May 7, 2026

बिजली गिरने से बाइक सवार युवक की मौत,एक झुलसा-

Spread the love

*बिजली गिरने से बाइक सवार युवक की मौत,एक झुलसा*

 

*( शीतल निर्भीक ब्यूरो)*

वाराणसी।आज शुक्रवार शाम गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई। पिंडरा क्षेत्र के सगुनहां गांव में बारिश के दौरान बिजली गिरने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई।  एक अन्य युवक गंभीर रूप से झुलस गया।

 

मिली जानकारी के अनुसार महानगर सहित ग्रामीण अंचल में शुक्रवार शाम गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई। तेज हवा के कारण कई इलाकों में पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया। ग्रामीण क्षेत्रों में तेज आंधी से घरों व दुकान पर रखे टिन शेड उड़ गए। शहर से लेकर गांव तक गरज-चमक और तेज हवा के साथ बारिश का सिलसिला बना रहा।

 

बताया जाता है कि पिंडरा क्षेत्र के सगुनहां गांव में बारिश के दौरान बिजली गिरी। बिजली की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई और एक अन्य युवक गंभीर रूप से झुलस गया। सूचना पाकर फूलपुर थाने की पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं, झुलसे दूसरे युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

 

*एक ही बाइक पर सवार थे दोनों*

 

पिंडरा तहसील क्षेत्र के सगुनहां गांव निवासी प्रमेश पटेल उर्फ परमेशी (33) और पप्पू खैरवार (32) अपने गांव के शिव मंदिर से देर शाम बाइक से घर जा रहे थे। उसी दौरान तेज बारिश के बीच अचानक बिजली गिरी और वह उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।

 

*पीड़ित परिवारों को मिलेगी मदद*

 

गंभीर रूप से झुलसे हुए प्रमेश को परिजन दीनदयाल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि दो बेटों का पिता प्रमेश खेती करने के साथ ही एल्युमिनियम स्लाइडिंग का काम करता था। प्रमेश की मौत के बाद उसकी पत्नी नेहा की हालत बेसुधों जैसी थी।

 

वहीं, पप्पू को बाबतपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में एडीएम (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार ने बताया कि मौके पर पिंडरा तहसीलदार गए थे। उन्होंने घटना की जानकारी लेकर परिजनों से संवेदना प्रकट की। पीड़ित परिवारों की सरकारी नियमानुसार मदद की जाएगी।