✒️ *खेलेगा यूपी, जीतेगा यूपी’ नारे को साकार करेगी योगी सरकार, गांवों तक बनेंगे खेल मैदान*
योगी सरकार ‘खेलेगा यूपी,जीतेगा यूपी’ के नारे को साकार करेगी। इसमें गांव से लेकर ब्लॉक और जिला स्तर पर स्थानीय स्तर पर लोकप्रिय खेलों के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाओं, वहां की प्रतिभाओं को बचपन से ही निखारने में प्रशिक्षण और समय-समय पर प्रदेश, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खोलों पर अपनी प्रतिभा दिखाने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इस क्रम में सरकार की योजना हर गांव में खेल मैदान, ब्लॉक मुख्यालय पर मिनी स्टेडियम, एक जिला,एक खेल और खेलो इंडिया सेंटर बनाने की है।
✒️ *यूक्रेन रूस युद्ध:रूस का हिस्सा बने लुहांस्क, डोनेस्क समेत चार क्षेत्र, पुतिन ने यूक्रेन से बातचीत के लिए रखी शर्त*
जनमत संग्रह के बाद रूस ने यूक्रेन के चार क्षेत्रों को अपने अंदर मिला लिया। रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ने इसकी घोषणा की। इसके साथ ही लुहांस्क, डोनेस्क, खेरसान और जपोरीजिया के प्रशासकों की भी घोषणा की गई। इस दौरान पुतिन ने यूक्रेन से बातचीत का आग्रह किया लेकिन इसमें यह शर्त रखी कि रूस में शामिल किए गए इन इलाकों को नहीं छोड़ेंगे। रूसी पुतिन ने पश्चिम पर जर्मनी में रूसी गैस पाइपलाइनों में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है। रूसी राष्ट्रपति के कार्यालय क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के स्वीकृति पत्र पर हस्ताक्षर के साथ ही यूक्रेन के चारों इलाके औपचारिक रूप से रूस का हिस्सा बन गए। क्रेमलिन में हस्ताक्षर समारोह के बाद पुतिन भाषण दिया। इस दौरान यूक्रेन के इन क्षेत्रों में मास्को द्वारा नियुक्त प्रशासकों के साथ मुलाकात भी की।
✒️ *दिनभर दुकानों व चौराहों पर रही केवल अग्रवाल समाज के आंदोलन की चर्चा,पुलिस कमांड एंड कंट्रोल रूम व सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो से लोगों को कर रही चिन्हित*
अलीगढ़ नगर निगम के खिलाफ एक दिन पहले सड़क पर उतरा अग्रवाल समाज अब अग्रसेन जयंती की तैयारियों में जुट गया है। घटना क्रम के दूसरे दिन दोनों पक्षों की ओर से शांति रही।सोशल मीडिया से लेकर बाजार व सरकारी कार्यालयों में दिनभर चर्चाओं का बाजार गरम रहा। अग्रवाल समाज दो अक्टूबर को होने वाली अग्रसेन महाराज की जयंती की तैयारियों जुटा है,अग्रवाल समाज ने 29 सितंबर को अग्रसेन चौक पर नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोला था। इसमें अपर नगर आयुक्त अरुण गुप्त के निलंबन व उनके द्वारा माफी मांगने की मांग की गई थी। लेकिन इसी दौरान प्रदर्शन स्थल पहुंचे अपर नगर आयुक्त के साथ हाथापाई लोगों ने कर दी थी। इससे आंदोलन का रुख बदल गया। अपर नगर आयुक्त की ओर दी गई तहरीर पर मुकदमा हो गया, जबकि अग्रवाल समाज की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा नहीं किया। इसको लेकर भी अग्रवाल समाज में भीतरखाने कड़ा रोष है। लेकिन अग्रसेन जयंती को लेकर अग्रवाल समाज ने कोई विरोध प्रकट नहीं किया। 30 सितंबर को अग्रवाल समाज का कोई वक्तव्य या विरोध प्रदर्शन जैसी बात सामने नहीं आई। अग्रवाल समाज के 15 लोगों को एफआईआर में सूचीबद्ध करने की चर्चा दिनभर चलती रही। नगर निगम की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे के बाद पुलिस कमांड एंड कंट्रोल रूम व सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो से लोगों को चिन्हित भी कर रही है। बाजार में दिनभर दुकानों व चौराहों पर केवल अग्रवाल समाज के आंदोलन की चर्चा थी,अग्रवाल समाज फिलहाल अपनी जयंती की तैयारियों में जुटा है। अग्रसेन जयंती पर आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल का कार्यक्रम आ चुका है। वह अग्रसेन जयंती कार्यक्रम में शामिल होंगे।
✒️ *मायावती का बड़ा सवाल, पीएफआई अगर देश की सुरक्षा के लिए खतरा तो आरएसएस पर प्रतिबंध क्यों नहीं?*
बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने केंद्र सरकार द्वारा इस्लामी संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया पर प्रतिबंध लगाए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे राजनीतिक स्वार्थ और संघ तुष्टीकरण से प्रेरित बताया और आरएसएस पर भी प्रतिबंध लगाने की मांग का समर्थन किया।बसपा प्रमुख ने ट़्वीट किया, केन्द्र द्वारा पीपुल्स फ्रंट ऑफ इंडिया के खिलाफ देश भर में की गई कार्रवाई के बाद अन्ततः अब विधानसभा चुनावों से पहले पीएफआई समेत उसके आठ सहयोगी संगठनों पर प्रतिबन्ध लगा दिया है। लोग इसे राजनीतिक स्वार्थ व संघ तुष्टीकरण की नीति मान रहे हैं और उनमें संतोष कम व बेचैनी ज्यादा है।मायावती ने अपने सिलसिलेवार ट़्वीट में कहा, यही कारण है कि विपक्षी पार्टियां सरकार की नीयत में खोट मानकर इस मुद्दे पर भी आक्रोशित व हमलावर हैं और आरएसएस पर भी प्रतिबंध लगाने की मांग खुलेआम हो रही है कि अगर पीएफआई देश की आन्तरिक सुरक्षा के लिए खतरा है तो उस जैसी अन्य संगठनों पर भी प्रतिबंध क्यों नहीं लगना चाहिए?
