April 18, 2026

*तमिलनाडु में बीजेपी और एआईएडीएमकेके बीच गठबंधन का ऐलान*

Spread the love

महाराष्ट्र में शिवसेना और बीजेपी में गठबंधन के बाद तमिलनाडु में भी बीजेपी और एआईएडीएमके के बीच मिलजुल कर चुनाव लड़ने पर सहमति बन गई है। दोनों दलों ने एक साथ मिलकर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। गठबंधन के ऐलान के बाद बीजेपी नेता पीयूष गोयल ने कहा कि 21 विधानसभा के उपचुनाव में बीजेपी एआईएडीएमके उम्मीदवारों का समर्थन करेगी। यहां बीजेपी 5 व एआईएडीएमके 39 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

तमिलनाडु के डिप्टी सीएम पन्नीरसेल्वम ने कहा कि बीजेपी लोकसभा की पांच सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके साथ ही दोनों दल तमिलनाडु और पुडुचेरी में एक साथ मिलकर चुनाव लडे़ंगे। बीजेपी के नेता पीयूष गोयल ने कहा कि तमिलनाडु में बीजेपी और एआईएडीएमके एक साथ मिलकर इतिहास रच चुके हैं। और एक बार फिर हम इस चुनाव में बेहतर करेंगे।

पीयूष गोयल ने कहा कि आज देश में नकारात्मक राजनीति का वातावरण बनाया गया है। लेकिन एक बात साफ है कि देश की जनता का भरोसा पीएम नरेंद्र मोदी में बरकरार है। उन्होंने कहा कि राज्य में एआईएडीएमके के नेतृत्व में हम लोग जनता के बीच जाएंगे जबकि केंद्र की लड़ाई में हमारा चेहरा पीएम नरेंद्र होंगे।