*नोएडा 25 हजार बकायेदारों की कटेगी बिजली, इस दिन से शुरू होगा अभियान, आज ही भुगतान कर दें -*
नोएडा में बिजली बकायेदारों पर विद्युत निगम सख्ती करने जा रहा है। इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। सोमवार से शहर में 25 हजार से ज्यादा बकायेदारों की बिजली काटी जाएगी। इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। सभी एसडीओ और जेई को उनके क्षेत्रों के बकायेदारों की सूची सौंप दी गई है। सभी को निर्देश दे दिया गया है। अब आगामी सोमवार तक जो लोग बकाए का भुगतान नहीं करेंगे, उनके यहां की बिजली काट दी जाएगी।
बताते चलें कि शहर में विद्युत निगम के सवा तीन लाख से ज्यादा उपभोक्ता हैं। इनमें से ज्यादातर लोग ऑनलाइन/ऑफलाइन माध्यम से तय समय पर बिल जमा कर देते हैं। पर कुछ ऐसे कस्टमर भी हैं, जो भुगतान में लापरवाही बरत रहे हैं। निगम ने ऐसे 25 हजार उपभोक्ताओं की लिस्ट तैयार की है, जिन्होंने गत तीन महीने में एक बार भी बिल जमा नहीं किया है। इन पर विद्युत निगम का 75 करोड़ से ज्यादा का बिल बकाया है। इसमें ऐसे उपभोक्ता भी हैं, जिन पर दो लाख रुपये से ज्यादा का बिल बकाया है।
*तीन महीने की मिली थी छूट*
ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के निर्देश पर तीन महीने तक के बकायेदारों के कनेक्शन नहीं काटे जा रहे हैं। ऐसे उपभोक्ताओं से सिर्फ तीन महीने तक बिल जमा करने के लिए अपील की जा रही थी। अब तीन महीने पूरे होने और दस हजार से अधिक का बिल होने पर कार्रवाई की जाएगी।
*पहले भी चला था अभियान*
निगम के अधिकारी बीएल मौर्य ने बताया कि 2-3 महीने पहले भी युद्ध स्तर पर बकायेदारों के कनेक्शन काटने का अभियान चलाया गया था। तब 14 हजार से ज्यादा बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए थे। उस वक्त विद्युत निगम को एक दिन में पांच करोड़ से अधिक का राजस्व मिला था। उम्मीद है, इस बार भी कुछ ऐसा होगा।
जब तक कनेक्शन न काटा जाए, कुछ उपभोक्ता तब तक बिल जमा नहीं करते हैं। सोमवार से बकायेदारों के खिलाफ विशेष मुहिम चलाई जाएगी। इससे जुड़ी सभी तैयारियां कर ली गई हैं।
*वीएन सिंह, मुख्य अभियंता, विद्युत निगम*

More Stories
यूपी विद्युत नियामक आयोग ने 8 मई को बुलाई बड़ी बैठक –
यूपी में 4 मई को होने वाले निकाय चुनाव के मतदान से पहले भारत-नेपाल की सीमा को किया जाएगा सील-
सीआईएसएफ की परीक्षा में पकड़े गए दो मुन्ना भाई-