✒️ *लंबे इंतजार के बाद आखिरकार अब ट्वीट एडिट कर सकते हैं यूजर्स, आया नया फीचर*
माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म ट्विटर लंबे वक्त से एक फीचर पर काम कर रहा था, जिसका फायदा अब यूजर्स को मिलना शुरू हो गया है। हालांकि, नया फीचर केवल ट्विटर ब्लू सब्सक्राइबर्स के लिए रोलआउट किया गया है और सब्सक्रिप्शन के लिए भुगतान करने वालों को ही इसका फायदा मिलेगा,आधिकारिक ट्विटर ब्लू अकाउंट से कंपनी ने खुद पहला ट्वीट एडिट किया है और फीचर रोलआउट होने की जानकारी दी है। कंपनी ने खुद टेस्टिंग करते हुए एक ट्वीट एडिट किया है। इस ट्वीट में सबसे नीचे दिख रहा है कि उसे कितने बजे एडिट किया गया है। ऐसा ही इंटरफेस बाकी एडिटेड ट्वीट्स में भी दिखेगा। ट्विटर लंबे वक्त से एडिट ट्वीट फीचर पर काम कर रहे ट्विटर ने इसे पहली बार शोकेस किया है। ट्विटर ब्लू अकाउंट ने ट्वीट में लिखा, “हेलो, यह सिर्फ एक टेस्ट है और हम चेक कर रहे हैं कि एडिट बटन काम कर रहा है या नहीं। हम आपको बताएंगे कि यह कैसा रहा।” इस ट्वीट के नीचे इसे एडिट किए जाने का समय भी बताया गया है और एक पेंसिल आइकन दिख रहा है।
✒️ *अलीगढ़ कोर्ट ने हास्य कलाकार से दुष्कर्म के दोषी फोटोग्राफर को सुनाई सात साल कैद की सजा*
अलीगढ़ कोर्ट के एडीजे-16 राजीव शुक्ला की अदालत से सासनी गेट थाना क्षेत्र के हाथरस अड्डा इलाके में 16 सितंबर 2013 को एक महिला हास्य कलाकार के साथ फोटोग्राफर द्वारा की गई दुष्कर्म की वारदात में सजा सुनाई गई है। फोटोग्राफर को सात साल की कैद और एक लाख रुपये के जुर्माने से दंडित किया है। इसमें से 50 हजार रुपये पीड़िता को अदा करने के निर्देश कोर्ट ने दिए हैं।अभियोजन पक्ष के अधिवक्ता एडीजीसी रविकांत शर्मा ने बताया कि मामला 16 सितंबर 2013 का है। पीड़िता की ओर से एसएसपी कार्यालय में अर्जी दी थी कि हाथरस अड्डा, सासनी गेट निवासी फोटोग्राफर उमेश उर्फ हैप्पी, जो कि उसके साथ मंच पर कॉमेडी कार्यक्रम करता था। उसने फोन कर बताया कि 18 तारीख को एक कार्यक्रम है। दुकान पर आकर कार्यक्रम की रिहर्सल कर ले। भरोसे पर वह वहां पहुंच गई। उमेश द्वारा कोल्ड ड्रिंक पिलाई, जिसे पीकर वह बेहोश हो गई। इस दौरान उमेश की पत्नी भी मौजूद थी। इसके बाद क्या हुआ, उसे नहीं पता। होश आने पर वह घर चली गई। अगले दिन फिर से उसे रिहर्सल को बुलाया। पहुंचने पर उमेश द्वारा उसकी एक क्लिप दिखाई, जो कि अश्लील हरकतों की थी, तब मालूम हुआ कि उसने बेहोश कर गंदा काम किया है। अश्लील क्लिप के सहारे उमेश ब्लैकमेल करने लगा और वायरल करने के नाम पर दुष्कर्म किया, पैसे ऐंठे। इस पर उसने ससुराल छोड़ मायके (दिल्ली) जाकर शरण ली। प्रकरण पता होने पर उसके पिता को हार्ट अटैक पड़ गया। उमेश दिल्ली भी आने-जाने लगे।
✒️ *अलीगढ़ कोर्ट ने हमले के दो आरोपियों को सुनाई पांच-पांच साल कैद की सजा*
अलीगढ़ मारपीट-हमले के मुकदमे के दो आरोपियों को एडीजे-5 ऋषि कुमार की अदालत से पांच-पांच साल कैद और 20-20 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई है,अभियोजन पक्ष के अधिवक्ता एडीजीसी रविकांत शर्मा ने बताया कि वादी विपत्ती सिंह निवासी कोछोड़, क्वार्सी ने मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें आरोप था कि के अनुसार घटना 6 दिसंबर 2012 की है। परिवार संग घर में खाना खा रहा था। तभी नामजद आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला किया। इसमें उसके भाई छोटेलाल के गंभीर चोट आईं। गांव के विक्रम, जुगेंद्र, अशोक व प्रेमचंद्र नामजद थे। ट्रायल के दौरान विक्रम और जुगेंद्र की मृत्यु हो चुकी है। साक्ष्यों व गवाही के आधार पर कोर्ट ने अशोक व प्रेम चंद्र को 5-5 साल की कैद व 20-20 हजार रुपये जुर्माने से दंडित किया है।
✒️ *ड्रेन माइनर की पटरी कटने से सैकड़ों बीघा धान की फसल डूबी, किसानों में रोष*
