June 21, 2026

*शहीद के पिता से बोलीं प्रियंका- मैंने भी अपने पिता को खोया है, समझ सकती हूं आपका दर्द*

Spread the love

जम्मू-कश्मीर -पुलवामा हमले में अमर शहीद हुए चन्दौली के अवधेश यादव के परिजनों से कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने फोन पर बात की है. शहीद के पिता से बात करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि मेरे पिता के साथ भी ऐसा हुआ था. इसलिए मैं इस दर्द को समझ सकती हूं.

कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने शनिवार को शहीद अवधेश की अंत्येष्टि के बाद चंदौली जिलाध्यक्ष को शहीद अवधेश के घर भेजा और उनके परिजनों से फोन पर बात की. इस दौरान प्रियंका गांधी ने शहीद के परिवार को पूरी मदद और हर परेशानी में साथ खड़ा होने का भरोसा दिलाया.

अवधेश यादव 45वीं बटालियन में तैनात थे. शनिवार को शहीद अवधेश यादव का शव उनके पैतृक गांव पहुंचा. शहीद अवधेश यादव की मां कैंसर से पीड़ित हैं. मां को नहीं पता कि उसका बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा है. वह तो अपने बेटे की आने की राह देख रही हैं. इस मौके पर यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र पाण्डेय ने शहीद के शव को कंधा दिया. जैसे ही शहीद का शव गांव पहुंचा पूरे गांव की आंखे नम हो गई.

जवान के शहीद होने की सूचना के मिलते ही गांव मे मातम पसर गया. अवधेश मुगलसराय कोतवाली के बहादुरपुर गांव के रहने वाले थे. बता दें कि अवधेश यादव छुट्टी पर घर आये थे. 2 दिन पहले ही 12 फरवरी को वापस ड्यूटी पर लौटे थे. अवधेश यादव 2010 में सेना में भर्ती हुए थे. नौकरी के चार साल बाद उन्होंने 2014 में शिल्पी यादव से शादी की थी. अवधेश का एक दो साल का बेटा निखिल है.