने में जुटी हुई है।
✒️ *अलीगढ़ के चंडौस में नकली आभूषण थमाकर दुकानदारों को ठगा*
अलीगढ़ के चंडौस में कस्बा चंडौस में एक ठग नकली आभूषण थमाकर छह दुकानदारों को ठग ले गया। स्वर्णकारों ने कोतवाली में तहरीर दी है।स्वर्णकार शैलेंद्र वार्ष्णेय पुत्र रमेश चंद्र गुप्ता ने बताया के कस्बा के एक व्यक्ति के साथ एक राजस्थानी व्यक्ति उनकी दुकान पर आया। उसने कुछ चांदी के आभूषण दिखाए और उनके बदले में दूसरे गहनों की मांग की। गहनों को परखने के बाद उस व्यक्ति को गहने दे दिए। जिसके बाद वह व्यक्ति बारी-बारी से पांच अन्य दुकानों पर भी गया और यही प्रक्रिया अपनाई और गहने लेकर रफूचक्कर हो गया।स्वर्णकारों ने जब व्यक्ति द्वारा दिए गए पुराने गहनों को गलाया तो उन पर एक मोटी चांदी की परत थी। अंदर तांबा निकला। शैलेंद्र वार्ष्णेय ने आसपास के ज्वेलर्स से भी पूछताछ की तो सभी ने गहनों को गलाकर देखा तो सभी के अंदर तांबा निकला। ठगी का आभास होने पर जब राजस्थानी व्यक्ति को लाने वाले कस्बा के ही व्यक्ति से पूछताछ की तो वह साफ मुकर गया। व्यापारियों की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
✒️ *शिविर में 200 से अधिक मरीजों की हुई जांच*
इगलास। नगर में अलीगढ़ रोड पर सोमवार को शेखर सर्राफ मेमोरियल हास्पीटल रुसा के तत्वाधान में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ हास्पीटल की चेयरपर्सन लाजेस कुमारी ने फीता काटकर किया। इस दौरान 200 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। दवाओं के निश्शुल्क वितरण के साथ लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया। हास्पीटल के चेयरमैन सुमित सर्राफ ने कहा कि मनाव सेवा से बढ़कर कोई दूसरा धर्म नहीं है।शिविर में मरीजों के पंजीकरण के लिए अलग व निश्शुल्क दवाओं के वितरण के लिए अलग काउंटर बनाए गए थे। सुबह 10 से दो बजे तक आयोजित कार्यक्रम में मरीजों की लाइन लगी रही। परामर्स व दवा पाकर लोग काफी संतुष्ट दिखे। हास्पिटल के कर्मियों ने लोगों का ब्लड प्रेशर, बुखार, शुगर आदि की जांच की। शिविर में डा. नावेद अख्तर व डा. रुखसाना ने मरीजों को स्वास्थ्य का परीक्षण करने के बाद परामर्स दिया। डा. नावेद ने बताया कि मनुष्य की सबसे बड़ी पूंजी स्वस्थ शरीर है। फिट रहने के लिए संतुलित आहार, व्यायाम, तनावमुक्त रहना चाहिए। शिविर में संजय महेश्वरी, आशीष सक्सेना, योगेश प्रधान, संजय वर्मा, अंकुल शर्मा, विपिन कौशिक, जितेंद्र कुमार, लक्ष्मी, सलीम अख्तर आदि का विशेष सहयोग रहा।
✒️ *रैली को सफल बनाने के लिए जुटे नेता*
इगलास। 23 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का जन्मदिन किसान दिवस के रुप में मनाया जा रहा है। इस दौरान रैली को रालोद के मुखिया जयंत चौधरी व सपा के मुखिया अखिलेश यादव संबोधित करेंगे। रैली को सफल बनाने के लिए पूर्व जिलाध्यक्ष रामबहादुर सिंह ने बसोली, मधुपुर, मजूपुर, सुबकरा, पींजरी, मुरबार आदि में संपर्क किया। इस मौके पर संजीव सूयवंशी, ऋषिपाल सिंह, अब्दुल्ला शेरवानी, सत्येंद्र सिंह, रामवीर सिंह, धीरज चौधरी, केसी आजाद, सत्तो चौधरी, राजपाल सिंह आदि थे। गांव कैमावली में प्रदेश महासचिव राजकुमार सागवान, सुरेंद्र सिंह, धीरी सिंह, वेवी धनगर, रामवीर सिंह, रतन सिंह ने जनसंपर्क किया। गांव बहादुरपुर, मोनियां, दिसवार, अनवरपुर, सरकोरिया में जिला पंचायत सदस्य अमित ठेनुआं व डा. हरचरन सिंह ने संपर्क किया। सपा के पूर्व प्रदेश महासचिव रामकुमार नागर, नगर अध्यक्ष रिवजान सिद्दीकी, मोहम्मद उस्मान खां, यामीन खान अब्बासी, शकील अहमद, मोइन खान, मोहम्मद साजिद, जोएब खान, अर्जुन सिंह, अंकित सिंह ने रैली स्थाल का भ्रमण किया। वहीं महिला मोर्चा की क्षेत्रीय अध्यक्ष अनीता चाहर, जिलाध्यक्ष सुनीता मलिक, सुमन सिंह, प्रीती धनगर, वेवी धनगर, विधानासभा अध्यक्ष विजयरानी, सुमन देवी, ममता देवी आदि ने नबाब सिंह छौंकर आदि के साथ संपर्क किया।
✒️ *स्लोगन एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के प्रति किया गया जागरूक*
स्वीप अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त विद्यालयों के नोडल शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं के माध्यम से मतदाताओ को मतदान के लिए जागरूकता अभियान में स्लोगन व पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं द्वारा स्लोगन एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक किया गया, जिसमें वोट का महत्व एवं वोट के अधिकार के बारे में जानकारी देते हुए जागरूक बताया कि देश का प्रत्येक वह नागरिक जो 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुका हो अपना मतदाता पहचान पत्र आवश्य बनवाएं। इसके साथ ही छात्र छात्राओं ने स्लोगन एवं पोस्टर मेकिंग के माध्यम से “वोट मैं अपना देकर आई, चुनकर है सरकार बनाई” मतदाताओं को जागरूक किया। प्रत्येक नागरिक एवं मतदाता अपने मतदान का प्रयोग जरूर करें एवम् अपनी सरकार बनाएं “vote for a Better India”एवं पोस्टर मेकिंग के माध्यम से “तुम्हारा वोट ही तुम्हारी आवाज है” आदि के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया गया। मतदाता जागरूकता अभियान के तहत छात्र -छात्राओं ने तरह-तरह के पोस्टर मेकिंग के माध्यम से सोमवार को जनपद में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया, जिसमें उन्होंने मतदाताओं को जागरूक किया कि अपना वोट शत-प्रतिशत दें, और लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि राज चलाने वाले व्यक्ति का चुनाव ईमानदारी, समझदारी एवं अपने अनुसार कर सकें।

More Stories
यूपी विद्युत नियामक आयोग ने 8 मई को बुलाई बड़ी बैठक –
यूपी में 4 मई को होने वाले निकाय चुनाव के मतदान से पहले भारत-नेपाल की सीमा को किया जाएगा सील-
सीआईएसएफ की परीक्षा में पकड़े गए दो मुन्ना भाई-