अलीगढ़ गौंडा के गांव नगला जोतू से होकर के एक ईखू ड्रेन माइनर निकल रही है, जो छोटी बल्लम, नगला जोतू, नगला बिरखू, एवं अन्य गांवों को जोड़ता हुआ निकल रहा है,आज पटरी कटने से सैकड़ों बीघा धान की फसल पानी में डूब गई। इससे किसानों का भारी नुकसान हुआ है शुक्रवार की सुबह ड्रेन में पानी का तनाव होने की वजह से पटरी कट गई। इससे नगला जोतू पर प्रमोद कुमार, भजन लाल शर्मा, राम अवतार, पुष्पेंद्र कुमार ,कीर्ति कुमार, जयप्रकाश शर्मा, हरी प्रेम शर्मा, आदि लोगों के खेत के पास पानी का तनाव अधिक होने के कारण पटरी कट गई। जिससे वहां पर पके खड़े धान की सैकड़ों बीघा धान की फसल जलमग्न हो गयी। जिससे क्षेत्र के सभी किसान अत्यधिक परेशान हैं पूर्व प्रधान हरि प्रेम शर्मा ने बताया इस माइनर की काफी समय से सफाई नहीं की गई एवं एक नई सड़क का निर्माण कार्य हुआ है। जिसमें कुछ पुलिया डालकर के सड़क को बनाया गया है। वह पुलिया काफी ऊपर ही डाल दी गई है। जिससे पानी निकास न होने से पीछे पानी तन कर चल रहा है। जिससे पटरियां कट रही है जिससे सभी किसानों में रोष व्याप्त है।
✒️ *अलीगढ़ शहर में दो करोड़ और ग्रामीण में एक करोड़ की हर दिन हो वसूली*
अलीगढ़ सूबे के 75 जिलों में राजस्व संग्रह अभियान चलाया जाएगा। 10 दिन तक चलने वाले इस अभियान में प्रत्येक दिन की मानीटिरिंग की जाएगी। शहर के प्रत्येक विद्युत उपकेंद्र को हर दिन दो करोड़ और ग्रामीण इलाकों को एक करोड़ रुपये राजस्व वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसकी जिम्मेदारी वितरण खंड के सभी प्रबंध निदेशक को सौंपी गई है।यह फरमान उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के एमडी एम देवराज ने प्रदेश के पांचों विद्युत वितरण निगम के एमडी को जारी किया है। जिसमें साफ-साफ कहा है कि हर दिन शहर के प्रत्येक विद्युत उपकेंद्र को लक्ष्य हर हाल में पूरा करना होगा। इस अभियान के तहत रविवार और त्योहार के अवकाश भी निरस्त कर दिए गए है। अभियान में रूचि लेकर कार्य न करने वाले उपभोक्ताओं पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। हर दिन बिजली घर के कैश काउंटर खुले रहेंगे। आदेश में कहा कि विद्युत उत्पादकों को समय से भुगतान न करने पर आपूर्ति सुनिश्चित करने में अत्यंत कठिनाई होगी। अभियान के तहत नेवर पेड उपभोक्ताओं से वसूली की जाए। बकाएदारों से हरहाल में वसूली की जाए। इस अभियान के तहत सिर्फ अलीगढ़ जिले के 126 विद्युत उपकेद्रों से हर दिन 156 करोड़ रुपये राजस्व वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
✒️ *शराब माफिया ऋषि शर्मा पर रासुका तय*
अलीगढ़ वर्ष 2021 में हुए जहरीले शराब कांड के मुख्य आरोपी शराब माफिया ऋषि शर्मा पर रासुका (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) की कार्रवाई पर शासन ने मुहर लगा दी है। एक साल तक ऋषि शर्मा को अब जमानत नहीं मिल सकेगी। फिलहाल वह मैनपुरी जेल में बंद है।22 अगस्त को एसएसपी कलानिधि नैथानी द्वारा तैयार 1500 पन्नों की रासुका रिपोर्ट पर डीएम इंद्रविक्रम सिंह ने मुहर लगाई थी। आदेश पाते हुए अलीगढ़ पुलिस की टीम ने मैनपुरी जेल में बंद ऋषि शर्मा को रासुका तामील करा दी थी। साथ ही रिपोर्ट राज्य स्तरीय एडवाईजरी बोर्ड को रिव्यू के लिए भेज दी थी। रिव्यू के बाद बोर्ड द्वारा रासुका कंफर्म की गई है। अब एक साल के लिए रासुका निरुद्धी आदेश लागू रहेगा। इस अवधि में ऋषि शर्मा जमानत के लिए आवेदन नहीं कर सकेगा।
✒️ *खुलासा:ज्वालापुरी इलाके से आठ दिन पहले अपह्रत हुए दो बच्चों का पुलिस ने आरोपी को पकड़ किया खुलासा,भीख मंगवाने के लिए बच्चों का किया था अपहरण*
