✒️ *ओमिक्रोन एलर्ट:आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, चंडीगढ़ और कर्नाटक में ओमिक्रोन के नए मामले मिलने से हड़कंप,भारत में 38 कुल केस*
भारत में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन को लेकर खास सतर्कता बरती जा रही है।बावजूद इसके ओमिक्रोन के मामलों में बढ़ोतरी जारी है। समाचार एजेंसी पीटीआइ की रिपोर्ट के मुताबिक आंध्र प्रदेश में ओमिक्रोन का पहला केस सामने आया है।इसके अलावा नागपुर, चंढ़ीगढ़ और कर्नाटक में भी ओमिक्रोन के नए मामले पाए गए हैं। नए संक्रमितों के साथ देश में ओमिक्रोन के मामलों की संख्या बढ़कर 38 हो गई है।आंध्र प्रदेश में आयरलैंड से पहुंचे एक विदेशी यात्री में ओमिक्रोन की पुष्टि हुई है। राज्य में ओमिक्रोन का यह पहला मामला है। 34 वर्षीय शख्य पहले मुंबई पहुंचा था जिसकी कोविड-19 जांच में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई थी। बाद में 27 नवंबर को उसे विशाखापत्तनम जाने की अनुमति मिल गई।विजयनगरम में दूसरी बार आरटी-पीसीआर जांच में उसके संक्रमित होने की पुष्टि हुई।जीनोम जांच के लिए उसके नमूने को हैदराबाद भेजा गया था जिसकी रिपोर्ट में ओमिक्रोन से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इस शख्स में संक्रमण के लक्षण नहीं थे। आंध्र प्रदेश के अधिकारियों के मुताबिक राज्य में आए और संक्रमित पाए गए 15 विदेशी यात्रियों के नमूने जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए हैदराबाद भेजे गए हैं। इसमें से 10 की रिपोर्ट मिल चुकी है जिनमें से एक में ओमिक्रोन वायरस पाया गया है।वहीं कर्नाटक में रविवार को ओमिक्रोन का तीसरा केस मिला। 34 वर्षीय शख्स दक्षिण अफ्रीका से आया था और कोरोना से संक्रमित पाया गया। संक्रमित व्यक्ति का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसके प्राथमिक संपर्क में पांच लोग जबकि द्वितीयक संपर्क में 15 लोगों के आने की सूचना है। इन सभी के नमूने जीनोम जांच के लिए संबंधित प्रयोगशालाओं को भेजे गए हैं।
✒️ *संक्रमित मिले दोनों भाइयों के परिजनों और संपर्क में आए 70 लोगों का लिया गया सेंपल*
अलीगढ़ में दो कोरोना संक्रमित एक्टिव हैं। दोनों सगे भाइयों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने होम आइसोलेट किया है। इसके साथ ही इनके संपर्क में आए परिजनों समेत 70 लोगों का सैंपल जांच को लाइव भेजा गया है। यही नहीं नैनीताल से लौटा संक्रमित छात्र की रिपोर्ट नेगेटिव आने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे डिस्चार्ज कर दिया। वर्तमान समय में अलीगढ़ में संक्रमित मरीजों का उपचार चल रहा है।शहर के बन्नादेवी थाना क्षेत्र के कपिल विहार कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय व्यक्ति 23 नवंबर को मुंबई से अलीगढ़ आया था। मुंबई जाने के लिए व्यक्ति ने प्राइवेट लाइफ में 30 वर्षीय भाई समेत अपना सैंपल जांच को भेजा। जिसकी रिपोर्ट शनिवार को पॉजिटिव आ गई। दो संक्रमित मरीज मिलने से स्वास्थ विभाग में हड़कंप मच गया। विभाग की टीम ने देर रात को ही दोनों मरीजों का अपडेट लिया। दोनों मरीज एसिंप्टोमेटिक है। रविवार को चिकित्सकों की टीम कपिल विहार कॉलोनी स्थित आवास पर पहुंच गई। दोनों संक्रमित भाइयों मैं सिम्टम्स ना होने के कारण स्वास्थ विभाग की टीम ने दोनों को होम आइसोलेट किया है। साथ ही लैब टेक्नीशियन की टीम ने परिवार के सभी सदस्यों का सैंपल लेने के साथ ही संपर्क में आए लगभग 70 लोगों का सैंपल जांच के लिए दीनदयाल अस्पताल स्थित लैब में भेजा है। इनकी रिपोर्ट सोमवार को आएगी। उत्तराखंड के नैनीताल मैं पढ़ाई करने वाले 16 वर्षीय छात्र की रिपोर्ट रविवार को नेगेटिव आने पर उसे डिस्चार्ज कर दिया गया।
✒️ *हेलीकाप्टर हादसे से पहले ‘एतिहासिक विजय पर्व’ के लिए संदेश रिकार्ड कर गए थे सीडीएस जनरल रावत, सुनकर नम हो जाएंगी आंखें*
भारतीय सेना सन 1971 की लड़ाई में अपनी जीत की 50वीं वर्षगांठ विजय पर्व के तौर पर मना रही है। इस विजय पर्व को धूमधाम से मनाने को लेकर सीडीएस जनरल बिपिन रावत बेहद उत्साहित थे। समाचार एजेंसी एएनआइ की रिपोर्ट के मुताबिक सीडीएस जनरल बिपिन रावत ने इस मौके पर देश के जांबाज जवानों के लिए एक खास संदेश रिकार्ड किया था।इंडिया गेट पर रविवार को विजय दिवस की क्लोजिंग सेरेमनी में इस वीडियो संदेश को प्ले किया गया। हाल ही में हेलीकाप्टर क्रैश में अपनी जान गंवाने वाले सीडीएस के इस भावुक वीडियो संदेश को सुनकर वहां मौजूद सभी की आंखें भर आईं। अपने वीडियो संदेश में सीडीएस जनरल रावत ने कहा- ‘स्वर्णिम विजय पर्व के पावन अवसर पर मैं भारतीय सेना के सभी बहादुर जवानों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। भारतीय सेना की 1971 की लड़ाई में जीत की 50वीं वर्षगांठ को हम विजय पर्व के तौर पर मना रहे हैं। मैं इस पावन पर्व पर सशस्त्र सेनाओं के वीर जवानों को याद करते हुए उनके बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। 12 से 14 दिसंबर तक इंडिया गेट पर विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। हम सभी देशवासियों को इस विजय पर्व में शामिल होने की अपील कर रहा हूं।’ pic.twitter.com/trWYx7ogSy
