वाराणसी। प्रधानमंत्री के आगमन के दरमियान अगर आपने विरोध करने का सोचा है तो यह खबर आपके लिए है। पुलिस ने इस हिसाब से इंतजाम किया है कि आप बच नहीं सकते। अगर इस तरह का कुछ आपने सोचा भी है तो उसे तुरंत अपने दिमाग से निकाल दें, भलाई इसी में आपकी है। बात को ज्यादा ना घुमाते हुए आते हैं सीधे खबर पर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 दिसंबर (शनिवार) को काशी के दौरे पर आ रहे हैं। यह पीएम का बनारस में 16वां दौरा होगा। एक तरफ जहां पीएम के आगमन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। पूरे शहर में रंग-रोगन किया जा रहा है। वहीं पीएम मोदी को अपने संसदीय क्षेत्र में विरोध का भी सामना करना पड़ सकता है।
ऐसा हम नहीं कहते, स्थानीय खुफिया विभाग द्वारा शासन को दी गई रिपोर्ट के मुताबिक बनारस में पीएम आगमन के दौरान भूमि अधिग्रहण को लेकर आंदोलित किसान, वेतन सहित अन्य मुद्दों को लेकर शिक्षक, पूर्वांचल राज्य की मांग करने वालों, विश्वनाथ कारिडोर का विरोध कर रहे लोगों के अलावा बीएचयू के कुछ छात्र सहित अन्य मुद्दों को लेकर लोग विरोध जता सकते हैं। खुफिया विभाग ने 27 संगठनों, व्यक्तियों की सूची उपलब्ध कराई है। इन लोगों पर स्थानीय पुलिस ने अपनी नजरें जमा दी है।
वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गुरुवार को सूबे के आला अधिकारियों के साथ बैठक के बाद डीएम सुरेंद्र सिंह ने अपने कैंप कार्यालय में स्थानीय विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक किया और निर्देश दिये।
तीन घंटे संसदीय क्षेत्र में गुजारेंगे पीएम
पीएम नरेंद्र मोदी बनारस में तकरीबन तीन घंटे मौजूद रहेंगे। गाजीपुर से सीधे पीएम का उड़न खटोला भुल्लनपुर स्थित पीएसी ग्राउंड के हेलीपैड पर लैंड करेगा। वहां से वह सुरक्षा घेरे में कलेक्ट्री फार्म चांदपुर स्थित अंतर्राष्ट्रीय चावल अनुसंधान केंद्र जाएंगे। अंतर्राष्ट्रीय चावल अनुसंधान केंद्र का शुभारंभ करने के बाद पीएम हेलीकाप्टर से ही भुल्लनपुर से टीएफसी के लिए उड़ान भरेंगे। टीएफसी में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के तहत पूर्वांचल के हस्तशिल्पियों के हुनर को देखने के साथ ही उनसे संवाद करेंगे और प्रमाण पत्र, ऋण वितरित करेंगे। टीएफसी से ही पीएम हेलीकाप्टर से बाबतपुर एयरपोर्ट जाएंगे और वहां से वायुसेना के विमान से अंडमान के लिए प्रस्थान करेंगे।





More Stories
किसी को देखते ही उसके भीतर छिपी मंशा को जान लेना, हम कितने बड़े भ्रम में-
अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन को बड़ा झटका-
अचानक गायब हुआ अतीक पर गोलियां बरसाने वाले शूटर लवलेश का परिवार, घर पर लगा ताला-