April 19, 2026

वृद्धा से दुर्व्‍यवहार करने पर दारोगा व सिपाही निलंबित*

Spread the love

जौनपुर । सिकरारा थाना क्षेत्र के ताहिरपुर गांव में दो सगे भाइयों के बीच लंबे समय से चला आ रहा भूमि विवाद का मामला थाने पहुंचा। इस दौरान एक पक्ष की वृद्धा के साथ पुलिस द्वारा दुव्र्यवहार का वीडियो वायरल होने पर पुुलिस अधीक्षक राज करन नय्यर ने आरोपित दारोगा व सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन्होंने मामले की जांच सीओ सदर रणविजय सिंह को सौंपी है।

गांव निवासी सगे भाइयों रामबली विश्वकर्मा व राम सजीवन विश्वकर्मा के बीच पैतृक संपत्ति का बंटवारा हो चुका है। घर के पास ही स्थित एक भू-खंड को लेकर विवाद चल रहा है। मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। उक्त जमीन में राम सजीवन ने आलू की बोआई कर रही है। आरोप है कि न्यायालय के स्थगनादेश का हवाला देते हुए रामबली पक्ष ने तोडफ़ोड़ और मारपीट की थी। पांच दिसंबर को राम सजीवन ने थाने में प्रार्थना पत्र दिया था। इसी को लेकर पूछताछ के लिए थाने बुलाए जाने पर रामबली पक्ष के लोग नहीं जा रहे थे। गुरुवार को मामले की छानबीन के लिए गांव में पहुंचे एसआइ राकेश कुमार तिवारी व सिपाही शमशेर सिंह ने रामबली पक्ष के परिवार की जड़ावती देवी के साथ गाली-गलौच किया। किसी ने इसकी वीडियो रिकार्डिंग कर इंटरनेट मीडिया में वायरल कर दिया। इसे संज्ञान में लेते हुए एसपी ने देररात दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

मामले की जांच सीओ सदर को सौंपी गई

इस मामले में उपनिरीक्षक व आरक्षी द्वारा बुजुर्ग महिला के साथ गाली-गलौच के वायरल हुए वीडियो को संज्ञान में लेते हुए एसपी राज करन नय्यर ने दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की जांच सीओ सदर रणविजय सिंह को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट में मामले की पुष्टि होने पर दोनों के विरुद्ध कठोरतम दंडात्मक विभागीय कार्रवाई की जाएगी।