August 31, 2026

प्रदेश सरकार ने चुनाव से पहले कर्मचारियों की नाराजगी का संज्ञान लिया- अजय मिश्रा

Spread the love

*उत्तर प्रदेश ब्रेकिंग*

 

विस्तार

प्रदेश सरकार ने चुनाव से पहले कर्मचारियों की नाराजगी का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं कि हर सप्ताह एक दिन समय तय कर कार्यालय के कर्मचारियों के समस्याओं की सुनवाई की जाए। मुख्यमंत्री योगी ने मंगलवार को लोकभवन में एक उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर कार्यालय में उच्चाधिकारी सप्ताह में एक दिन एक घंटा कर्मचारियों की समस्याओं व शिकायतों का संज्ञान लें। उन्होंने इसके लिए तय दिन कार्यालय अवधि के आखिरी एक घंटे को आरक्षित करने को सुविधाजनक बताया है।

विज्ञापन

 

 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारियों की तमाम ऐसी शिकायतें हैं, जो स्थानीय स्तर पर अधिकारी के थोड़ा संज्ञान लेने से निस्तारित हो सकती हैं। दैनिक कामकाज में अक्सर व्यस्तताओं के चलते इस ओर ध्यान नहीं दिया जाता, जिससे प्रकरण लंबित रह जाता है। ऐसे में सप्ताह में किसी एक दिन एक घंटे का समय कर्मचारियों की समस्याओं को सुनने के लिए तय किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण समयबद्घ ढंग से किया जाए।

 

 

 

मृतक आश्रित संबंधी मामले न रहें लंबित

मुख्यमंत्री योगी ने अफसरों को फिर निर्देशित किया है कि राज्य सरकार के अधीन किसी भी विभाग में कार्यरत किसी कार्मिक की मृत्यु यदि कोविड संक्रमण से हुई हो तो संबंधित परिवार के प्रति पूरी संवेदनशीलता और सहानुभूतिपूर्वक आवश्यक सहयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि अनुग्रह राशि का भुगतान हो या मृतक आश्रित सेवायोजन अथवा अन्य कोई प्रकरण, कोई फाइल लंबित नहीं रहनी चाहिए।