July 15, 2026

आजम खान ने जया प्रदा पर दिया आपत्तिजनक बयान

Spread the love

लोकसभा चुनाव 2019 का सियासी रण अपने चरम पर है। इसके चलते आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति भी जमकर की जा रही है। इन सबके बीच नेताओं ने अब भाषायी मर्यादाएं भी लांघना शुरू कर दिया है। उत्तर प्रदेश के रामपुर से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार आजम खान ने रविवार को बीजेपी प्रत्याशी और अभिनेत्री जया प्रदा को लेकर बेहद आपत्तिजनक बयान दिया है।
रामपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए आजम खान ने बिना नाम लिए बीजेपी उम्मीदवार जया प्रदा पर निशाना साधते हुए कहा कि जिसको हम उंगली पकड़कर रामपुर लाए, आपने 10 साल जिनसे अपना प्रतिनिधित्व कराया। उसकी असलियत समझने में आपको 17 बरस लग गए। मैं 17 दिनों में पहचान गया था कि इनके नीचे का अंडरवियर खाकी रंग का है। इस रैली में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी मौजूद थे। उनके इस बयान पर बीजेपी ने सख्‍त ऐतराज जताते हुए माफी की मांग की है।
महागठबंधन प्रत्याशी आजम खान और बीजेपी प्रत्याशी जया प्रदा के बीच इससे पहले भी जुबानी जंग हो चुकी है। इससे पहले बीजेपी प्रत्याशी जया प्रदा ने समाजवादी पार्टी उम्मीदवार आजम खान पर तंज कसा था। उन्होंने एक रैली के दौरान कहा था कि मैं तो आजम खान को अपना भाई मानती थी लेकिन वह मुझे बहन बुलाने के साथ मेरे बीमार होने की भी कामना करते रहे। जया प्रदा ने आगे कहा कि क्या आपका भाई आपको नाचने वाली के तौर पर देख सकता है। यही वजह थी कि मैं रामपुर छोड़ने चाहती थी।