✒️ *उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022: सपा में टिकट के लिए शुरू हुई दौड़, अखिलेश के पास पहुंचे हर सीट से छह-छह नाम*
फरीदपुर में दो दर्जन, आंवला में डेढ़ दर्जन, कैंट में दर्जन भर से ज्यादा । टिकट की दौड़ में लगे ऐसे दावेदारों की छंटनी शुरू हो गई। समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेताओं ने प्रत्येक विधानसभा सीट से छह-छह दावेदारों के नाम राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सामने पहुंचा दिए हैं।लखनऊ में हुई बैठक के बाद माना जा रहा कि इन्हीं छह नामों में किसी एक पर टिकट के लिए विचार कर लिया जाएगा। हालांकि दूसरे दलों तोड़फोड़ का लाभ लेने के लिए एक दरवाजा खुला छोड़ दिया गया है। यदि मजबूत दावेदार दिखेगा तो बाहरी को टिकट देने में कोई परहेज नहीं होगा। पार्टी के सभी जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष एवं विधानसभा क्षेत्र अध्यक्षों को लखनऊ बुलाया गया था। बताया जाता है कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सभी को एक कागज दिया। कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूती के लिए सुझाव दीजिए। कुछ पदाधिकारियों ने दावेदारों के नामों पर चर्चा शुरू की तो कहा कि इसी कागज पर उनके नाम भी लिख दें। जिसके बाद प्रत्येक सीट से छह-छह प्रमुख दावेदारों के नाम लिखकर दे दिए गए। यह भी कहा गया कि यदि दूसरे दलों के मजबूत दावेदार आना चाहते हैं तो उनकी संभावनाएं तलाशें। उनके नाम भी पूछे गए।
✒️ *उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022:प्रियंका गांधी ने यूपी चुनाव के लिए मांगे मध्य प्रदेश से विधायक और दिग्गज नेता*
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के लिए कांग्रेस की तैयारियां जोरों पर हैं। उत्तर प्रदेश की प्रभारी व राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मध्य प्रदेश से विधायक और दिग्गज नेताओं की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी से विधायकों और उन वरिष्ठ नेताओं के नाम मांगे गए हैं, जिन्हें यूपी चुनाव कार्यों में लगाया जा सकता है। पड़ोसी क्षेत्र ग्वालियर-चंबल और विंध्य-बुंदेलखंड से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं को भेजने की तैयारी है। इसमें मौजूदा और पूर्व विधायक भी शामिल हैं। उत्तर प्रदेश के करीब पचास विधानसभा क्षेत्र ऐसे हैं, जो मध्य प्रदेश की सीमा के करीब हैं। दोनों राज्यों के लोगों का यहां पारिवारिक रिश्ता है। पिछले विधानसभा चुनाव में भी मध्य प्रदेश से कांग्रस-भाजपा के नेता उत्तर प्रदेश में सक्रिय थे।
✒️ *कांग्रेस की महंगाई हटाओ रैली में राहुल गांधी बोले- मैं हिंदू हूं, हिंदुत्ववादी नहीं, महात्मा गांधी भी हिंदू थे*
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज जयपुर में महंगाई हटाओ रैली में कहा कि भारत हिंदुओं का देश है, हिंदुत्ववादियों का नहीं, जो किसी भी हालत में सत्ता में रहना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अगर देश में महंगाई है और दुख है तो यह हिंदुत्ववादियों ने किया है। राहुल गांधी ने यहां बढ़ती महंगाई के खिलाफ एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि यह हिंदुओं का देश है, हिंदुत्ववादियों का नहीं। अगर देश में महंगाई है और पीड़ा है, तो यह हिंदुत्ववादियों द्वारा किया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके दोस्तों ने एनडीए सरकार के दौरान देश को “बर्बाद” किया है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मोदी और उनके तीन-चार उद्योगपति मित्रों ने सात साल में देश को बर्बाद कर दिया। उन्होंने कहा कि मैं हिंदू हूं और हिंदुत्ववादी नहीं हूं। राहुल ने कहा कि चीन ने अरुणाचल प्रदेश और लद्दाख में हमारी जमीन ली है,मोदी कहते हैं कि कुछ नहीं हुआ। 700 किसान शहीद हुए, मोदी कहते हैं कि कुछ नहीं हुआ। बहुत कुछ हुआ है, बहुत लोगों की जान गई है और अब देश को आगे बढ़ना पड़ेगा।कांग्रेस की महंगाई हटाओ रैली में राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुत्ववादी अपना पूरा जीवन सत्ता की तलाश में लगा देते हैं। उन्हें सत्ता के अलावा कुछ नहीं चाहिए और इसके लिए वे कुछ भी कर सकते हैं। वे ‘सत्याग्रह’ नहीं ‘सत्ताग्रह’ के मार्ग पर चलते हैं। यह देश हिंदुओं का है, हिंदुत्ववादियों का नहीं। उनके मुताबिक, भारतीय राजनीति में ‘हिंदू’ और ‘हिंदुत्ववादी’ के बीच प्रतिस्पर्धा है। दोनों शब्दों के अलग-अलग अर्थ हैं। मैं हिंदू हूं, लेकिन हिंदुत्ववादी नहीं। महात्मा गांधी हिंदू थे लेकिन गोडसे हिंदुत्ववादी थे। ये देश हिंदूओं का देश है हिंदुत्ववादियों का नहीं है और आज इस देश में महंगाई, दर्द, दुख है तो ये काम हिंदुत्ववादियों ने किया है। हिंदुत्ववादियों को किसी भी हालत में सत्ता चाहिए। महात्मा गांधी ने पूरी जिंदगी सच को ढूंढने बीता दी और अंत में एक हिंदुत्ववादी ने उनकी छाती में तीन गोली मारी। हिंदुत्ववादी अपनी पूरी जिंदगी सत्ता को खोजने में लगा देता है उसको सत्य से कुछ लेना देना नहीं है उसे सिर्फ सत्ता चाहिए और उसके लिए वो कुछ भी कर देगा।
✒️ *बसपा मुखिया मायावती बोलीं- बसपा सरकार के कार्यकाल में रखा गया किसानों का पूरा ध्यान*