अलीगढ़ क्वार्सी क्षेत्र के ज्वालापुरी इलाके से आठ दिन पहले अपह्रत हुए दो बच्चों को पुलिस ने शुक्रवार को सकुशल बरामद करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित बच्चों के पिता के साथ मजदूरी करता है। बच्चों से भीख मंगवाने के लिए उसने अपहरण किया और उन्हें देहरादून तक ले गया था। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने गिरफ्तार करने वाली टीम को 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।फिरोजाबाद के थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के मोहल्ला पड़ाव निवासी रफीक यहां रेलवे स्टेशन व बस अड्डे के आसपास फुटपाथ पर रहकर गुजारा करता है। चार साल से उसका पत्नी से विवाद चल रहा है। ऐसे में एक महीने पहले वह अपने सात वर्षीय बेटी छोटी उर्फ आयशा व चार वर्षीय बेटे आयल उर्फ चांद बाबू को साथ ले आया था। 22 सितंबर को रफीक ज्वालापुरी में दीवार के निर्माण को लेकर एक साथी के साथ गया था। दोनों बच्चे भी साथ थे। वहां बच्चों को भूख लगने पर रफीक कचौड़ी लेने के लिए चला गया। जब लौटा तो दोनों बच्चे गायब थे। साथी युवक भी नहीं था। सीसीटीवी में बच्चे उसी युवक के साथ जाते दिखे थे। आपरेशन खुशी के तहत एसएसपी ने पांच टीमें लगाईं। शुक्रवार को पुलिस ने बुलंदशहर के थाना रामघाट क्षेत्र के कोठी नगला निवासी भूदेव उर्फ लंगड़ा को बौनेर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। दोनों बच्चों को स्वजन के हवाले कर दिया है। आरोपित ने बताया कि बच्चों से भीख मांगने के काम कराने के लिए ले गया था
✒️ *अलीगढ़ में स्ट्रीट वेंडरों को बैंक जल्द जारी करें क्यूआर कोड*
अलीगढ़ में प्रधानमंत्री आवास व पीएम स्वनिधि योजना की डीएम ने समीक्षा की। बैठक में सामने आया कि बैंक स्ट्रीट वेंडरों को क्यूआर कोड डिजिटल भुगतान के लिए जारी नहीं कर रहे हैं। जिस पर डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने बैंकों को जल्द क्यूआर कोड जारी करने के निर्देश दिए।पीएम स्वनिधि योजना में रेहड़ी-पटरी वालों को 10 हजार, 20 हजार एवं 50 हजार तक लोन मिलता है। डिजिटल लेन-देन पर 10 प्रतिशत की छूट का भी प्रावधान है। स्ट्रीट वेण्डर्स को डिजिटली लेन-देन के लिये क्यू-आर कोड जारी नहीं करने पर डीएम ने नाराजगी जाहिक की,प्राथमिकता से क्यू-आर कोड जारी करने व डिजिटल लेन देन के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। कहा कि ऐसे स्ट्रीट वेण्डर्स जिन्होंने प्रथम चरण में 10 हजार रूपये का ऋण लेकर उसकी अदायगी कर दी गयी है, उन्हें द्वितीय किश्त के रूप में 20 हजार रूपये का ऋण दिया जाए। पीओ डूडा कौशल कुमार ने बताया किजनपद में 8678 वेंडरों ने पहली किश्त जमा कर दी है।
✒️ *अलीगढ़ को स्वच्छता लीग में अव्वल आने पर मिला पुरस्कार*
अलीगढ़ को स्वच्छता लीग में अव्वल आने पर नगर आयुक्त ने अलीगढ़ नगर निगम का पुरस्कार ग्रहण किया। तीन से दस लाख की आबादी में नगर निगम को पहला स्थान मिला था। नगर आयुक्त अमित आसेरी ने पुरस्कार को अलीगढ़ की जनता को समर्पित किया।आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से अमृत महोत्सव के तहत स्वच्छता लीग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। स्वच्छता लीग प्रतियोगिता में शहर की सफाई व्यवस्था व गार्बेज फ्री सिटी के लिए वोट करना था। इसको लेकर नगर निगम ने सामाजिक संस्थाओं के साथ जागरूकता रैली, संवाद व सेमिनार का आयोजन किया था। इसका प्रचार सोशल मीडिया के माध्यम से किया गया। गार्बेज मुक्त सिटी के प्रचार प्रसार में अलीगढ़ सोशल मीडिया पर अव्वल रहा। इसी को लेकर शुक्रवार को दिल्ली के ताल कटोरा स्टेडियम में नगर आयुक्त अमित आसेरी ने पुरस्कार ग्रहण किया। तत्कालीन नगर आयुक्त गौरांग राठी ने स्वच्छता लीग प्रतियोगिता का शुभारंभ कराया था। नगर निगम अलीगढ़ को यह अवार्ड सोशल मीडिया पर प्रचार को लेकर मिला। फेसबुक, वाट्सएप, ट्विटर, इंस्टग्राम समेत अन्य ग्रुपों में स्वच्छता लीग के कार्यक्रमों का प्रचार किया गया था। इससे पहले स्मार्ट सिटी, स्वच्छता रैकिंग में भी नगर निगम अलीगढ़ को 3 से 10 लाख की आबादी में बेहतर अंक मिलते रहे हैं। नगर आयुक्त अमित आसेरी ने बताया कि यह नगर निगम व अलीगढ़ की जनता के प्रयास से यह पुरस्कार मिला है। इसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं।
✒️ *अलीगढ़ की महिला की दिल्ली में मौत, मुकदमा दर्ज*
अलीगढ़ गांधीपार्क क्षेत्र के मानिक चौक निवासी महिला की दिल्ली में मौत हो गई। मायके पक्ष के लोगों ने पति पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पोस्टमार्टम के बाद मायके वाले शव को अलीगढ़ लेकर आ गए।
मानिक चौक निवासी आरती की शादी 23 जनवरी 2022 को संभल के अनुपम गुप्ता संग हुई थी। शादी के बाद दंपति दिल्ली के कालका जी एक्सटेंशन गोविंदपुरी इलाके में फ्लैट में रहने लगे। आरोप है कि इसके बाद दहेज में कार की मांग शुरू कर दी। विरोध करने पर मारपीट करना शुरू कर दिया। आरोप है कि 24 अक्टूबर की रात को भाई विनीत से आरती की बातचीत हुई थी। अगले दिन अनुपम ने मायके वालों को आरती की मौत की खबर दी। इस पर परिजन दिल्ली पहुँच गए। परिजनों ने आरोपी पति अनुपम के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
✒️ *राज्यपाल मेघालय सत्यपाल मलिक 02 अक्टूबर को अलीगढ़ में*
राज्यपाल मेघालय सत्यपाल मलिक सड़क मार्ग द्वारा 02 अक्टूबर रविवार को अलीगढ़ पधार रहे हैं।मलिक 12ः30 बजे गोंडा स्थित बालाजी मैरिज होम पहुॅचेंगे। 01ः30 बजे राज्यपाल गोंडा में ही स्थित ठाकुर जी के मंदिर पहुंचेंगे और भारतीय किसान यूनियन द्वारा आयोजित किसान महा पंचायत में प्रतिभाग करेंगे।अपर जिलाधिकारी नगर विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि राज्यपाल अपरान्ह 4 बजे सड़क मार्ग द्वारा दिल्ली के लिये प्रस्थान करेंगे।
✒️ *डीएम ने जनपद कोषागार का किया औचक निरीक्षण*
जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह जनपद के कार्यालयों का लगातार भ्रमण कर न केवल साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित रखने के निर्देश दे रहे हैं बल्कि उनके द्वारा कार्यालयों का पुर्न निरीक्षण कर दिये गये निर्देशों का धरातल पर फीडबैक भी लिया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को जनता दर्शन एवं बैठक करने के उपरान्त जिलाधिकारी अचानक से पुनः जनपद कोषागार पहुॅचकर साफ-सफाई व्यवस्था समेत विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह को कोषागार के विभिन्न पटलों को बारीकी से देखा। वरिष्ठ कोषाधिकारी महिमा चन्द जानकारी मिलने पर डीएम के समक्ष पहॅुचे और कोषागार में किये सुधारात्मक कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आपके निर्देशानुसार 02 अक्टूबर तक पेंशनर्स की समस्याओं के निस्तारण के लिये विशेष शिविर लगाया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनपद में सेवा एवं पारिवारिक पेंशनर्स की कोई भी समस्या कार्यालय स्तर पर लम्बित नहीं है, किसी भी समस्या या शिकायत के प्राप्त होते ही उसका तत्काल निराकरण कराया जाएगा। डीएम ने कार्यालय में बेहतर रखरखाव एवं सफाई व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए वरिष्ठ कोषाधिकारी महिमा चन्द की प्रशंसा की।
✒️ *शासकीय योजनाओं में रूचि न लेने पर कार्यालयध्यक्ष एसबीआई से खाता हटाएं*
जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में जिलास्तरीय पुनरीक्षण समिति बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में केसीसी, पीएमईजीपी, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार, ओडीओपी, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग एवं माटीकला रोजगार योजना, बाबा साहेब अम्बेडकर रोजगार प्रोत्साहन योजना, दीनदयाल अन्त्योदय योजना, पीएम स्वनिधि योजना एवं आरसेटी द्वारा प्रेषित आवेदन पत्रों पर प्रगति पर विचार विमर्श किया गया। शासन द्वारा संचालित लाभार्थीपरक योजनाओं में ऋण वितरण न करने पर सभी विभागों को एसबीआई से खाता वापस कर किसी अन्य राष्ट्रीयकृत बैंक में संचालित करने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने बैठक के दौरान पाया कि शासन द्वारा संचालित रोजगारपरक योजनाओं में एसबीआई द्वारा रूचि नहीं दिखाई जा रही है। पूर्व बैठक में स्वयं जिला समन्वयक द्वारा प्राप्त आवेदन पत्रों के सापेक्ष ऋण वितरण पर आश्वासन दिये जाने के बावजूद भी कार्य न करने पर जिलाधिकारी द्वारा जिला समन्वयक को बैठक से बाहर का रास्ता दिखाने के साथ ही जनपद के सभी कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि एसबीआई की किसी शाखा में विभागीय धनराशि का लेन-देन न किया जाए। जिलाधिकारी द्वारा अच्छा कार्य करने वाले बैंकर्स को प्रशस्ति दिये जाने के निर्देश दिये गये। बैठक का संचालन करते हुए एलडीएम ए0के0 सिंह ने की।केवीआईसी, केवीआईवी में बेहतर प्रदर्शन होना बताया गया। बैठक में सीडीओ अंकित खण्डेलवाल समेत समबन्धित अधिकारी एवं बैंकर्स उपस्थित रहे।
