पूर्व उपनिदेशक सूचना की पत्नी के लाकर से जेवरात गायब 😎
गोरखपुर। पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा के लॉकर से पूर्व उप निदेशक सूचना नवल कांत तिवारी और उनकी पत्नी स्नेहलता तिवारी के करीब 35 लाख रुपये के जेवर गायब हो गए हैं। तकरीबन नौ साल बाद जब उन्होंने अपना लॉकर खोला तो उन्हें इस बात की जानकारी हुई। उनका लॉकर पूरी तरह से खाली था। इस जानकारी के बाद बैंक में अफरातफरी मच गई। बैंक प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है। मूल रूप से देवरिया के रुद्रपुर के परसा जंगल गांव के रहने वाले सेवानिवृत्त उप निदेशक सूचना नवलकांत तिवारी परिवार के साथ कैंट क्षेत्र के बेतियाहाता में रहते हैं। उप निदेशक सूचना के पद पर रहते हुए नवलकांत तिवारी ने पत्नी स्नेहलता के साथ पंजाब नेशनल बैंक में संयुक्त खाता खुलवाया था। दोनों ने 1996 में लॉकर लिया। उन्हें 768 नंबर का लॉकर आवंटित हुआ। नवलकांत तिवारी का कहना है कि लॉकर आवंटित होने के बाद उन्होंने शादी के सभी गहने, जन्मदिन और दूसरे समारोहों में मिलने वाले कीमती उपहारों को भी इसी लॉकर में रखा। धीरे-धीरे लॉकर में 30 से 35 लाख के जेवरात रखे गए। इसके बाद उनका जिले से तबादला हो गया और वह व्यस्त हो गए। अब रिटायर होने के बाद वह गोरखपुर अपनी ससुराल में एक वैवाहिक समारोह में शिरकत के लिए आए तो पत्नी ने लॉकर से कुछ गहने निकालने की इच्छा जाहिर की। इसके लिए जब बैंक गए तो लॉकर खाली होने की जानकारी मिली।

More Stories
सीआईएसएफ की परीक्षा में पकड़े गए दो मुन्ना भाई-
शराब के साथ चार अभियुक्त गिरफ्तार-
महिला ने युवक की बीच रोड पर की पिटाई-