केन्द्र सरकार के तीन कृषि कानून को वापस लेने के बाद किसानों का आंदोलन भी समाप्त हो गया है, लेकिन इसको लेकर राजनीति अभी भी जारी है। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने रविवार को दो ट्वीट में अपनी सरकार के कार्यकाल को किसानों के लिए सबसे बेहतर बताया।इंटरनेट मीडिया पर बेहद सक्रिय होने के बाद मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी की सरकार में नहीं बल्कि उससे पहले की रही सरकारों के समय से ही यहां काफी चीनी मिलें बंद चल रही थीं। मायावती ने कहा कि बाद में उन्हीं में से कुछ चीनी मिलें हटाई गईं। इन सब प्रकरण को लेकर बसपा पर जबरदस्ती पूर्व की सरकारों की कमियां थोपना ठीक नहीं है।मायावती ने कह कि इसके साथ ही हाल ही में अभी हाल ही मेें बुंदेलखण्ड में यूरिया की कमी को किसान सड़कों पर उतरे। उन्होंने कहा कि वहां पर जो किसान सड़कों पर उतरे, उसे भी दूसरों पर थोपना उचित नहीं है। उत्तर प्रदेश की पूर्व सीएम मायावती ने कहा कि बीएसपी की सरकारों में किसानों का हर मामले में पूरा-पूरा ध्यान रखा गया था, जिसे किसान भूले नहीं हैं।
✒️ *भारत के चर्चित आईएस अफसर का मोबाइल नंबर हैक, एफआइआर में यूपी पुलिस ने लगा दिए एक साल*
गौतमबुद्धनगर के डीएम का पुराना बंद उपयोगकर्ता समूह (सीयूजी) नंबर हैक कर प्रयागराज के जिलाधिकारी को फोन करने का मामला सामने आया है। मामले में सेक्टर-36 साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज करके जांच की जा रही है। गौतमबुद्धनगर के डीएम के सुहास एलवाई ने बताया कि पिछले वर्ष 29 अगस्त को अज्ञात व्यक्ति ने उनके पुराने सीयूजी नंबर 9454417564 को हैक कर प्रयागराज के तत्कालीन डीएम भानु चंद्र गोस्वामी के सीयूजी नंबर-9454417517 पर फोन किया।जालसाज ने उनसे कहा कि वह डीएम गौतमबुद्धनगर बोल रहा है और प्रयागराज के डीएम से बात करना चाहता था, लेकिन कुछ देर बाद फोन कट हो गया। इसके बाद डीएम प्रयागराज ने उनसे संपर्क किया। इसपर उन्होंने डीएम प्रयागराज को बताया कि इस प्रकार का कोई फोन नहीं किया। इसकी पूरी जानकारी के लिए प्रयागराज के जिलाधिकारी से इसका स्क्रीनशाट मंगवाया।डीएम ने कहा कि जिस सीयूजी नंबर से डीएम प्रयागराज को फोन किया गया था। उस सीरीज का नंबर पुराना था। अब नए सीयूजी नंबर चल रहे हैं। आशंका है कि काल स्पूफिंग के जरिये फोन किया गया है। यह एक ऐसी तकनीक है जिसका अज्ञात व्यक्ति किसी और का मोबाइल नंबर इस्तेमाल करके किसी और को फोन कर सकता है।साइबर क्राइम थाने ने डीएम की शिकायत को दर्ज करने में एक साल से अधिक समय लगा दिया। जबकि डीएम ने मामले की शिकायत 30 अगस्त 2020 को की थी। वहीं साइबर थाने की प्रभारी निरीक्षक रीता यादव ने बताया कि शिकायत मिलने के तुरंत बाद जांच शुरू कर दी थी। जांच आख्या के बाद एसपी साइबर क्राइम त्रिवेणी सिंह के आदेश पर पर 8 नवंबर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
✒️ *पति की हादसे में मौत, ससुरालियों पर 56 लाख रुपये हड़पने का आरोप, बन्नादेवी थाने में मुकदमा दर्ज*
अलीगढ़ बन्नादेवी थाने में चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी से 56 लाख रुपये हड़पने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला का आरोप है कि पति की हादसे में मौत हो गई थी। आरोप है कि इसके बाद ससुरालियों ने पति की कंपनी की ओर से दी हुई रकम को हड़प लिया है। पुलिस जांच कर रही है।जवां के साथा निवासी अरुणा सिंह पुत्री खिलाड़ी सिंह ने कुछ दिन पहले एसएसपी से शिकायत की थी। इसमें कहा था कि उनकी शादी पांच फरवरी 2017 को बन्नादेवी क्षेत्र के दुर्गा कालोनी रामनगर निवासी भूपेंद्र के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन दहेज को लेकर प्रताड़ित करने लगे। आएदिन मारपीट की जाती थी। उसके बाद भी सहन करती रही। मगर कुछ समय बाद पति को भी घर से निकाल दिया। इसके बाद अरुणा व भूपेंद्र नीम करौरी धाम अपार्टमेंट में रहने लगे। पति एक कार के शोरूम में काम करते थे। घरवालों के उत्पीड़न से वे मानसिक तनाव में रहते थे। इसी मानसिक तनाव के कारण 17 दिसंबर 2020 को पति का कार से एक्सीडेंट हो गया, जिसमें उनकी मौत हो गई। आरोप है कि पति की मौत के बाद ससुरालियों ने अरुणा को गुमराह करके धोखाधड़ी से दो ब्लैंक चेक पर हस्ताक्षर करा लिए और उनकी कंपनी की ओर से दी गई 56 लाख रुपये की धनराशि को अपने खाते में ट्रांसफर कराकर निकाल लिया है। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने ससुर मदरेश कुमार, सास लोकेश कुमारी, जेठ विजय कुमार व जेठानी नीरज चौहान के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर सुभाष बाबू ने बताया कि जांच की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। किसी निर्दोष के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी।
✒️ *उत्तर प्रदेश में जनवरी के चौथे सप्ताह में यूपीटीईटी संभावित, परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय ने भेजा प्रस्ताव*
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2021 का आयोजन अगले साल जनवरी के चौथे सप्ताह में संभावित है। इस बाबत परीक्षा नियामक प्रधिकारी कार्यालय ने शासन को प्रस्ताव भेजा है। इस बीच शासन ने पूर्व में निर्धारित सभी परीक्षा केंद्रों का परीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। यूपीटीईटी-2021 का पेपर आउट होने के बाद अब पुनर्परीक्षा के लिए फूंक-फूंक कर कदम रखा जा रहा है।यूपीटीईटी-2021 का आयोजन 28 नवंबर को किया गया था। पहली पाली में प्राथमिक स्तर की शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए 2554 केंद्र बनाए गए थे और 1291628 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। वहीं, दूसरी पाली में उच्च प्राथमिक स्तर की शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए 1747 केंद्र बनाए गए थे और 873553 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।पहली पाली की परीक्षा का पेपर आउट हो जाने के कारण पूरी परीक्षा निरस्त कर दी गई थी और सरकार की ओर से बयान जारी किया गया था कि एक माह में पुनर्परीक्षा कराई जाएगी। पुन: परीक्षा जल्द कराई जा सके, इसके लिए अनुभवी अनिल भूषण चतुर्वेदी को सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी पद की जिम्मेदारी दोबारा सौंप दी गई।परीक्षा 20 से 25 जनवरी के बीच कराए जाने की तैयारी है। 23 जनवरी को रविवार का साप्ताहिक अवकाश है। ऐसे में 23 को परीक्षा के आयोजन की संभावना अधिक है। वहीं, परीक्षा केंद्रों में कोई गड़बड़ी न हो इसके लिए शासन ने सभी जिलाधिकारियों को पत्र जारी करने कमेटी बनाने और परीक्षा केंद्रों का परीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। अगर केंद्रों में कोई गड़बड़ी पाई जाती है तो उन्हें बदला जाएगा।उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2021 का आयोजन अगले साल जनवरी के चौथे सप्ताह में संभावित है। इस बाबत परीक्षा नियामक प्रधिकारी कार्यालय ने शासन को प्रस्ताव भेजा है। इस बीच शासन ने पूर्व में निर्धारित सभी परीक्षा केंद्रों का परीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं।
✒️ *रिपोर्ट:विश्व बैंक ने जताई कोरोना के दौरान स्कूल बंद रहने से 17 लाख करोड़ डॉलर के नुकसान की आशंका*
कोरोना महामारी से हुए नुकसान के कारण छात्रों की वर्तमान पीढ़ी पर उनके जीवन की कमाई के 17 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर के नुकसान का खतरा है। यह पूरी दुनिया के वर्तमान जीडीपी का लगभग 14 प्रतिशत है। विश्व बैंक और यूनेस्को ने इससे जुड़ी एक रिपोर्ट प्रकाशित की है। इस रिपोर्ट में कोरोना महामारी के दौरान स्कूलों के बंद होने से नुकसान का अंदाजा लगाया गया है। इस रिपोर्ट को ”स्टेट ऑफ द ग्लोबल एजुकेशन क्राइसिस : अ पाथ टू रिकवरी रिपोर्ट” नाम दिया गया है। इसमें बताया गया है कि स्कूलों पर कोरोना का प्रभाव अनुमान से ज्यादा पड़ा है। यह 10 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर के पूर्वानुमान से कहीं अधिक है। इसमें बताया गया है कि मध्यम और कम आय वाले देशों में पहले से 53 फीसदी बच्चे शिक्षण की समस्या से जूझ रहे थे। अब कोरोना महामारी के कारण स्कूलों के बंद होने के बाद यह बढ़कर 70 फीसदी तक पहुंच सकती है।विश्व बैंक के वैश्विक शिक्षा निदेशक जैमी सावेद्रा ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण हुई स्कूलों के बंद होने की घटना ने दुनियाभर में शिक्षा की रफ्तार को रोक दिया है। महामारी आने के 21 महीने बाद भी कई स्कूल बंद हैं। लाखों छात्र स्कूलों से दूर हैं और कई तो अब कभी स्कूलों में जा ही नहीं पाएंगे। बच्चों का यह नुकसान मंजूर नहीं किया जा सकता। इससे उनके भविष्य में नकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेंगे। इस पीढ़ी की उत्पादकता, कमाई, रहन-सहन सभी बातों पर इस महामारी का बुरा असर होगा। यह उनके परिवार और पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था के लिए बुरा होगा।
✒️ *सरसों के तेल की दुकानों पर छापेमार कार्यवाही, 170 लीटर तेल किया सील*
शासन के निर्देशानुसार, डीएम अलीगढ़ सेल्वा कुमारी जे. के आदेशों के क्रम में उप जिलाधिकारी गभाना भावना व सीओ गभाना मनीष एवं एफडीए विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा तहसील गभाना में विभिन्न सरसों तेल विक्रेताओं पर छापामार कार्यवाही की गई। इस कार्यवाही में 170 लीटर सरसों का तेल सील कर जांच के लिए नमूने लिए गए। जिसे जांच हेतु प्रयोगशाला में भेजा गया। इस मौके पर एफएसओ शिवनाथ एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
✒️ *अलीगढ़ जनपद में 600 दुकानों पर 25 हजार कार्डधारकों को मिला मुफ्त राशन*
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत डबल इंजन की सरकार द्वारा प्राप्त लाभार्थियों को निशुल्क राशन का वितरण किया गया। जनपद भर में जनप्रतिनिधियों द्वारा रविवार को अपने अपने क्षेत्रों में पात्र लाभार्थियों को निशुल्क खाद्यान्न वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। राशन वितरण की श्रृंखला में क्षेत्रीय सांसद अलीगढ़ ने पला साहिबाबाद क्षेत्र में निशुल्क खाद्यान्न वितरण का शुभारंभ किया। वहीं अन्य विधायकों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा भी राशन की दुकानों पर पहुंचकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा भेजे गए खाद्यान्न का बिल्कुल फ्री में वितरण सुनिश्चित कराया।उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा अंत्योदय राशन कार्ड धारकों को 35 किलो निशुल्क खाद्यान्न जिसमें 15 किलो चावल एवं 20 किलो गेहूं दिया जा रहा है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों को 5 किलो प्रति यूनिट जिसमें 2 किलो चावल 3 किलो गेहूं दिया जा रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर निशुल्क राशन के साथ ही एक 1 किलो खाद्य तेल, नमक एवं चना का भी वितरण किया जा रहा है।खाद्यान्न एवं अन्य सामान मार्च 2022 तक निशुल्क वितरित किया जाएगा।प्राप्त जानकारी के अनुसार एमएलसी मानवेंद्र प्रताप सिंह, ज़िला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह, विधायक अनूप प्रधान, विधायक दलबीर सिंह, महापौर मोहम्मद फुरकान, ब्लाक प्रमुख जवां हरेंद्र सिंह, ब्लाक प्रमुख चंडौस सत्यप्रकाश,नगर पंचायत अध्यक्ष इगलास ओंकार प्रसाद ने अपने-अपने क्षेत्र की राशन की दुकान पर पहुँच कर पात्र लाभार्थियों को निशुल्क खाद्यान्न, तेल एवं चना का वितरण सुनिश्चित किया।
✒️ *204 से बढ़कर 280 रुपये हो सकती है यूपी में मनरेगा की मजदूरी, केन्द्र को भेजा गया प्रस्ताव*
मनरेगा के तहत मानव दिवस सृजित करने और गांवों के विकास का रिकार्ड बनाने के बावजूद प्रदेश के पश्चिमी हिस्से के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में मनरेगा का योगदान नहीं के बराबर है। मजदूरी कम होने से इस जिलों में मनरेगा में मजदूर मिल ही नहीं रहे हैं। प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजकर मांग की है कि हरियाणा और पंजाब की तरह विकसित पश्चिमी यूपी के जिलों में मनरेगा मजदूरी की दरें बढ़ाई जाएं।केंद्र सरकार ने इस प्रस्ताव को मंजूर किया तो पश्चिमी यूपी में मनरेगा के तहत काम करने वाले मजदूरों को 280 रुपये की दर से पारिश्रमिक मिलने लगेगा। अभी पश्चिमी यूपी में उत्तर प्रदेश के लिए केंद्र सरकार से तय 204 रुपये पारिश्रमिक ही दी जाती है। ग्राम्य विकास विभाग के मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह “मोती सिंह” और अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह का कहना है कि केंद्र सरकार से राज्य में खासकर पश्चिमी यूपी में मनरेगा के तहत मजदूरी बढ़ाने की मांग की गई है। इस मुद्दे पर ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार के अधिकारियों से बातचीत भी की जा रही है।
✒️ *केक काटकर मनाया लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष का जन्मदिन*
अलीगढ़ समाजवादी लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामकरण निर्मल का रविवार को लाल डिग्गी स्थित बरगद हाउस पर जिलाध्यक्ष पंकज यादव के नेतृत्व में केक काटकर और पौधरोपण कर जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान पदाधिकारियों ने अंबेडकर पार्क में डॉ भीमराव अंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण भी किया। पंकज यादव ने कहा के डॉ. रामकरण निर्मल ने संगठन को मजबूत करने के साथ प्रदेश में सक्रिय कार्यकर्ताओं को जोड़कर धारदार बनाया है। संगठन के सक्रिय और मजबूत कार्यकर्ता 2022 में सपा का परचम लहराने को पूरे तन मन से जुटे हुए हैं। प्रदेश सचिव प्रकार मिर्जा ने कहा कि हम सब बाबा साहब के पद चिन्हों पर चलकर उनके सपनों को पूरा करेंगे। मौके पर पूर्व महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव, उपाध्यक्ष पंकज बाल्मीकि, शिव कुमार उर्फ तोता, प्रभात सविता, मोहम्मद अमन, मनोज यादव, गौरव, प्रवीण सूर्यवंशी, शंकर यादव, सत्यम कुमार, मोहम्मद शाकिर, सीमा, सुनीता, प्रवीण सूर्यवंशी, विमलेश सूर्यवंशी, सुधा गुप्ता, मुकेश सूर्यवंशी, बृजेश गोरी मौजूद रहे।
✒️ *अलीगढ़ में शराब माफिया के स्वजन का धरना जारी, समर्थन देने पहुंचा विप्र एकता मंच*
शराब प्रकरण में आरोपित ऋषि शर्मा व अनिल चौधरी के माता-पिता का धरना आज चौथे दिन भी जारी रहा। घंटाघर के पास आंबेडकर पार्क में चल रहे धरने पर बैठे लोगों से राष्ट्रीय विप्र एकता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मित्रेश चतुर्वेदी ने मुलाकात की। कुछ देर तक उनके साथ धरने पर बैठकर सीबीआइ जांच कराने की मांग का समर्थन भी किया। दोनों माफिया के स्वजन मामले की सीबीआइ जांच की मांग कर रहे हैं।तीन अक्टूबर की रात को ऋषि शर्मा की पत्नी रेनू शर्मा की मौत हो गई थी। जेल प्रशासन का कहना था कि तबीयत बिगड़ने पर रेनू को जेएन मेडिकल कालेज ले जाया गया था, जहां मौत हुई। लेकिन, स्वजन का आरोप है कि जिला कारागार में साजिशन उसकी हत्या कराई गई। इसके बाद गुरुवार सुबह से ऋषि के पिता राम प्रकाश व माता कैलाशी देवी और अनिल चौधरी के पिता करन सिंह व माता सुखपाली घंटाघर स्थित आंबेडकर पार्क के बाहर धरने पर बैठे हैं। शनिवार को रेनू की अस्थियां भी यहां रख ली गईं। इनका कहना है कि तब तक नहीं हटेंगे, जब तक न्याय नहीं मिलेगा। इधर धरने में पहुंचे विप्र एकता मंच के अध्यक्ष मित्रेश चतुर्वेदी ने कहा कि किसी एक व्यक्ति के अपराध की सजा पूरे परिवार और सगे संबंधियों को देना कहां का न्याय है? निर्दोष रेनू शर्मा की जेल में मौत हो गई। इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। इस पूरे प्रकरण की सीबीआइ जांच होनी चाहिए। लेकिन, प्रशासन ने ऐसा न करके निर्दोष लोगों को पकड़कर जेल भेजा। अगर सीबीआइ जांच नहीं हुई तो ब्राह्मण समाज आंदोलन करेगा। इस अवसर पर राष्ट्रीय संगठन प्रभारी विजयवर्ती पाठक, संगठन मंत्री दुर्गादत्त उपाध्याय, सचिव तरुण चतुर्वेदी, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मोहित उपाध्याय, मंडल अध्यक्ष ध्रुव दीक्षित, जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष पुनीत गौड़, जिला सचिव पंकज उपाध्याय आदि मौजूद थे।
