November 1, 2026

प्रयागराज में 10 स्थानों पर मिलेगी फ्री वाईफाई की सुविधा, प्रतियोगी छात्र-छात्राएं भी उठा सकेंगे लाभ-

Spread the love

प्रयागराज में 10 स्थानों पर मिलेगी फ्री वाईफाई की सुविधा, प्रतियोगी छात्र-छात्राएं भी उठा सकेंगे लाभ..

 

प्रयागराज में अब सुभाष चौराहा, सिविल लाइंस बस अड्डा, प्रयागराज रेलवे स्टेशन का रैन बसेरा समेत 10 प्रमुख स्थानों पर अब फ्री वाईफाई सुविधा मिलेगी। डिजिटल इंडिया के तहत शहर के प्रमुख स्थलों को हाईस्पीड इंटरनेट सेवा से जोड़ा जाएगा। इस योजना के तहत स्थान चिह्नित कर लिए गए हैं।

शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को पूरी तरह से फ्री वाईफाई इंटरनेट कनेक्टिविटी से लैस किया जा रहा है। अब उन स्थानों पर पहुंचने वाले लोग हाई स्पीड वाई-फाई इंटरनेट सुविधा का लाभ ले सकेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नगर निगम की ओर से स्मार्ट सिटी योजना के तहत ऐसे इलाकों को ऑप्टिकल फाइबर केबल से जोड़ दिया गया हैं।

..हवाई अड्डे और एसआरएन पर भी मिलेंगी सुविधाएं..

जिन स्थानों पर फ्री वाईफाई सुविधा दी जानी है, उनमें सुभाष चौराहा, बस अड्डा सिविल लाइंस, रैन बसेरा प्रयागराज रेलवे स्टेशन, बम्हरौली हवाई अड्डा, नगर निगम कार्यालय, स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल. जिला महिला अस्पताल, तेज बहादुर सप्रू अस्पताल, चौक स्थित कोतवाली को शामिल किया गया है। इन स्थानों पर अब पर्यटक, तीर्थयात्री, छात्र और आम नागरिक हाई स्पीड वाईफाई इंटरनेट सुविधा का मुफ्त लाभ ले सकेंगे।

विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राएं भी इन स्थानों पर मुफ्त वाईफाई सुविधा का लाभ उठा कर पढ़ाई कर सकते हैं। नगर आयुक्त की पहल पर इसके लिए चयनित सार्वजनिक स्थानों पर हॉटस्पॉट चिह्नित कर लिए गए हैं। हॉटस्पॉट की 50 मीटर की रेंज में मौजूद लोग इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकेंगे।