6 रूट, 6 रथ यात्रा और 403 सीटें; BJP ने बना लिया यूपी फतह का यह ‘महाप्लान’
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Chunav) के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (BJP) अब चुनावी मोड में आ चुकी है. यूपी में फिर से जीत हासिल करने की तैयारियों में जुटी भाजपा ने यूपी फतह का प्लान बना लिया है और इसलिए भाजपा 19 दिसंबर से जन विश्वास यात्रा (Jan Vishwas Rath Yatra) की शुरुआत करने जा रही है. हर वोटर और समाज के हर तबके तक पहुंचने के लिए 19 दिसंबर से यूपी में भारतीय जनता पार्टी रथ यात्रा निकालने की तैयारी कर रही है. अभी तक की तैयारी के मुताबिक, 6 अलग-अलग रूट पर भाजपा रथ यात्राएं निकलेगी, जो यूपी के हर विधानसभा को कवर करेगी. रथ यात्राओं के छह रूट को फाइनल कर लिया गया है.
भारतीय जनता पार्टी चुनाव में एक बार फिर जीत हासिल करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है. यही वजह है कि 19 दिसंबर को अवध क्षेत्र की यात्रा की शुरुआत बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा अम्बेडकर नगर से करेंगे. ठीक इसी दिन यानी 19 दिसंबर को ही कानपुर क्षेत्र की यात्रा की शुरुआत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बिठूर से करेंगे. इसके अलावा, 20 दिसंबर को काशी क्षेत्र की यात्रा की शुरुआत होगी.
भाजपा के मिशन 2022 प्लान के मुताबिक, अलग-अलग स्थानों पर इन रथ यात्राओं में केंद्र और प्रदेश सरकार के मंत्री भी शामिल होंगे. इस यात्रा में केंद्र की मोदी सरकार और यूपी की योगी सरकार की उपलब्धियों को जनता को बताया जाएगा. अभी तक की तैयारी के मुताबिक, ये रथ यात्रा 15 दिन तक चलेगी. इन सभी छह रथ यात्राओं का समापन लखनऊ में कराने की तैयारी चल रही है, जहां एक बड़ी रैली आयोजित होगी.
बता दें कि 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले 2016 नवंबर में अखिलेश सरकार के खिलाफ बीजेपी ने चार परिवर्तन यात्रा निकाली थी, जिसकी शुरुआत गृह मंत्री और तत्कालीन बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने सहारनपुर से की थी. इस बार बीजेपी फिर से रथ यात्राओं के ज़रिए फिर एक बार जीत को दोहराना चाहती है.

More Stories
एक अधिशासी अभियंता निलंबित, पांच-पांच अधिशासी अभियंता व सहायक अभियंता हटाए-
यूपी में बड़े पैमाने पर जिला जजों के तबादले-
निकाय चुनाव के मद्देनजर में सार्वजनिक अवकाश घोषित-