✒️ *रोरावर क्षेत्र में सवारियों से भरा टेंपो खड़े कंटेनर से टकराया, 2 लोग घायल*
थाना बन्नादेवी क्षेत्र के बरौला जाफराबाद निवासी सुमित और प्रदीप मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं। रविवार की सुबह में मजदूरी करने के लिए टेंपो में सवार होकर जा रहे थे इसी दौरान घोरावल क्षेत्र में हड्डी गोदाम के पास खड़े कंटेनर से टेंपो टकरा गया जिसमें दोनों सुमित और प्रदीप घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया वहीं टेंपो चालक को पकड़कर थाने ले आए। सुमित ने जानकारी देते हुए बताया कि टेंपो चालक लापरवाही से टेंपो चला रहा था और जब कैंटर की तरफ टेंपो गया तो उसको आवाज दी लेकिन उसने और रेस बढ़ा दी जिससे टेंपो कैंटर से टकरा गया। ऐसा लग रहा था कि उसने शराब पी रखी थी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
✒️ *अलीगढ़ जनपद में दो प्रधान पदों के लिए सात उम्मीदवारों ने किया नामांकन*
अलीगढ़ जनपद में रिक्त चल रहे प्रधान व सदस्य पदों के लिए आज नामांकन दाखिल किए।अकराबाद के कठौरा गांव पर प्रधान पद के लिए तीन ने नामांकन दाखिल किया, जबकि लोधा के भगवानपुर गांव में प्रधान पद के लिए 4 ने नामांकन किया। इसके अलावा विभिन्न ब्लाकों में सदस्य पदों के लिए भी नामांकन दाखिल किए गए।सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि जिले में अकराबाद ब्लाक की ग्राम पंचायत कठैरा एवं लोधा ब्लाक की ग्राम पंचायत भगवानपुर में प्रधान पद लंबे समय से रिक्त चल रहा था। ग्राम पंचायत सदस्यों के भी 91 पद रिक्त थे। अकराबाद में नौ वार्ड, अतरौली में 24, इगलास में आठ, खैर में दो, गंगीरी में 11, गोंडा में आठ, चंडौस व जवां में एक-एक, टप्पल में 11, धनीपुर में 12, बिजौली में पांच, व लोधा ब्लाक में सात ग्राम पंचायत सदस्य के पद खाली हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के आदेशानुसार आज ब्लाक स्तर पर नामांकन दाखिल किया गया। कठैरा गांव से तीन नामांकन आए। भगवानपुर में चार उम्मीदवारों ने नामांकन किए। बताया कि सदस्यों के 91 पदों में से 77 पदों पर एक-एक नामांकन आया। सात पदों पर दो-दो नामांकन आए हैं। वहीं, सात पद ऐसे रहे, जिन पर किसी ने भी नामांकन नहीं किया है। सोमवार को सुबह 10 बजे से कार्य समाप्ति तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। 14 दिसंबर को सुबह दस बजे से दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी प्रक्रिया होगी। इसी दिन चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए जाएंगे। 20 दिसंबर को चुनाव होगा और 21 दिसंबर को सुबह आठ बजे से मतगणना होगी।
✒️ *भाजपा कार्यकर्ताओं ने विमान हादसे में हुए शहीदों को दी श्रद्धांजलि*
अलीगढ़ के लोधा ब्लॉक के गांव सिंघारपुर में भाजपा किसान मोर्चा कार्यकर्ताओं ने विमान दुर्घटना में शहीद हुए सीडीएस जनरल बिपिन रावत व उनकी धर्मपत्नी सहित 13 जांबाज सैनिकों की शहादत पर आज मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।श्रद्धांजलि सभा में किसान मोर्चा भाजपा के मडराक मंडल मंत्री हेमंत सारस्वत ने बताया कि आज कुन्नूर में हुए हादसे में शहीदों को मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि दी गई। उन्होंने कहा कि यह शहीद वह शहीद हैं जो जान पर खेलकर हमारी रक्षा के लिए हर समय जल थल सेना में बॉर्डर पर जुटे रहते हैं इनकी शहादत से हमें सीख लेनी चाहिए और सभी जवानों को सम्मान देना हमारा फर्ज बनता है। साथ ही जांबाज सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रख शहीदों की आत्मा को शांति की कामना की।
✒️ *शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन वसीम रिजवी को सनातन धर्म में घर वापसी कराने पर महामंडलेश्वर का किया स्वागत*
युवा क्रांति मंच के कार्यकर्ताओं द्वारा सनातन धर्म प्रेमी महामंडलेश्वर अन्नपूर्णा भारती के आवास सनातन भवन पर जा कर कार्यकर्ताओं ने महामंडलेश्वर का स्वागत चुनरी और भारत माता की तस्वीर भेंट कर किया सशक्त महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष गीता मित्तल ने कहा महामंडलेश्वर द्वारा शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन वसीम रिजवी को सनातन धर्म में घर वापसी कराने पर महामंडलेश्वर ने परिवर्तन की दिशा में कदम रखा है सोनू सविता ने कहा इस स्वेच्छा परिवर्तन के लिए हिंदू समाज महामंडलेश्वर का आभारी रहेगा और अब आगाज हो चुका है परिवर्तन का । युवा क्रांति मंच के प्रदेश मंत्री मोनू दीवान पुनीत शर्मा,कौशल सिंगर दिनेश राजोरिया,गिरेंद्र लोधी, गौरव गुप्ता ,महानगर संयोजक शशांक वर्मा,महानगर महामंत्री शिवांग तिवारी,दीपक शर्मा ,सुनील लोधी,शिवांग तिवारी,सौरभ राणा,हर्ष लोधी