✒️ *सीडीओई, एएमयू के दूरवर्ती शिक्षा केन्द्र में स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित*
देश भर में ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ और ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ मनाने के लिए हाल ही में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई), में एक बड़े पैमाने पर स्वच्छता अभियान और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए थे।प्रोफेसर मोहम्मद नफीस अंसारी (निदेशक, सीडीओई) ने कहा कि स्वच्छता के संदेश को फैलाने पर सार्वजनिक दृष्टिकोण को आकार देने में उच्च शिक्षण संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने स्वच्छता की शपथ भी दिलाई
✒️ *अलीगढ़ घंटाघर से बाइक रैली को किया रवाना*
अलीगढ़ में स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत अलीगढ़ में स्वच्छता बाइक रैली पहुंची। नगर निगम की ओर से घंटाघर पर बाइक रैली का स्वागत किया गया। यहां सहायक नगर आयुक्त टीपी सिंह, एक्सईएन मनोज प्रभात व अन्य अधिकारियों ने बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर बुलंदशहर की ओर रवाना किया। बाइक रैली दो अक्टूबर को लखनऊ पहुंचेगी और 1 लाख किलोमीटर की यात्रा पूरी करेगी। बाइक रैली प्रदेश के 75 जिलों में भ्रमण कर लखनऊ पहुंचेगी। दलवीर सिंह, रमेश चंद सैनी, अनिल आजाद, योगेंद्र यादव, एहसान रब मौजूद रहे।
✒️ *अलीगढ़ मालगोदाम के पास युवक से नगदी व मोबाइल लूटा*
अलीगढ़ बन्नादेवी क्षेत्र के मालगोदाम के पास दो युवक एक राहगीर से हजारों की नगदी व मोबाइल लूटकर फरार हो गए। लुटेरों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज के आधार पर पुलिस लुटेरों की तलाश में जुट गई है।बरला के गांव रघुपुरा निवासी सचिन दिल्ली में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। गुरुवार को वह दिल्ली जाने के लिए मालगोदाम के पास बस का इंतजार कर रहा था। तभी दो युवक आ गए। पहले तो शातिर युवक सचिन से बातचीत करने लगे। इसी बीच दूसरे युवक ने हाथ में लगे बैग पर झपट्टा मार दिया। लुटेरे बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में दो हजार रुपए व एक मोबाइल रखा था। इंस्पेक्टर डीके सिसोदिया ने बताया कि फुटेज के आधार पर लुटेरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
✒️ *एएमयू के प्रोफेसर ने दिया मुख्य भाषण, प्राप्त किया ‘सर्वश्रेष्ठ पेपर अवार्ड*
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के पुस्तकालय और सूचना विज्ञान विभाग के प्रोफेसर नौशाद अली पीएम ने मुक्त शिक्षा संसाधनों के अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में उच्च शिक्षण संस्थानों में मुक्त शिक्षा संसाधन (ओईआर) विकसित करने की आवश्यकता पर चर्चा की तथा मनोनमनियम सुंदरनार (एमएस) विश्वविद्यालय, तिरुनेलवेली, तमिलनाडु में उन्हें ‘भारत में कोविड-19 महामारी के दौरान पुस्तकालय और सूचना विज्ञान के छात्रों के बीच अकादमिक तनाव और इसके मुकाबला तंत्र का आकलन’ पर शोध के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ पेपर पुरस्कार’ भी मिला।उन्होंने डॉ शराफ ज़ेहरा और प्रिया वैद्य के साथ लिखे गए पेपर के लिए एमएस यूनिवर्सिटी, वाइस चांसलर, प्रो एन चंद्रशेखर से पुरस्कार प्राप्त किया।