May 4, 2026

पुलिस अधिकारी बन छात्रा से ब्लैकमेलिंग, लंका थाने में रपट दर्ज-

Spread the love

पुलिस अधिकारी बन छात्रा से ब्लैकमेलिंग, लंका थाने में रपट दर्ज

 

वाराणसी। पुलिस अधिकारी बनकर जांच के नाम पर जालसाज ने छात्रा का पहले वीडियो फिल्म बनाया। फिर छात्रा को ब्लैकमेल करने लगा। रूपये लेने के बाद भी धमकियां देता रहा और वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देने लगा। आखिरकार तंग आकर छात्रा ने लंका थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय से तृतीय वर्ष का कोर्स कर रही छात्रा मूलरूप से जौनपुर की रहने वाली है। उसने लंका थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि 11 सितंबर की रात व्हाट्सएप काल आई। काल करने वाले ने अपना नाम अंकित गुप्ता आईपीएस बताया। बोला कि मैं लखनऊ से बोल रहा हूं। उसकी प्रोफाइल पर डीआईजी की DP लगी थी। उसने छात्रा से कहा कि आपकी गन्दी-गन्दी फोटो और वीडियो वायरल हो गयी है। सुबह आपके घर पुलिस जायेगी। यह सुनकर छात्रा रोने लगी । काल करने वाला डरा, धमका कर रूपये मांगने लगा। उसके कहने पर छात्रा ने उसके खाते में 2400 रूपये ट्रांसफर किये। फिर भी नही माना और कहा आप अपनी बॉडी मैच कराइए। उसने बोला कि यहां लेडीज पुलिस हैं, जो आपकी बॉडी मैच करेंगी। कुछ महिलाओं के नाम बताकर न्यूड होने को कहा। इसके बाद छात्रा ने रोते-रोते बॉडी दिखाई। उसने इसका भी वीडियो बना लिया। इसके बाद मुझे मैसे भेजकर और पैसे मांगने लगा। छात्रा ने पहले तो लोकलाज के डर से किसी को नहीं बताया। लेकिन फोन पर लगातार प्रताड़ित होने के बाद लंका थाने पर मुकदमा दर्ज कराया।