,विवेक शर्मा,शिदार्थ पंडित आदि लोग उपस्थित रहे ।
✒️ *डा. विभव वार्ष्णेय बने व्यापार मंडल के सरंक्षक*
अलीगढ़ उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष मास्टर ओमप्रकाश ने बताया कि बाल रोग विशेषज्ञ डा. विभव वार्ष्णेय को संरक्षक बनाया गया है। व्यापारियों ने डा. विभव वार्ष्णेय को पटका पहनाकर स्वागत किया। रामघाट रोड किड्स केयर पर हुए कार्यक्रम में व्यापारियों ने भाजपा नेजा व डा. विभव वार्ष्णेय का स्वागत किया। इस मौके पर अनूप गुप्ता, हाजी सुलेमान, दीपक वार्ष्णेय, विवेक गुप्ता, विष्णु वार्ष्णेय, धर्मेंद्र रौनक, आशीष जुगनू, दीपू गांधी, विवेक, गौरव मौजूद रहे।
✒️ *मां सरस्वती सांस्कृतिक क्लब की कार्यकारिणी का हुआ गठन,रेशु अग्रवाल बनी अध्यक्ष*
मां सरस्वती सांस्कृतिक क्लब के तत्वाधान में नौरंगाबाद स्थित कार्यालय पर एक वार्षिक सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता रेशू अग्रवाल ने की।सभा में 2022 की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।क्लब के चुनाव अधिकारी राजन अग्रवाल ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए एक बार फिर से रेशू अग्रवाल को चुना गया उपाध्यक्ष पद पर मिथिलेश अग्रवाल को सचिव पद पर प्रगति अग्रवाल को महासचिव पद पर आकृति अग्रवाल कोषाध्यक्ष पद पर आरती गुप्ता और ऑडिटर पद पर पूजा यादव को चुना गया ।उसके उपरांत कार्यकारी सदस्यों में दीपक गोयल ,अखिलेश अग्रवाल, शिवांश शर्मा, गगन अग्रवाल, वरून मौर्य,सतीश यादव को चुना गया। क्लब के अधिवक्ता भुवनेश अग्रवाल ने सभी नई कार्यकारिणी के सदस्यों को बधाई दी है चुनाव अधिकारी ने बताया कि नई कार्यकारिणी का शपथ समारोह 1 जनवरी 2022 को क्लब कार्यालय पर ही आयोजित किया जाएगा नवनिर्वाचित अध्यक्षा रेशू अग्रवाल ने कहा कि हमारा क्लब समय-समय पर सामाजिक कार्य कराता रहा है और मेरा प्रयास है कि आगे भी मैं क्लब की मर्यादा को ध्यान में रखते हुए उचित प्रयास करती रहूंगी।सभा में भुवनेश अग्रवाल, राजन अग्रवाल, नरेंद्र कुमार, संतोष बाबू अग्रवाल,मुकेश गुप्ता, ध्रुव शर्मा, तरुण अग्रवाल, मीरा शर्मा आदि उपस्थित थे।
✒️ *अलीगढ़ नुमाइश में 26 दिसंबर को मचेगा डांस का धमाल,होगा इंडियन डांस कप,देशभर से जुटेंगे कलाकार*
अलीगढ़ के इतिहास में पहली बार नेशनल लेवल के डांस टेलेंट शो ‘इंडियन डांस कप’ का ग्रांड फिनाले अलीगढ़ नुमाइश में होने जा रहा है। 26 दिसंबर को नुमाइश में डांस का धमाल मचेगा। देशभर से करीब 300 प्रतिभागियों के इसमें शामिल होने के लिए आडिशन देने की संभावना है। बेस्ट डांसर का चयन करने के लिए निर्णायक मंडल में रियलिटी शो की प्रसिद्ध हस्तियां शामिल होंगी। इंडियन डांस कप’ (आइडीसी) डांस टेलेंट शो के संयोजक ललित कुमार ने बताया कि ‘डांस दीवाने-3’ फेम अलीगढ़ के सुल्तान सोहेल खान को समर्पित इस प्रतियोगिता में पंजाब, असम, हैदराबाद, कोलकाता, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, मुंबई, दिल्ली, बिहार आदि राज्यों से प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। आनलाइन व आफलाइन रजिस्ट्रेशन व आडिशन जारी हैं। अलीगढ़ आडिशन के लिए फार्म छह दिसंबर से होटल धीरज पैलेस मे उपलब्ध करा दिए गए हैं। सीनियर व जूनियर ग्रुप के विजेताओं को 51 हजार रुपयों की धनराशि व ट्राफी प्रदान की जाएगी।
✒️ *परिवहन विभाग द्वारा वाहनों में रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप एवं सड़को पर अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों के विरुद्ध की गई कार्रवाई*
अलीगढ़ में तृतीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतिम दिन आज परिवहन विभाग द्वारा वाहनों में रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप एवं सड़को पर अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, प्रवर्तन अमिताभ चतुर्वेदी ने बताया कि सभी ट्रांसपोर्ट वाहनों पर रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप का लगना अनिवार्य है। यह सफेद टेप आगे, पीला बगल में व लाल पीछे की ओर ठीक ढंग से पूरी गाड़ी को कवर करते हुए लगाया जाना चाहिए। रात्रि में एवं विशेष रूप से शीत काल में कुहरे से दृश्यता कम हो जाती है जिसे इस टेप के माध्यम से कम किया जा सकता है और दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। इसी प्रकार वाहनों को गलत ढंग से पार्क करने पर दुर्घटना की संभावना रहती है अत वाहनों को निर्धारित स्थल पर ही पार्क करना चाहिए।
✒️ *विक्की कौशल और कटरीना कैफ की शादी में बेहद आलीशान रूम में ठहरे थे मेहमान*
