October 22, 2026

डीप फ्रीजर में रखे शव का 21 दिन बाद दोबारा होगा पोस्टमॉर्टम- अजय मिश्रा

Spread the love

*डीप फ्रीजर में रखे शव का 21 दिन बाद दोबारा होगा पोस्टमॉर्टम*

 

सुल्तानपुर। दिल्ली में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई युवक की मौत के बाद 21 दिनों से डीप फ्रीजर में रखे शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराए जाने का निर्णय जिला व पुलिस प्रशासन ने लिया है। सोमवार को डीएम व एसपी ने संयुक्त रूप से शव का पोस्टमॉर्टम कराने का निर्देश सीएमओ को दिया है। सीएमओ पोस्टमॉर्टम के लिए चिकित्सकों का पैनल गठित करेंगे। मंगलवार को चिकित्सकों का पैनल शव का पोस्टमॉर्टम करेगा। पोस्टमॉर्टम के दौरान वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।

जिले के कूरेभार थाने के सरैया मझौवा गांव निवासी रिटायर्ड सूबेदार शिव प्रसाद पाठक के पुत्र शिवांक की एक अगस्त को संदिग्ध हालत में दिल्ली में मौत हो गई थी। सूचना मिलने के बाद दिल्ली पहुंचे पिता शिव प्रसाद पाठक ने बेटे की हत्या की आशंका जताते हुए दोबारा पोस्टमॉर्टम करने व केस दर्ज करने की मांग की थी लेकिन दिल्ली पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। उसके बाद शिव प्रसाद पाठक बेटे का शव लेकर तीन अगस्त को गांव चले आए। तीन अगस्त को शव को डीप फ्रीजर में रखने के बाद वे बेटे के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम व केस दर्ज करवाने की जद्दोजहद में लग गए। पुलिस व प्रशासन से निराश होने के बाद उन्होंने कोर्ट की शरण ली थी। पिछले बुधवार को सीजेएम किरण गौड़ ने उनकी अर्जी खारिज कर दी थी।

सीजेएम कोर्ट से अर्जी खारिज होने के बाद शिव प्रसाद पाठक जिला जज के यहां अपील करने की कवायद में लगे थे। इसी बीच रविवार को बल्दीराय एसडीएम राजेश कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी राजाराम चौधरी की तरफ से परिजनों को संयुक्त नोटिस भेजा गया था। नोटिस में शव का अंतिम संस्कार 24 घंटे में नहीं करने पर मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी दी गई थी। साथ ही अधिकारी शव के अंतिम संस्कार के लिए परिवार की मान-मनौव्वल में भी लगे थे।

डीएम व एसपी से पोस्टमॉर्टम कराने के बारे में बात हुई

21 वें दिन जिलाधिकारी रवीश गुप्ता व पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार मिश्र ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने का निर्णय ले लिया।

एसओ कूरेभार थानाध्यक्ष श्रीराम पांडेय ने बताया कि उन्हें आदेश मिला है कि शिवांक पाठक के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराया जाए।