एमएस यूनिवर्सिटी और इंडियन काउंसिल ऑफ सोशल साइंस रिसर्च के संयुक्त सम्मेलन में मुख्य भाषण में प्रो नौशाद ने ओईआर के समर्थन के लिए राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पहल पर प्रकाश डाला।उन्होंने कहा कि ओईआर शिक्षण, सीखने और शोध सामग्री हैं जो या तो सार्वजनिक डोमेन में हैं या लाइसेंस के तहत प्रकाशित किए गए हैं जो उनके अप्रतिबंधित उपयोग, बिना लागत के उपयोग और दूसरों द्वारा पुनर्वितरण की अनुमति देता है,प्रो नौशाद ने बताया कि ओईआर की परेशानी मुक्त पहुंच डिजिटल विभाजन को समाप्त कर रही है और महामारी फैलने के बाद से इसका महत्व नई ऊंचाइयों पर पहुंच गया है।उन्होंने सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में ओईआर के उपयोग की अनुमति देने का आह्वान किया और इस बात पर जोर दिया कि इस तरह के कदम से एक सूचित और समावेशी ज्ञान समाज के निर्माण में मदद मिलेगी।प्रोफेसर नौशाद ने कहा कि ओईआर के व्यापक कार्यान्वयन से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कम असमानता और उपयोगी भागीदारी के लिए सतत विकास लक्ष्यों के संयुक्त राष्ट्र 2030 के एजेंडे को हासिल करने में भी मदद मिलेगी।
✒️ *एएमयू के प्रोफेसर मोहम्मद मोबिन अवेयरनेस एवार्ड से सम्मानित*
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के एप्लाइड रसायन विज्ञान विभाग के प्रोफेसर मोहम्मद मोबिन को जंग विज्ञान और प्रौद्योगिकी में उनके अमूल्य योगदान के लिए ‘अनुसंधान और शिक्षा में सराहनीय योगदान’ के तहत एसोसिएशन फॉर मैटेरियल्स प्रोटेक्शन एंड परफॉर्मेंस (एएमपीपी) इंडिया चौप्टर करप्शन अवेयरनेस अवार्ड 2022 से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार उन्हें उदयपुर में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन और एक्सपो ‘कॉर्कॉन 2022’, एशिया के सबसे बड़े सम्मेलन और जंग पर आयोजित प्रदर्शनी के दौरान प्रदान किया गया। इस पुरस्कार में 51 हजार रुपये और प्रशस्ति, प्रमाण पत्र दिया जाता है।प्रो. मोबिन ने मुख्य व्याख्यान भी दिया और ‘समुद्री जंग और अपतटीय’ पर संगोष्ठी में एक तकनीकी सत्र की अध्यक्षता की,प्रोफेसर मोहम्मद मोबिन की देखरेख में काम कर रही एक पीएचडी छात्रा श्रीमती फरीना अंसार ने भी ‘यंग स्टूडेंट साइंटिस्ट फोरम’ के तहत संगोष्ठी में सर्वश्रेष्ठ पेपर का पुरस्कार जीता। वह एएमयू के पांच विद्वानों के समूह का हिस्सा थीं, जिनमें दो पोस्ट-डॉक्टरल छात्र डॉ. समन जेहरा और डॉ रूबी असलम और तीन पीएचडी छात्र इरफान अहमद, सुश्री हुडा और खुद शामिल थे, जिन्होंने संगोष्ठी में पत्र प्रस्तुत किए।प्रो. मोहम्मद मोबिन ने 172 शोध पत्र लिखे हैं, 29 पुस्तक अध्यायों का योगदान दिया है और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के तहत दो परियोजनाओं सहित 39 शोध परियोजनाओं को पूरा किया है।
✒️ *एएमयू के अंग्रेजी विभाग में चर्चा समूह का उद्घाटन*
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग में एक चर्चा समूह का गठन किया गया है जिसका उद्घाटन सत्र 29 सितंबर को विभाग में आयोजित एक कार्यक्रम में किया गया।अंग्रेजी विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर मोहम्मद आसिम सिद्दीकी ने अपने अध्यक्षीय भाषण में चर्चा समूह के इतिहास पर प्रकाश डाला और कहा कि यह एक ऐतिहासिक दिन है क्योंकि यह वर्तमान विद्वानों को चर्चा समूह में भाग लेने वाले पूर्व विद्वानों से जोड़ता है।प्रोफेसर आयशा मुनीरा रशीद, समन्वयक, डिस्कशन ग्रुप ने छात्रों को इस तरह के अकादमिक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया ताकि उनके अंदर आलोचनात्मक रूप से सोचने और अकादमिक लेखन के कौशल को सुधारने की क्षमता विकसित हो।कार्यक्रम का संचालन सुश्री हुमा खान और साजिद द्वारा किया गया।सुश्री इरम सिद्दीकी ने एक पेपर प्रस्तुत किया, जिसका शीर्षक था, ‘फ्लोरल वुंड्स एंड अनकेनी नेचुरल मेटाफर्स ऑफ़ वॉर कसुअलटीज़ इन क्रिस्टी लेफ्टेरीज अ वाटरमैलन, अ फिश एंड अ बाइबिल’ और सुश्री मरियम ने एक पेपर प्रस्तुत किया, जिसका शीर्षक था, ‘अस्सेस्सिन्ग द रोल ऑफ़ कोड स्विचिंग एंड कोड मिक्सिंग इन ईएसएल क्लासेजः ए केस स्टडी ऑफ़ सिलेक्टेड स्कूल्स ऑफ़ अलीगढ मुस्लिम यूनिवर्सिटी’।प्रोफेसर समीना खान ने अकादमिक चर्चा के आयोजन और इसमें भाग लेने के लिए छात्रों को बधाई दी।पेपर प्रस्तुत करने वालों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। सुश्री ज़िकरा मीर, रिसर्च स्कॉलर ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
