April 27, 2026

पश्चिम बंगाल और असम में आज विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान – अजय मिश्रा

Spread the love

नई दिल्ली/कोलकाता :

 

पश्चिम बंगाल और असम में आज विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान होना है। कड़ी सुरक्षा के बीच वोटिंग की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। हालांकि दूसरे चरण की सबसे हॉट सीट नंदीग्राम में वोटिंग पर आज पूरे देश की निगाहें टिकी रहने वाली हैं क्योंकि यहां से खुद बंगाल की सीएम ममता बनर्जी मैदान में हैं और उनके खिलाफ ताल ठोक रहे हैं कभी ममता के सहयोगी रहे बीजेपी प्रत्याशी सुवेंदु अधिकारी। पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम सीट तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी दोनों के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है।

 

बंगाल की 30 सीटों पर आज डाले जाएंगे वोट

 

दूसरे चरण में आज पश्चिम बंगाल की 30 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इस दौरान 75,94,549 लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे जिनमें 38,80,955 पुरुष वोटर और 37,13,508 महिलाएं वोटर हैं। दूसरे चरण के मतदान के लिए पश्चिम बंगाल में 10,620 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं जिनमें 2280 से ज्यादा पोलिंग बूथ को संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है। जानकारी के मुताबिक 30 में 8 सीटें आरक्षित श्रेणी की हैं और 171 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमाने को मैदान में हैं। पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण में जिन 30 सीटों पर चुनाव होना है, वहां केंद्रीय सुरक्षा बलों की 800 कंपनियां तैनात रहेंगी।

 

नंदीग्राम में धारा-144 लगाई गई, ड्रोन से निगरानी

 

इसी चरण में नंदीग्राम सीट पर भी मतदान होना है जहां से सीएम ममता बनर्जी के खिलाफ बीजेपी के सुवेंदु अधिकारी चुनाव मैदान में हैं। नंदीग्राम सीट हाई प्रोफाइल होने के साथ-साथ काफी संवेदनशील भी है। ऐसे में नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र में धारा-144 लगा दी गई है। ममता और सुवेंदु के अलावा यहां से लेफ्ट की प्रत्याशी मीनाक्षी मुखर्जी भी मैदान में हैं, लेकिन कांटे की टक्कर ममता और सुवेंदु के बीच ही मानी जा रही है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए नंदीग्राम में बाहरी लोगों का प्रवेश वर्जित कर दिया गया है। यहां ड्रोन से निगरानी भी की जाएगी।