June 13, 2026

एसएसपी कार्यालय परिसर में युवक ने अपनी बाइक में लगाई आग-

Spread the love

एसएसपी कार्यालय परिसर में युवक ने अपनी बाइक में लगाई आग, समस्‍या से क्षुब्‍ध था_____

FTR

प्रयागराज: प्रयागराज के एसएसपी कार्यालय परिसर में मंगलवार की सुबह अफरा-तफरी का माहौल हो गया। परिसर में खड़ी बाइक में अचानक आग लग गई थी। मौजूद पुलिसकर्मियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। खबर पाकर दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। पता चला कि एक युवक ने ही अपनी बाइक में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाई थी। उसे हिरासत में लेकर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पता चला है कि किसी मामले में पुलिस से न्‍याय न मिल पाने के कारण उसने यह कदम उठाया|

 

अचानक बाइक में आग से अफरा-तफरी का माहौल : एसएसपी कार्यालय परिसर में मंगलवार की सुबह भीड़भाड़ थी। शिकायतकर्ता भी अपनी समस्‍याओं को लेकर वहां पहुंचे थे। इसी बीच परिसर में खड़ी बाइक से कुछ दूरी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने धुआं उठता देखा। अभी वह कुछ समझ पाते, इससे पहले आग की लपटें उठने लगीं। इससे यहां मौजूद फरियादी इधर-उधर भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने पानी व बालू डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली|

 

युवक को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ : इसी बीच सूचना पाकर वहां दमकल वाहन के साथ फायरकर्मी पहुंच गए। उन्‍होंने कुछ ही देर में आग को बुझा दिया। प्रत्‍यक्षदर्शियों के मुताबिक एक युवक ने खुद ही अपनी पल्‍सर बाइक पर पेट्रोल डालकर आग लगाई थी। पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि युवक रवींद्र कुमार पुत्र राम खेलावन निवासी भगवतीपुर खुटहना होलागढ़ है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। बताते हैं कि उसका कोई मामला है, जिसमें शिकायत के बाद भी पुलिस नहीं सुन रही थी। इससे क्षुब्‍ध होकर उसने यह कदम उठाया है|