भारतीय सीमा के नजदीक पाकिस्तानी युद्धाभ्यास के लिए चीन ने भेजे वार प्लेन
नई दिल्ली. भारत के गुजरात बॉर्डर (Gujarat Border) के नजदीकी इलाकों में पाकिस्तानी युद्धाभ्यास (War Exercise) में हिस्सा लेने के लिए चीन ने अपने युद्धक विमान (Fighter Plane) भेजे हैं. चीनी सेना (Chinese Army) ने सोमवार को घोषणा की कि ये विमान द्विपक्षीय युद्धाभ्यास (Bilateral Exercise) के लिए भेजे गए हैं. सेना का कहना है कि इस युद्धाभ्यास का लक्ष्य दोनों देशों की वायु सेनाओं को वास्तविक युद्ध के लिए प्रशिक्षित करना है. पाकिस्तान और चीनी वायुसेना के इस युद्धाभ्यास का नाम शाहीन-9 है.
कई वर्षों से दोनों देश करते रहे हैं युद्धाभ्यास
चीनी सेना द्वारा जारी किए गए स्टेटमेंट के मुताबिक-एयर फोर्स दस्ता सोमवार को युद्धाभ्यास में हिस्सा लेने के लिए सिंध के भोलारी एयरबेस पर पहुंच गया. स्टेटमेंट में कहा गया है कि इस युद्धाभ्यास का लक्ष्य दोनों देशों की सेनाओं के बीच आपसी सहयोग को और ज्यादा मजबूत बनाना है. बीते साल शाहीन ड्रिल चीन में हुई थी. यह अब तक कि सबसे बड़ी ड्रिल थी और उसमें करीब 50 युद्धक विमानों ने हिस्सा लिया था.
भारत के साथ सीमा विवाद के बीच युद्धाभ्यास
गौरतलब है कि दोनों देश इससे पहले भी युद्धाभ्यास करते रहे हैं लेकिन इस बार इसे भारत के साथ सीमा विवाद के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है. दोनों देशों के बीच बीते अप्रैल महीने के बाद से ही वास्तविक नियंत्रण रेखा पर तनाव का माहौल बना हुआ है. जून महीने में गलवान घाटी की घटना के बाद भारत ने चीन के खिलाफ बेहद सख्त रुख अख्तियार किया हुआ है. भारत की तरफ से साफ किया जा चुका है कि सीमा पर अशांति के साथ दोनों देशों के बीच संबंध सामान्य नहीं रह सकते.
QUAD देशों ने भी दिया संदेश
इससे पहले भारत ने ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका की नौसेनाओं के साथ युद्धाभ्यास कर चीन को स्पष्ट संदेश दिया था. 17 नवंबर से 20 नवंबर तक इस युद्धाभ्यास का दूसरा चरण आयोजित हुआ था. पहले चरण का आयोजन 3 से 6 नवंबर तक बंगाल की खाड़ी में किया गया था. पहला मौका था जब ऑस्ट्रेलिया ने इस युद्धाभ्यास में हिस्सा लिया था.

More Stories
सीआईएसएफ की परीक्षा में पकड़े गए दो मुन्ना भाई-
शराब के साथ चार अभियुक्त गिरफ्तार-
महिला ने युवक की बीच रोड पर की पिटाई-