कोलकाता. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Assembly Elections) से पहले एक बार फिर नागरिका संशोधन कानून (Citizenship Amendment Act) को लेकर बहस शुरू हो गई है. बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी (BJP) के कई नेताओं ने CAA की बात छेड़कर राजनीतिक सरगर्मी तेज कर दी है. ऐसे वक्त में पश्चिम बंगाल में बीजेपी की ताकत दिखाने पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने खुद स्पष्ट कर दिया है कि राज्य में नागरिका संशोधन कानून कब लागू किया जाएगा.
पश्चिम बंगाल में दो दिन के दौरे के आखिरी दिन गृहमंत्री अमित शाह से प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक पत्रकार ने सवाल किया कि बंगाल में सीएए कब लागू किया जाएगा? इसके जवाब में अमित शाह ने कहा सीएए के नियम बनने अभी बाकी हैं. कोरोना महामारी के कारण कई काम पूरी तरह से रुक गए हैं. कोरोना वैक्सीन आने के बाद ही सीएए को लेकर कोई विचार किया जा सकता है. सीएए से जुड़ी हर जानकारी आगे दी जाएगी.
पश्चिम बंगाल में अपने दो दिन के दौरे पर पहुंचे अमित शाह ने ममता बनर्जी सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने बीरभूम और बोलपुर में रोड शो भी किया. रोड शो के दौरान उमड़ी भीड़ को देखकर उन्होंने कहा कि इतनी भीड़ उन्होंने कभी नहीं देखी है. बंगाल की जनता अब बदलाव चाहती है. उन्होंने कहा टीएमसी पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को यहां की 10 करोड़ जनता की चिंता नहीं है, उन्हें तो बस अपने भतीजे की चिंता है.
अमित शाह ने कहा हम आपके लिए सोनार बांग्ला बनाएंगे
इससे पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री पर हमला बोलते हुए शाह ने कहा कि ममता दीदी कहती हैं कि भाजपा दूसरे लोगों के लोगों को ले जाती है. मैं उन्हें कांग्रेस में अपने दिनों की याद दिलाना चाहता हूं. जब बंगाल के लोग बंगाल की स्थिति को बदलने के लिए भाजपा के साथ आ रहे हैं, तो वह चिंतित क्यों है? अमित शाह ने कहा कि आपने बंगाल के 3 दशक कांग्रेस को दिए, 27 साल कम्यूनिस्टों को दिए, 10 साल ममता दीदी को दिया, अब आप 5 साल बीजेपी को दीजिए, हम आपके लिए सोनार बांग्ला बनाएंगे.




More Stories
मौसम विभाग ने अगले 3-4 दिनों तक 9 राज्यों में लू की चेतावनी जारी की-
कोलकाता पहुंची टीम योगी के साथ मीटिंग में उद्यमियों ने योगी सरकार के प्रयासों को सराहा-
सियालदह ट्रेन पर पथराव करने वाले 4 लोग गिरफ्तार-