राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने राजभवन में सरदार पटेल की मूर्ति का किया अनावरण
लखनऊ : 31 अक्टूबर, 2020
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राजभवन स्थित मुख्य लॉन में स्थापित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा का अनावरण किया तथा पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्री स्वतंत्रदेव सिंह, मुख्य सचिव श्री राजेन्द्र तिवारी, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव श्री महेश कुमार गुप्ता, अपर मुख्य सचिव गृह श्री अवनीश अवस्थी, अपर मुख्य सचिव सूचना श्री नवनीत सहगल, निदेशक सूचना श्री शिशिर सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे।
राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर संस्कृति विभाग द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन एवं कृतित्व पर लगायी गयी छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। राज्यपाल ने इस अवसर पर श्री जनक सिंह मीना की पुस्तक ‘सरदार पटेल व्यक्तित्व, विचार एवं राष्ट्र निर्माण’ का विमोचन भी किया।
इससे पूर्व राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने जी0पी0ओ0 पार्क स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थल जाकर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर राज्यपाल ने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलायी। अपने सम्बोधन में राज्यपाल ने कहा कि महात्मा गांधी ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व के संबंध में कहा था कि यदि मेरे साथ सरदार पटेल न होते तो आजादी मिलने में और 10 साल लग जाते। राज्यपाल ने कहा कि अंग्रेजों के मन में यह भाव था कि दे दो इन्हें आजादी लेकिन अखण्ड भारत तो बनेगा नहीं, क्योंकि 562 रियासतों के राजा-रजवाड़े अपना राज छोड़ने वाले नहीं हैं। लेकिन सरदार पटेल का व्यक्तित्व एवं प्रभाव ऐसा था कि धीरे-धीरे सभी रियासतों के राजा-रजवाड़ों ने उनकी बात मानकर अखण्ड भारत के सपने को साकार किया।


More Stories
यूपी विद्युत नियामक आयोग ने 8 मई को बुलाई बड़ी बैठक –
यूपी में 4 मई को होने वाले निकाय चुनाव के मतदान से पहले भारत-नेपाल की सीमा को किया जाएगा सील-
सीआईएसएफ की परीक्षा में पकड़े गए दो मुन्ना भाई-