विक्की कौशल और कटरीना कैफ ने बीते दिनों एक-दूसरे से शादी कर ली है। इन दोनों की शादी राजस्थान के सवाई माधोपुर के सिक्स सेसेंज फोर्ट बरवाड़ा में हुईं। विक्की कौशल और कटरीना कैफ की शादी के लिए इस आलीशान फोर्ट को शानदार तरीके से सजाया गया था। इतना ही नहीं मेहमानों को लक्जरी रूम में भी ठहराया किया था। जिसे कीमती चीजों से सजाया गया था।इस बीच विक्की कौशल की कजिन बहन डॉ. उपासना वोहरा ने बताया है कि उन्हें सिक्स सेसेंज फोर्ट बरवाड़ा के जिस रूम में ठहराया गया था उस रूम में टॉयलेट में लगी सीट की कीमत 6 लाख रुपये थी। वह टॉयलेट सीट मोशन सेंसर से लेस थी। इस बात का खुलासा उपासना और उनके पति अरुणेंद्र कुमार ने यूट्यूब पर एक वीडियो शेयर करके किया है। उपासना और अरुणेंद्र कुमार ने सिक्स सेसेंज फोर्ट बरवाड़ा में अपने रूम का एक वीडियो शेयर किया है।इस वीडियो में उन्होंने फोर्ट के लक्जरी रूम को दिखाया है। साथ ही अपने बेडरूम से उन्होंने फोर्ट का व्यू भी दिखाया है। वीडियो में सिक्स सेसेंज फोर्ट बरवाड़ा के रूम के बारे में बात करते हुए उपासना और अरुणेंद्र कुमार ने अपना टॉयलेट भी दिखाया है। टॉयलेट को दिखाते हुए इन दोनों ने बताया है कि इस टॉयलेट सीट की कीमत 6 लाख रुपये है। इसके अलावा उपासना और अरुणेंद्र कुमार ने सिक्स सेसेंज फोर्ट बरवाड़ा के बारे में और भी बहुत कुछ बताया है।इतना ही नहीं सिक्स सेसेंज फोर्ट बरवाड़ा को विक्की कौशल और कटरीना कैफ की शादी पर खास तरीके से भी सजाया गया था। शादी को यादगार बनाने के लिए दिल्ली के गाजीपुर से लाए गए अलग-अलग किस्म के साढ़े पांच लाख टन फूलों से सजावट की गई थी । सेहराबंदी से लेकर रात्रिभोज तक अलग-अलग फूलों से सजावट की गई। जानकारी के अनुसार विक्की कौशल और कटरीना कैफ की शादी में करीब 100 कारीगरों ने गुलाब गेंदा, चमेली, हजारे,आर्किड सहित अन्य किस्म के फूलों से सजावट की।दोनों की शादी हिंदू रीति-रीवाज से सम्पन्न हुई थी। वरमाला के लिए स्टेज तक विक्की कौशल चांदी की बग्गी में सवार होकर पहुंचे थे, वहीं कटरीना कैफ को पालकी में लाया गया। वरमाला के समय कटरीना लाल जोड़े और विक्की सफेद शेरवानी में नजर आए थे। सवाई माधोपुर स्थित होटल बरवाड़ा फोर्ट के मर्दाना महल के पीछे बनाए गए मंडल में विक्की कौशल और कटरीना कैफ ने फेरे लिए थे।
✒️ *अलीगढ़ में जानवरों के हेल्थ चेकअप को लगाया गया शिविर*
अलीगढ़ रामघाट रोड स्थित स्टेडियम के सामने अंतरिक्ष पेट पर आज जानवरों के हेल्थ चेक अप के लिए शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें सड़कों पर घूमने वाले कुत्तों और पालतू कुत्तों एवं बिल्लियों का निशुल्क उपचार किया गया। हेल्थ शिविर में डॉक्टर विराम ने बताया कि शहर और गलियों में घूमने वाले कुत्ते खतरनाक हो चुके हैं। या कभी भी किसी को भी शिकार बना लेते हैं। ऐसे में अगर इन्हें रेबीज का इंजेक्शन लगा दिया जाए तो काटने पर रेबीज का खतरा नहीं होगा। बताया कि शिविर में लगभग 50 से अधिक गलियों में घूमने वाले कुत्ते को रेबीज का इंजेक्शन लगाया गया है। इसके साथ ही पालतू कुत्तों और बिल्लियों का भी उपचार किया गया। पालतू जानवरों के विभिन्न बीमारियों का उपचार कर उन्हें दवा भी वितरित किया गया। इस मौके पर नीरज शर्मा, हेमन्त, डॉ प्रकाश, पंकज कुमार, राहुल,विकाश, प्रवीण, अरुण आदि लोग मौजूद रहे।
✒️ *इगलास क्षेत्र में एक माह से युवक लापता*
इगलास कोतवाली क्षेत्र के गांव ब्यौंही निवासी एक विधवा महिला बेटे की तलाश में फोटो लेकर पैदल ही भटक रही है। एक माह से उसका बेटा घर से गायब है।ब्यौंही निवासी सम्मो पत्नी शमीम खां का कहना है कि उसका 18 वर्षीय बेटा कासिम विगत 14 नवंबर की सांय से घर से लापता है। वह मानसिक रुप से विक्षिप्त है। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कहीं पता नहीं चला है। महिला ने कोतवाली में रिपोर्ट भी दर्ज कराई है।
✒️ *इगलास मंडी रोड पर होगी रालोद व सपा की रैली, स्थान का हुआ चयन*
अलीगढ़ इगलास रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. जयंत सिंह व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की रैली को लेकर रालोद पदाधिकारियों ने रविवार को एक गेस्ट हाउस में बैठक की। रैली में जिले से 300 बस, ट्रैक्टर व कार से लोगों को लेकर आने का दावा किया जा रहा हैं। जिलाध्यक्ष कालीचरन सिंह ने रैली के लिए चंदा में पांच लाख 51 हजार, पूर्व विधायक त्रिलोकीराम दिवाकर ने पांच लाख, प्रेम सिंह जाटव ने 1.5 लाख, वीरेंद्र बघेल ने 2.5 लाख रुपये दिए, वहीं अन्य कार्यकर्ताओं ने भी अपनी सामर्थ के अनुसारा चंदा दिया।बृज क्षेत्र के अध्यक्ष जगपाल सिंह ने बताया कि 23 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री चौ. चरण सिंह जन्मदिवस पर परिवर्तन रैली के लिए स्थान का चयन हो गया है। रैली इगलास के मंडी रोड पर होगी। देश व प्रदेश के वीआईपी इस रैली में शामिल होंगे। प्रदेश महासचिव संगठन राजकुमार सांगवान ने कहा कि किसानों के मसीहा चौधरी साहब के सभी अनुयाईयों को इस रैली में योगदान देना है। कार्यकर्ताओं के कार्य की समीक्षा होगी। प्रत्येक घर में जाकर लोगों को रैली में पहुंचने के लिए जागरुक करना है। जिलाध्यक्ष कालीचरन सिंह ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जिम्मेदारी का निर्वहन करने का आव्हान किया। अध्यक्षता उर्मिला सिंह व संचालन सुरेंद्र सिंह ने किया। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष रामबहादुर सिहं, पूर्व विधायक सत्यपाल सिंह, नबाब सिंह, अमित ठेनुआं, प्रेम सिंह, वीरेंद्र बघेल, वीरपाल दिवाकर, रामवीर सिंह, ऋषिपाल सिंह, ओमपाल सिंह, कुलदीप सिंह, राहुल शर्मा l

More Stories
यूपी विद्युत नियामक आयोग ने 8 मई को बुलाई बड़ी बैठक –
यूपी में 4 मई को होने वाले निकाय चुनाव के मतदान से पहले भारत-नेपाल की सीमा को किया जाएगा सील-
सीआईएसएफ की परीक्षा में पकड़े गए दो मुन्ना भाई-