✒️ *सम्पूर्ण समाधान दिवस के लिये 03 माह का रोस्टर जारी*
प्रदेश सरकार के दिशा निर्देशों के क्रम में माह के प्रथम व तृतीय शनिवार को आयोजित होने वाले संपूर्ण समाधान दिवस का रोस्टर अपर जिलाधिकारी प्रशासन डीपी पाल द्वारा जारी किया गया है। जारी रोस्टर के अनुसार 01 अक्टूबर को जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह द्वारा तहसील अतरौली में जन समस्याओं का निराकरण कराया जाएगा। इसी प्रकार डीएम द्वारा 15 अक्टूबर को तहसील खैर में, 05 नवम्बर को तहसील कोल में, 19 नवंबर को तहसील इगलास में, 03 दिसंबर को तहसील गभाना में और 17 दिसंबर को तहसील कोल में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता की जाएगी।
✒️ *आत्म निर्भर भारत अभियान के तहत दिया जाएगा 100 दिवसीय प्रशिक्षण*
आत्म निर्भर भारत अभियान के अन्तर्गत बेरोजगार महिला एवं पुरुषों को स्वावलम्बी बनाने के लिये राजकीय फल संरक्षण केन्द्र पर 100 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण का शुभारम्भ उपनिदेशक उद्यान मुकेश कुमार एवं रामवीर सिंह प्रधानाचार्य राजकीय खाद्य विज्ञान प्रशिक्षण केन्द्र आगरा द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व द्वीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। प्रशिक्षण में 30 महिला एवं पुरुषों ने भाग लिया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि मुकेश कुमार उपनिदेश एवं रामवीर सिंह द्वारा पशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण सामग्री वितरित की गयी। रामवीर सिंह प्रधानाचार्य द्वारा बताया गया कि खाद्य पदार्थों को गुणवत्तायुक्त एवं मानक के अनुरूप बाजार में उतारें और अपना खाद्य प्रसंस्करण का व्यवसाय शुरू कर आत्म निर्भर बनें । मुख्य अतिथि मुकेश कुमार उपनिर्देश उद्यान, अलीगढ़ द्वारा अपने सम्बोधन में बताया गया कि खा़द्य प्रसंस्करण की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर अपने कुटीर एवं लघु उद्योग स्थापित करें। सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं में अनुदान प्राप्त कर लाभ उठायें तथा किसान की आमंदनी बढाने में सहायक बने।कार्यक्रम का संचालन एवं अतिथियों का स्वागत केन्द्र प्रभारी बलवीर सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जितेन्द्र सिंह एवं जबर सिंह का सराहनीय सहयोग रहा।
✒️ *दो अक्टूबर को लगसमा में किसान महापंचायत*
अलीगढ़ के पूर्व सांसद व सपा नेता चौधरी बिजेंद्र सिंह ने कहा कि दो अक्टूबर को गोंडा ब्लाक के लगसमा क्षेत्र के भ्यामिल खेड़ा गांव में किसान महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। दलगत राजनीति से ऊपर उठकर किसान, मजदूर व युवा भारी संख्या में अवश्य पहुंचें। कहा कि इस किसान पंचायत के मुख्य अतिथि राज्यपाल व पूर्व मंत्री सतपाल मलिक होंगे। उनके शब्द निश्चित रूप से किसान, मजदूरों के साथ लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करेगा। कहा कि इस भूमि के लाल हमेशा ही किसान आंदोलन और किसानों के लिए संघर्ष के मुद्दों पर सर्वसमाज की ताकत लेकर भाग लेते आ रहे हैं। यही नहीं किसान विरोधी भूमि अधिग्रहण कानून को हटाने में भट्टा परसौल, और जिकरपुर पर अहम भूमिका निभाई थी।

More Stories
यूपी विद्युत नियामक आयोग ने 8 मई को बुलाई बड़ी बैठक –
यूपी में 4 मई को होने वाले निकाय चुनाव के मतदान से पहले भारत-नेपाल की सीमा को किया जाएगा सील-
एक अधिशासी अभियंता निलंबित, पांच-पांच अधिशासी अभियंता व सहायक अभियंता हटाए-